Good Morning India: सुबह-सुबह भूकंप के झटकों से डोली दो राज्यों की धरती! लालकिला धमाके में एक और बड़ा खुलासा! डिजिटल अरेस्ट मामला, CM योगी ने दिया बड़ा संदेश! भारत बना दुनिया का सबसे बड़ा चावल उत्पादक, चीन को छोड़ा पीछे! अंकिता भंडारी हत्याकांड, 11 को उत्तराखंड बंद का एलान

Good Morning India: Early morning earthquake shook the land of two states! Another big revelation in Red Fort blast! Digital arrest case, CM Yogi gave a big message! India becomes the world's largest

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। दिल्ली विधानसभा के शीतकालीन सत्र की आज होगी शुरुआत, 8 जनवरी तक चलेगा सेशन। वहीं दिल्ली दंगा मामले में आरोपियों की जमानत याचिकाओं पर आज फैसला सुनाएगा सुप्रीम कोर्ट।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, अमेरिका की तरफ से वेनेजुएला पर किए गए हमले के बाद अब पहली बार जानमाल के नुकसान का आंकड़ा सामने आया है। द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, वेनेजुएला के एक वरिष्ठ अधिकारी ने दावा किया है कि शनिवार तड़के हुए अमेरिकी हमले में कम से कम 40 लोगों की मौत हुई है। मरने वालों में सैन्यकर्मी और आम नागरिक दोनों शामिल हैं। अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर यह जानकारी दी। रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका ने वेनेजुएला पर बड़े पैमाने पर सैन्य हमला किया। इस कार्रवाई के दौरान राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को राजधानी काराकास से पकड़ लिया गया और देश से बाहर ले जाया गया। इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक न्यूज चैनल से बातचीत में कहा था कि इस ऑपरेशन में अमेरिका की तरफ कोई मौत नहीं हुई, सिर्फ कुछ सैनिक घायल हुए। ट्रंप ने इसे बेहद जटिल लेकिन सफल ऑपरेशन बताया और अमेरिकी सेना की जमकर तारीफ की।

इधर दिल्ली के लाल किले के पास हुए विस्फोट मामले की जांच में सुरक्षा एजेंसियों ने एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि तथाकथित 'व्हाइट-कॉलर' आतंकी मॉड्यूल से जुड़े आरोपी, जिनमें उच्च शिक्षित डॉक्टर भी शामिल थे, पाकिस्तान में बैठे हैंडलरों से संपर्क बनाए रखने के लिए 'घोस्ट सिम कार्ड' और एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग एप्स का इस्तेमाल कर रहे थे। जांच अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार डॉक्टरों-मुजम्मिल गनई, आदिल राथर सहित अन्य ने सुरक्षा एजेंसियों से बचने के लिए एक सुनियोजित 'डुअल-फोन प्रोटोकॉल' अपनाया था। हर आरोपी के पास दो से तीन मोबाइल फोन होते थे। एक 'क्लीन फोन' उनके नाम से रजिस्टर्ड होता था, जिसका इस्तेमाल रोजमर्रा और पेशेवर कामों के लिए किया जाता था, जबकि दूसरा फोन सिर्फ आतंकी गतिविधियों और पाकिस्तान स्थित हैंडलरों से बातचीत के लिए इस्तेमाल होता था।

उधर उत्तर भारत में अब गलन वाली ठंड पड़नी शुरू हो गई है। कश्मीर समेत पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र की चोटियों पर बर्फबारी के बाद पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं ने मैदानी राज्यों में ठिठुरन बढ़ा दी है। कई इलाकों में नदी-नाले और जलस्रोत जम गए हैं। उत्तर से पूर्वोत्तर और पश्चिम से पूर्वी राज्यों तक कोहरे का कहर भी बना हुआ है। इस तरह मौसम की मार से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। रेल से लेकर प्लेन के सफर पर असर पड़ा है। अगले चार-पांच दिन मौसम के ऐसे ही बने रहने की संभावना है और कुछ जगहों पर शीतलहर भी चल भी सकती है। उत्तराखंड के ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों, खासकर गंगोत्री, बद्रीनाथ, केदारनाथ और पिथौरागढ़ जैसे क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड और पाले के कारण नदियां, नाले और झरने जम गए हैं। इससे तापमान शून्य से 11-12 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया है। केदारनाथ धाम की चोटियां बर्फ की सफेद चादर से ढक गई हैं। पाले की कई इंच मोटी परत के बीच भागीरथी नदी में बहुत कम पानी बह रहा है। केदार गंगा, ऋषिकुर नाला, पागल नाला, चीड़बासा नाला भी पूरी तरह जम चुके हैं। 

