Good Morning India: एपस्टीन की मौत को लेकर डॉक्टर का बड़ा खुलासा! आठ लोगों का कातिल निकला दिल्ली का तांत्रिक कमरुद्दीन, जिन्न का डर दिखाकर किए घिनौने काम! नेशनल हाइवे पर उतरेगा पीएम मोदी का विमान, IAF दिखाएगी अपना पराक्रम
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज कराईकल, पुदुचेरी का करेंगे दौरा। वहीं प्रधानमंत्री मोदी आज असम में राष्ट्रीय राजमार्ग पर उत्तर-पूर्व का पहला हवाई पट्टी का उद्घाटन करेंगे।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, दिल्ली के पश्चिम विहार ईस्ट थाना क्षेत्र स्थित पीरागढ़ी थाना क्षेत्र में कार में तीन शव मिलने के मामले में हर दिन चौंकाने वाले तथ्य सामने आ रहे हैं। झाड़-फूंक करने वाले हत्यारोपी कमरुद्दीन से पूछताछ में पुलिस को पता चला है कि उसने यूपी, हरियाणा, दिल्ली सहित कई राज्यों में जिन्न का दर दिखाकर महिलाओं के साथ शारीरिक संबंध भी बनाए हैं। वह धनवर्षा के लिए जिन्न से मिलाने के नाम परिवार की महिला को कमरे में अकेले लेकर जाता था। वहीं जांच में यह भी पता चला है कि झाड़ फूंक के झांसे में आने वाले आठ लोगों की वह अब तक हत्या कर चुका है।
इधर यौन तस्करी के आरोपी और एपस्टीन फाइल्स के खुलासे के बाद बदनाम वित्तीय व्यवसायी जेफरी एपस्टीन 2019 में न्यूयॉर्क की एक जेल कोठरी में मृत पाया गया था। उसकी मौत को आत्महत्या बताया गया था लेकिन वर्षों बाद भी, उसकी आत्महत्या के फैसले पर संदेह बना हुआ है। अब डॉ. माइकल बैडेन, जिन्होंने एपस्टीन के परिवार की ओर से उसके शव के पोस्टमार्टम का अवलोकन किया था, ने एपस्टीन के आत्महत्या के आधिकारिक फैसले पर अपने संदेह को दोहराया है। द टेलीग्राफ को दिए एक साक्षात्कार में, बैडेन ने कहा, "मेरी राय में उनकी मौत फांसी से नहीं बल्कि गला घोंटने से हुई होगी। अब तक उपलब्ध सभी जानकारियों को देखते हुए, मौत के कारण और तरीके की आगे की जांच जरूरी है।"
उधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज असम को कई बड़ी सौगात देंगे। डिब्रूगढ़ के नेशनल हाईवे पर नॉर्थईस्ट की पहली इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी का उद्घाटन करेंगे। पीएम मोदी खुद भी इस हाईवे पर विमान से उतरेंगे। एक पुल के उद्घाटन के साथ 5 हजार 450 करोड़ रुपये से अधिक के प्रोजेक्ट्स का भी पीएम मोदी शुभारंभ करने वाले हैं। मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ले जाने वाला भारतीय वायु सेना (IAF) का सी-130 विमान शनिवार को असम के डिब्रूगढ़ जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-37 (NH-37) के एक हिस्से पर स्थित मोरान आपातकालीन लैंडिंग सुविधा (ELF) पर उतरेगा।
इधर भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए 'सुरक्षा कवच' माने जाने वाले विदेशी मुद्रा भंडार में पिछले हफ्ते की ऐतिहासिक तेजी के बाद अब गिरावट दर्ज की गई है। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) द्वारा शुक्रवार को जारी नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, 6 फरवरी को समाप्त सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 6.711 बिलियन डॉलर घटकर 717.064 बिलियन डॉलर रह गया है। यह गिरावट इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि इसके ठीक पिछले सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार ने 14.361 बिलियन डॉलर की भारी छलांग लगाई थी और यह 723.774 बिलियन डॉलर के अपने सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था। ताजा आंकड़ों में आई यह गिरावट मुख्य रूप से सोने के भंडार (गोल्ड रिजर्व) के मूल्य में आई भारी कमी के कारण है, जबकि विदेशी मुद्रा संपत्तियों में बढ़ोतरी देखी गई है।
