Sep 30, 2026 Login

रुड़की ऑनर किलिंगः पकड़ा गया बहन और युवक का हत्यारा! फरार अमन मुठभेड़ में गिरफ्तार, बोला- गुस्से में उठाया खौफनाक कदम

Roorkee Honor Killing: Killer of sister and young man caught! Absconding Aman arrested after an encounter; says he took the horrific step in a fit of rage.

रुड़की। झबरेड़ा थाना क्षेत्र के झबरेड़ी कलां गांव में चार दिन पहले हुए बहन और पड़ोसी युवक के दोहरे हत्याकांड के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे आरोपित अमन को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। बुधवार देर रात झबरेड़ा क्षेत्र में घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम और अमन का आमना-सामना हुआ। पुलिस के अनुसार, खुद को घिरता देख अमन ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। घायल आरोपित को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया तमंचा भी बरामद किया है। झबरेड़ी कलां गांव में चार दिन पहले रूपा और उसके पड़ोसी युवक मुन्ना उर्फ सूरज की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। दोहरे हत्याकांड के बाद से ही रूपा का भाई अमन फरार चल रहा था। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई थीं। एसपी देहात अभय प्रताप सिंह के मुताबिकए पुलिस लगातार अमन की तलाश में जुटी थी। मंगलवार देर रात पुलिस को उसके क्षेत्र में मौजूद होने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने संभावित स्थान पर घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, घेराबंदी के दौरान अमन ने खुद को पुलिस से घिरा देखकर बच निकलने की कोशिश की। इस दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। गोली लगने से अमन घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपित को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मौके से उसके कब्जे में मौजूद तमंचा भी बरामद कर लिया। अब पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बरामद हथियार का इस्तेमाल चार दिन पहले हुए दोहरे हत्याकांड में किया गया था या नहीं।

बहन के प्रेम प्रसंग को लेकर था नाराज
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में अमन ने बहन रूपा और मुन्ना उर्फ सूरज के बीच कथित प्रेम संबंधों को लेकर नाराजगी की बात बताई है। पुलिस के मुताबिक, अमन ने पूछताछ में कहा कि दोनों के संबंधों को लेकर उसे गांव में ताने सुनने पड़ते थे। आरोपित के अनुसार, उसने अपनी बहन और मुन्ना को समझाने का प्रयास किया था और दोनों से संबंध खत्म करने के लिए कहा था। हालांकि, दोनों के बीच संबंध खत्म नहीं हुए। इसी बात को लेकर अमन लगातार नाराज चल रहा था। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में अमन ने बताया कि बार-बार समझाने के बावजूद जब बात नहीं बनी तो वह गुस्से में आ गया। इसके बाद उसने अपनी बहन रूपा और पड़ोसी युवक मुन्ना उर्फ सूरज की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया था। पुलिस अब आरोपित के बयान और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों का मिलान कर रही है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात से पहले और बाद में अमन किन लोगों के संपर्क में था और फरारी के दौरान उसने कहां.कहां शरण ली।