इधर दक्षिणी नेपाल में भारतीय सीमा के नजदीक दो कस्बों में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक धार्मिक सामग्री प्रसारित किए जाने के बाद मस्जिद में तोड़फोड़ की गई। इसके विरोध में प्रदर्शन कर रहे लोग हिंसक हो गए। प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों पर पथराव व थाने में तोड़फोड़ की, जिसके बाद पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े। हिंसा में सात पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। भारत के रक्सौल से सटे परसा जिले के बीरगंज कस्बे में शनिवार को धनुषा जिले की एक मस्जिद में तोड़फोड़ के विरोध में प्रदर्शन हुए। धनुषा पुलिस ने बताया कि टिकटॉक वीडियो पोस्ट करने व तोड़फोड़ में शामिल होने के आरोप में तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने बताया कि दो युवकों ने सोशल मीडिया पर हिंदू विरोधी सामग्री प्रसारित की थी। इसके विरोध के दौरान धनुषा जिले के कमला नगरपालिका के सखुवा मारन इलाके में कुछ लोगों ने मस्जिद में तोड़फोड़ की। घटनाओं के विरोध में लोगों ने रविवार सुबह बीरगंज में टायर जलाकर प्रदर्शन किया।

उधर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने आधिकारिक X हैंडल से ट्वीट कर के कहा- "मेरे सम्मानित प्रदेशवासियों, मोबाइल और कंप्यूटर ने हमारे जीवन को अधिक सुगम और सुविधाजनक बनाया है, परंतु इसके साथ ही साइबर अपराध की चुनौतियां भी बढ़ी है। आपकी सरकार इसकी रोकथाम के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। 2017 से पूर्व प्रदेश में केवल 2 साइबर क्राइम थाने थे। आज सभी 75 जनपदों में साइबर क्राइम भाने क्रियाशील हैं। साथ ही सभी जनपदीय थानों में साइबर हेल्प डेस्क बनाई गई है। साइबर ठगों के विरुद्ध सतर्कता और जागरूकता ही सबसे बड़े शस्त्र हैं। यह अपराधी 'डिजिटल अरेस्ट' जैसे झूठे और भ्रामक शब्दों का प्रयोग कर निर्दोष नागरिकों को डराते-धमकाते हैं और उनसे पैसे वसूलते हैं। देश के किसी भी कानून में 'डिजिटल अरेस्ट' जैसी कोई व्यवस्था नहीं है। पुलिस या अन्य कोई सरकारी एजेंसी वीडियो कॉल, वॉट्सऐप, या सोशल मीडिया के माध्यम से किसी व्यक्ति को गिरफ्तार नहीं करती और न ही पैसे की मांग करती है।

इधर चीन को पीछे छोड़ भारत अब दुनिया का सबसे बड़ा चावल उत्पादक बन गया है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को ये जानकारी दी। शिवराज सिंह चौहान ने आज 25 फसलों की 184 नई किस्में जारी करते हुए बताया कि भारत 15.18 करोड़ टन के कुल उत्पादन के साथ चीन को पछाड़कर दुनिया का सबसे बड़ा चावल उत्पादक बन गया है। मंत्री ने कहा कि इन नई उच्च उपज वाली बीज किस्मों से फसल उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा और किसानों की आय में वृद्धि होगी। उन्होंने मंत्रालय के अधिकारियों को ये सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि ये नई किस्में किसानों तक जल्दी पहुंचें। 

