ईद मिलादुन्नबी पर उत्तराखंड में गूंजा जुलूस-ए-मोहम्मदी! नैनीताल से ऊधम सिंह नगर और देहरादून तक अकीदत के साथ निकला जुलूस, जगह-जगह हुए कार्यक्रम
देहरादून/नैनीताल। जश्ने ईद मिलाद उल नबी के मुबारक मौके पर मुस्लिम समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में अकीदत के साथ जुलूस निकाला। इस दौरान ऊधम सिंह नगर, नैनीताल, देहरादून समेत तमाम जनपदों पर उल्लास के साथ जुलूस निकाला गया। नैनीताल में जश्ने ईद मिलादुन्नबी के मौके पर शानो-शौकत के साथ जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। मुस्लिम समुदाय की मान्यता के अनुसार आज ही के दिन पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब की पैदाइश हुई थी। इसी को लेकर मुस्लिम समाज द्वारा हर वर्ष जश्ने ईद मिलादुन्नबी धूमधाम और अकीदत के साथ मनाया जाता है। मुस्लिम समाज के लोगों ने बताया कि इस बार 1501वां जश्न मनाया जा रहा है। पिछले तीन दिनों से मिलादुन्नबी को लेकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पहले दिन कार्यक्रम के बाद मंगलवार रात ईशा की नमाज के बाद मस्जिद में महफिल-ए-मिलाद शरीफ का आयोजन किया गया। आज रजा क्लब में नातख्वानी का आयोजन किया गया, जिसके बाद जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। जुलूस नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए बड़ा बाजार पहुंचा। इसके बाद पुराना घोड़ा स्टैंड और शारदा संघ होते हुए मस्जिद में जुलूस का समापन किया जाएगा। जुलूस के समापन के बाद रजा क्लब ग्राउंड में महफिल का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद आम लंगर का भी आयोजन किया गया है।