Good Morning India: इबोला वायरस को लेकर हाई अलर्ट, सभी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सुरक्षा सख्त! नीट यूजी री-एग्जाम की तैयारी, पहली बार सशस्त्र बलों की मदद लेगी केंद्र सरकार! आंधी-तूफान का कहर, यूपी में 5 लोगों की मौत! उत्तराखण्ड के ऋषिकेश में बड़ा हादसा
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, गृह मंत्री अमित शाह के गुजरात दौरे का आज दूसरा दिन है। वहीं आज आईपीएम में राजस्थान और गुजरात के बीच दूसरा क्वालिफायर मुकाबला खेला जाएगा।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक दुःखद खबर सामने आई है, यहां एक पुल निर्माण के दौरान दर्दनाक घटना घटी है। जानकारी के अनुसार, तेज आंधी तूफान के कारण सटरिंग के साथ स्लैब और पुल की कोठी गिर गई। ऐसे में नीचे काम कर रहे 5 लोगों की मौत हो गई है। इस हादसे में अन्य कई लोगों की नीचे दबकर मरने की आशंका जताई जा रही है। ये पूरी घटना कुरारा थाना क्षेत्र के निर्माणाधीन कंडौर मोराकांदर पुल की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार को उत्तर प्रदेश के हमीरपुर समेत कई जिले में तेज आंधी-तूफान देखने को मिला था। ऐसे में तूफान के दौरान बेतवा नदी पर बन रहे एक पुल का हिस्सा गिर गया। अब तक इस घटना में 5 लोगों की मौत होने की खबर सामने आ गई है। वहीं, कई लोग घायल भी बताए जा रहे हैं। घटना के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। रेस्क्यू टीम पुल का मलबा हटाने में जुटी हुई है। SDRF की टीम भी मौके पर पहुंची हुई है। घटनास्थल पर एसडीएम सीओ सहित कई थानों की फोर्स मौजूद है।
इधर नीट यूजी परीक्षा में पेपर लीक और धांधली के आरोपों के बाद रद हुई परीक्षा को दोबारा सुरक्षित तरीके से आयोजित कराने के लिए केंद्र सरकार एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। आगामी 21 जून को होने वाले NEET-UG री-एग्जाम के सुरक्षित और त्रुटिहीन संचालन के लिए सरकार भारतीय सशस्त्र बलों (सेना और वायुसेना) की मदद लेने पर विचार कर रही है। देश के किसी भी राष्ट्रीय प्रवेश परीक्षा के इतिहास में यह पहली बार होगा जब सैन्य बलों को इसके लॉजिस्टिक्स से जोड़ा जाएगा। इस संबंध में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के आवास पर गुरुवार को एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, कई वरिष्ठ मंत्री और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) व शिक्षा मंत्रालय के शीर्ष अधिकारी शामिल हुए। बैठक के दौरान प्रश्नपत्र तैयार करने, उनकी छपाई, परिवहन, सुरक्षा और परीक्षा केंद्रों तक सुरक्षित रूप से पहुंचाने की पूरी श्रृंखला की समीक्षा की गई।
उधर वैश्विक स्तर पर इबोला के बढ़ते खतरों को देखते हुए एयरपोर्ट हेल्थ आर्गेनाइजेशन (एपीएचओ) ने देश के सभी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था को बेहद कड़ा कर दिया है। एपीएचओ के अनुसार अब विदेश से आने वाले सभी यात्रियों की गहन चिकित्सा जांच की जा रही है। पहले जहां यह जांच केवल अफ्रीका या प्रभावित देशों से आने वाले यात्रियों तक सीमित थी, वहीं अब नियमों में बदलाव करते हुए इसे सभी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए अनिवार्य कर दिया गया है। अब दुनिया के किसी भी कोने से भारत पहुंचने वाले हर यात्री को इस सख्त सुरक्षा घेरे से गुजरना होगा। नए प्रोटोकाल के तहत, अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से उतरने वाले सभी यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही है, जो शरीर के तापमान (बुखार) को स्वचालित रूप से मापती है। इसके साथ ही, हर यात्री के लिए एक सेल्फ-डिक्लेरेशन फार्म भरना अनिवार्य कर दिया गया है।
इधर पश्चिम एशिया में स्थिति एक बार फिर बेहद संवेदनशील हो गई है। होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरानी सुरक्षा बलों ने समन्वय की कमी का हवाला देते हुए चार अज्ञात जहाजों पर चेतावनी मिसाइलें दागी हैं। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब हालिया सैन्य हमलों के कारण अमेरिका और ईरान के बीच तनाव चरम पर है। ईरानी राज्य प्रसारक आईआरआईबी की रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना स्थानीय समयानुसार रात करीब 12:35 बजे हुई। चार अज्ञात जहाजों ने ईरानी सुरक्षा बलों को सूचित किए बिना फारस की खाड़ी में प्रवेश करने का प्रयास किया। जब इन जहाजों ने चेतावनी को नजरअंदाज कर दिया, तो ईरानी बलों ने उन पर चेतावनी शॉट दागे, जिसके बाद जहाजों को वापस लौटने पर मजबूर होना पड़ा। ईरान समर्थक मीडिया का दावा है कि इन जहाजों ने तय समुद्री प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया था। फिलहाल इन जहाजों की पहचान और उनकी मंजिल का खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन कुछ रिपोर्ट्स में इनके संबंध अमेरिका से होने का दावा किया गया है।