उधर भारत समेत पूरी दुनिया में बीते कुछ समय से भूकंप की घटनाओं में तेज बढ़ोतरी देखने को मिली है। कई देशों में भूकंप इतने भीषण थे कि इसकी वजह से हजारों लोगों की मौत भी हुई है। इस कारण भूकंप को लेकर लोगों के भीतर खौफ बढ़ता चला जा रहा है। इस बीच अब भारत के भी दो राज्यों में सोमवार को तड़के तेज भूकंप के झटके लगे हैं। जानकारी के मुताबिक, ये भूकंप पूर्वोत्तर भारत के राज्य असम और त्रिपुरा में आए हैं।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच और सोशल मीडिया पर नाम सार्वजनिक हुए वीआईपी नेताओं पर कार्रवाई की मांग के लिए रविवार को जनसैलाब दून की सड़कों पर उतर आया। विभिन्न सामाजिक संगठन और विपक्षी राजनीतिक दलों ने मुख्यमंत्री आवास कूच किया। हालांकि पहले से तैनात भारी पुलिस बल ने प्रदर्शनकारियों को हाथीबड़कला पर बैरिकेडिंग लगा रोक दिया। प्रदर्शन के दौरान उत्तराखंड मूल निवास भू-कानून संघर्ष समिति के मोहित डिमरी ने एलान करते हुए कहा, 11 जनवरी को उत्तराखंड बंद रहेगा। इसके लिए सभी व्यापार संगठन, सामाजिक संगठनों से वार्ता की जाएगी। वहीं उन्होंने सरकार को सप्ताहभर का समय देते हुए कहा, वीआईपी को जांच के दायरे में लाया जाए और सभी वीआईपी के नाम सार्वजनिक करें, जिन पर भी आरोप लगे हैं। वहीं, उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच के प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप कुकरेती ने कहा, सरकार को जल्द सीबीआई जांच की संस्तुति करनी चाहिए।

इधर देशभर के 12 अलग-अलग राज्यों में 22 लोगों से 2.44 लाख रूपये की साइबर ठगी करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि यह सभी रकम एसबीआई की सितारगंज शाखा में खोले गए फर्जी खाते में जमा की जाती थी। वहीं, मामले में पुलिस ने खाता संचालक सहित छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। 

उधर उत्तराखंड में भी सीबीआई आईटी एक्ट के मामलों की जांच कर सकेगी। यह कदम सर्वोच्च न्यायालय के उस आदेश के बाद उठाया गया है जिसमें न्यायालय ने डिजिटल गिरफ्तारी के मामलों की जांच सीबीआई से कराने के आदेश दिए थे।गृह विभाग ने गत 16 दिसंबर को अधिसूचना जारी करते हुए इन मामलों के लिए सीबीआई का अधिकार क्षेत्र पूरे उत्तराखंड के लिए कर दिया है। डिजिटल गिरफ्तारी का डर दिखाकर देश में नित करोड़ों रुपये लोगों से ठगे जा रहे हैं। दिसंबर की शुरुआत में सर्वोच्च न्यायालय ने इन मामलों को गंभीर बताया था। साथ ही आशंका जताई थी कि इन मामलों में कुछ बैंक अधिकारियों की भूमिका भी हो सकती है। ऐसे में सीबीआई को राज्यों में होने वाले इन अपराधों की जांच करने के आदेश दिए थे। साथ ही कहा था कि सीबीआई भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत बैंकों की भूमिका की भी जांच करेगी। 

इधर 14 जनवरी को मकर संक्रांति पर सुबह साढ़े पांच बजे आदिबदरी मंदिर के कपाट श्रद्वालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। कपाट उद्घाटन पर 14 से 20 जनवरी तक महाभिषेक समारोह का आयोजन किया जाएगा। मंदिर समिति की बैठक में मंदिर के मुख्य पुजारी चक्रधर थपलियाल ने कपाट उद्घाटन के शुभ मुहूर्त की घोषणा की। रविवार को मंदिर परिसर में मंदिर समिति के अध्यक्ष जगदीश बहुगुणा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सप्ताहभर आयोजित होने वाले अनुष्ठान, धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि 14 जनवरी से गढ़वाल राइफल्स कीर्तन मंडप में श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। साथ ही क्षेत्र की महिला मंगल दलों द्वारा धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।