उधर यूजीसी एक्ट के विरोध में इस्तीफा देने वाले बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट व निलंबित पीसीएस अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री ने राजनीतिक पार्टी बनाने का ऐलान कर दिया है। शुक्रवार को वृंदावन पहुंचे अलंकार अग्निहोत्री का ब्राह्मण सेवा संघ ने स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सनातनी संस्कृति के नाम से वह पार्टी बनाएंगे। उन्होंने कहा कि वह उच्च वर्ग और सनातनियों की बात रखने के लिए राजनीतिक पार्टी बनाने के साथ ही चुनाव भी लड़ेंगे। इसके अलावा अगर किसी दल से गठबंधन करना पड़ा तो वह भी करेंगे। अलंकार अग्निहोत्री ने यह बात गोधूलि पुरम में स्थित श्री हरिदास धाम में आयोजित यूजीसी एवं एससी एसटी के विरोध में आयोजित बैठक से पहले पत्रकार वार्ता के दौरान कही। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्हें श्री बांके बिहारी महाराज के दर्शन करने के दौरान पार्टी बनाने का विचार आया। इसलिए उन्हीं की पावन धरा से पार्टी बनाने का वह एलान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि धर्म स्थलों एवं मंदिरों का संरक्षण का कार्य सरकार का नहीं हमारा कर्तव्य है। वह अयोध्या हारे.. अब काशी और मथुरा में भी हारेंगे। अलंकार अग्निहोत्री ने सरकार पर सनातन विरोधी होने का आरोप लगाते हुए श्री बांके बिहारी मंदिर कॉरिडोर, यूजीसी के नए नियमों और एससी-एसटी एक्ट के दुरुपयोग को मुख्य मुद्दा बनाया है। उनका तर्क है कि कॉरिडोर के नाम पर प्राचीन संस्कृति को नष्ट किया जा रहा है और उच्च वर्ग व सनातनियों की समस्याओं को सुनने वाला कोई नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह अब समाज को एक नया राजनीतिक विकल्प देने की तैयारी कर रहे हैं।
इधर आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 7 फरवरी को हुआ था, जिसके बाद अब तक कुल 21 मुकाबले खेले जा चुके हैं, लेकिन किसी भी टीम ने सुपर-8 के लिए आधिकारिक तौर पर अपनी जगह को पक्का नहीं किया है। 13 फरवरी को टूर्नामेंट में तीन मुकाबले खेले गए, जिसमें दिन का पहला मैच काफी रोमांचक रहा जो श्रीलंका में खेला गया था। ग्रुप-बी के इस मैच में ऑस्ट्रेलिया और जिम्बाब्वे की टीम आमने-सामने थी और इस मुकाबले को जिम्बाब्वे की टीम ने अपने नाम करने के साथ ग्रुप-बी की प्वाइंट्स टेबल को काफी रोमांचक बना दिया, जिसमें शामिल हर टीम के लिए उनके बचे बाकी सभी मुकाबले काफी अहम हो गए हैं।
उधर भारतीय टीम जो टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप-ए का हिस्सा है वह अभी 2 मैचों में दो जीत हासिल करते हुए चार अंकों के साथ टॉप पर बनी हुई है, जिसमें टीम इंडिया का नेट रनरेट 3.050 का है। वहीं इसके बाद दूसरे नंबर पर पाकिस्तानी टीम है जिन्होंने भी अपने शुरुआती दोनों मैचों में जीत हासिल की है और उनके कुल चार अंक हैं, लेकिन नेट रनरेट 0.932 का है, जिसके चलते वह टीम इंडिया से नीचे हैं। यूएसए की टीम ने नीदरलैंड्स के खिलाफ 13 फरवरी को हुए मुकाबले में 93 रनों से जीत हासिल करते हुए प्वाइंट्स टेबल में लंबी छलांग लगाई है और वह तीन मैचों में 2 अंकों के साथ तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं, जिसमें उनका नेट रनरेट 0.533 का है। इस ग्रुप में चौथे नंबर पर अब नीदरलैंड्स की टीम है जिनके भी तीन मैचों में 2 अंक हैं, वहीं अंतिम पायदान पर नामीबिया की टीम है जो 2 मैच खेल चुकी है और दोनों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, नैनीताल जिले के लालकुआं कोतवाली क्षेत्र स्थित नेशनल हाईवे पर खनन सामग्री लाद कर ले जा रहे ट्रक ने खूब तांडव मचाया। नशे में चालक ने कई वाहनों को टक्कर मार कर क्षतिग्रस्त कर दिया। हादसे में कैंची धाम से लौट रहे यूपी और दिल्ली निवासी श्रद्धाओं की कार क्षतिग्रस्त हो गई। इसके साथ ही ट्रक ने एक टेंपो और बाइक सवार को भी पीछे से टक्कर मारी है। गनीमत रही कि हादसे में जान का नुकसान नहीं हुआ। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। चालक को हिरासत में लिया है। कोतवाली पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
इधर शहर में रैश ड्राइविंग की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। खासकर ठंडी सड़क और आंतरिक मार्गों पर देर रात तेज रफ्तार बाइक सवारों का आतंक देखने को मिल रहा है। ताजा मामला कृष्णा अस्पताल के सामने का है। यहां तेज रफ्तार बाइक चला रहे एक युवक ने शहर के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. हरभजन सिंह को टक्कर मार दी। हादसे में डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद शुक्रवार को नैनीताल एसएसपी मंजूनाथ टीसी, सीओ सिटी और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर डॉ. हरभजन सिंह से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।