उधर कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया का इस्तीफा मंजूर कर लिया गया है। कल शाम को बेंगलुरू लौटने के बाद राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने सिद्धारमैया का इस्तीफा मंजूर कर लिया। सूत्रों के मुताबिक 1 जून या 3 जून को DK शिवकुमार का शपथ ग्रहण होगा। बता दें कि इस्तीफा देने के बाद सिद्धारमैया ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि अभी मैं राज्यपाल भवन गया था। मैंने अपना इस्तीफा सौंप दिया है। राज्यपाल अभी शहर में नहीं है। हमें बताया कि वो बेंगलुरु में नहीं है, इसलिए मेरा इस्तीफे को उनके सचिव को हैंडओवर कर दिया गया है। मैं कई बार ये बात बोल चुका हूं जब भी मुझे हाईकमान इस्तीफा देने के लिए कहेंगे तो मैं उनकी बात मानूंगा। कल हाईकमान ने मुझे इस्तीफा देने के लिए कहा था। इसलिए मैंने आज इस्तीफा दे दिया है।
इधर भीषण गर्मी से अब राहत मिलने की उम्मीद है। क्योंकि मौसम विभाग (IMD) ने अगले 24 घंटे के अंदर 16 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। झमाझम बारिश के बाद अलग-अलग राज्यों में 2 से लेकर 6 डिग्री सेल्सियस तक तापमान में कमी होने की संभावना है। हालांकि, इस दौरान मौसम विभाग ने आंधी और तूफान को लेकर भी अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के मुताबिक हवा की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसलिए लोगों से सावधानी बरतने की अपील गई है। घर से निकलते समय ध्यान रखने को कहा गया है। मानसून भी अगले कुछ दिनों में देश के अलग-अलग राज्यों को अपनी गिरफ्त में ले सकता है। इस दौरान दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, झारखंड, जम्मू-कश्मीर, तमिलनाडु, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, केरल, कर्नाटक में आंधी-तूफान बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, ऋषिकेश से एक दुखद खबर सामने आई है, यहां ब्रह्मानंद मोड़ के पास डंपर के दुर्घटनाग्रस्त होने से चालक और सड़क के नीचे झोपड़ी में रहने वाली महिला की मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लिए हैं। दुर्घटना के दौरान डंपर सड़क से लगभग 20 मीटर नीचे खेत में जा गिरा। सड़क पर लगे दो कंक्रीट डिवाइडर भी टूटकर सड़क के बांयी ओर स्थित एक झोपड़ी पर जा गिरे। झोपड़ी में रह रही महिला डिवाइडरों की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं चालक की भी वाहन के नीचे दबने से जान चली गई। घटना की सूचना पर मुनिकीरती पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ जवानों ने भारी कंक्रीट डिवाइडरों के नीचे दबी महिला के शव को बाहर निकाला।
इधर पूर्व क्रिकेटर और राजनेता नवजोत सिंह सिद्धू इन दिनों उत्तराखंड के दौरे पर हैं। अपनी धार्मिक यात्रा के दौरान नवजोत सिंह सिद्धू हरिद्वार पहुंचे, जहां उन्होंने हरिद्वार की अधिष्ठात्री देवी माया देवी के मंदिर में जाकर विशेष पूजा अर्चना की। नवजोत सिंह सिद्धू के मंदिर में आने पर जूना अखाड़ा के संतों ने उनका स्वागत किया। माया देवी मंदिर में पुजारी ने उनकी विशेष पूजा अर्चना कराई। नवजोत सिंह सिद्धू ने भी साधु संतों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान मंदिर परिसर में मौजूद अन्य लोग भी नवजोत सिंह सिद्धू को देखकर खुश नजर आए। माया देवी मंदिर में पूजा अर्चना के दौरान नवजोत सिंह सिद्धू ने मंदिर परिसर में स्थित भैरव मंदिर में भी माथा टेका और शाम को होने वाली भैरव आरती में भी भाग लिया। इस दौरान जूना अखाड़ा के संतों और मंदिर से जुड़े पुजारियों ने उन्हें दोनों मंदिर की ऐतिहासिक और धार्मिक विशेषताओं की जानकारी दी। संतों ने बताया कि माया देवी मंदिर हरिद्वार के प्राचीन सिद्धपीठों में शामिल है।
उधर कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे की तैयारियों को लेकर बैठकों को दौर जारी है। इसी कड़ी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने जहां पार्टी मुख्यालय में पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सेवानिवृत कर्नल रामरतन नेगी समेत अन्य नेताओं के साथ लंबी बैठक की, तो वहीं शाम को राहुल गांधी के कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने जिलाध्यक्षों और महानगरों अध्यक्षों की वर्चुअली बैठक ली। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के सभी विधायकों के साथ जूम बैठक के माध्यम से जुड़ीं। दोनों बैठकों का उद्देश्य ये था कि राहुल गांधी के 4 और 5 जून के दौरे को किस तरह से सफल बनाया जाए। दोनों बैठकों में उनके अल्मोड़ा, पौड़ी और देहरादून दौरे को लेकर कुमारी शैलजा ने पार्टी नेताओं के साथ विस्तृत रूप से चर्चा की।