Good Morning India: साइक्लोन अर्नब ने मचाई तबाही, ओडिशा-आंध्र में भारी नुकसान, 16 राज्यों में बारिश को लेकर बड़ा अलर्ट! भूटान में ग्लेशियर झील फटने से असम-बंगाल के गांवों तक मचा हड़कंप! इजरायल में नेतन्याहू को नहीं मिला बहुमत! उत्तराखंड में भी साइक्लोन अर्नब का असर
नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यकर्मो पर नजर डालते हैं, पीएम मोदी आज 'प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि' योजना की 24वीं किस्त जारी करेंगे। वहीं गृह मंत्री अमित शाह आज लखनऊ के दौरे पर रहेंगे।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, चक्रवाती तूफान "अर्नब" के असर से देश के कई राज्यों में आज भी भारी बारिश हो सकती है। बंगाल, बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ में आज भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी बारिश के साथ बर्फबारी की चेतावनी दी गई है। बारिश और बर्फबारी के कारण उत्तर भारत में सर्दी ने दस्तक दे दी है। यूपी, बिहार, दिल्ली समेत कई राज्यों में सुबह और शाम ठंड बढ़ गई है। रात का तापमान ठंडा होने की वजह से ज्यादातर लोग अब एसी और पंखे भी चलाना बंद कर दिए हैं। मौसम विभाग ने बताया कि बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के आसपास के क्षेत्रों में एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (पश्चिमी विक्षोभ) बना है। पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर आंध्र प्रदेश तट की तरफ इसके बढ़ने की संभावना है। इसके असर से उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, रायलसीमा, केरल, माहे, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, लक्षद्वीप, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना में आंधी-तूफान के साथ बारिश हो सकती है। यहां पर 30-40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। कुछ जगहों पर हवा की स्पीड 50 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
इधर भूटान के लेमथांग में शितांफू ग्लेशियर झील के फटने की घटना सामने आई है। ग्लेशियर झील फटने से इसका पानी तेजी से मोफू नदी के रास्ते नीचे की ओर बंगाल की संकोश नदी की तरफ बढ़ रहा है जिससे उत्तरी बंगाल के कई जिलों में बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है। भूटान में शिंताफू झील से पानी निकलने की खबर के बाद पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार, जलपाईगुड़ी और दार्जिलिंग समेत कई जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिम बंगाल के मंत्री निशिथ प्रमाणिक और मनोज कुमार ओरांव ने संकोश नदी के किनारे रहने वाले लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है। इसके साथ ही इन जिलों में डिजास्टर मैनेजमेंट, NDRF और SDRF की टीम को भी अलर्ट कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि भूटान की अति-संवेदनशील शिंताफू झील से गुरुवार रात से तेज बहाव के साथ पानी निकल रहा है इसके चलते आसपास के इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में लगातार सायरन बज रहे हैं। इसलिए, उत्तरी बंगाल की संकोश नदी और उससे जुड़ी सभी सहायक नदियों के कैचमेंट एरिया में रहने वाले लोगों को सलाह दी गई है कि वे फौरन सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं।
उधर इजरायली मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, इजरायल में चुनाव के लिए मतदान संपन्न हो गया है और सभी 100% वोटों की गिनती पूरी हो चुकी है। 120 सदस्यों वाली संसद (नेसेट) में प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के गठबंधन को 53 सीटें मिलीं, जबकि विपक्षी दलों ने 48 और अरब दलों ने 19 सीटें जीतीं। नेतन्याहू की 'लिकुड' पार्टी 27 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। हालांकि, न तो गठबंधन और न ही विपक्षी खेमा संसदीय बहुमत के लिए जरूरी 61 सीटों का आंकड़ा हासिल कर सका, जिससे सत्ता का संतुलन अनिश्चित बना हुआ है। नेतन्याहू ने वोट में गड़बड़ी का आरोप लगाया है। रिपोर्ट के मुताबिक नेतन्याहू के गुट को 53 सीटें मिली हैं, जबकि विपक्ष को 48 और अरब पार्टियों को 19 सीटें हासिल हुई हैं। अन्य पार्टियों में, यशार ने 21 सीटें जीतीं, बी’याचाद ने 12 सीटें हासिल कीं और जॉइंट लिस्ट को 11 सीटें मिलीं। डेमोक्रेट्स और रा’आम ने 8-8 सीटें जीतीं, जबकि यूनाइटेड तोराह जुडाइज्म (UTJ), यिसराएल बेतेनु और ओत्ज्मा में से प्रत्येक को 7-7 सीटें मिलीं। रिलिजियस ज़ायोनिस्ट्स और शस ने 6-6 सीटें जीतीं।
इधर कश्मीर के कुलगाम जिले में शुक्रवार की सुबह सुबह भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.6 बताई गई है। सुबह नींद से जगते ही लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किए और घरों से बाहर निकल आए। हल्के झटके से किसी तरह का कहीं कोई नुकसान नहीं हुआ है। लेकिन लोगों में दहशत है।
उधर सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को कहा कि साइबर फ्रॉड के मामलों में अगर किसी फाइनेंशियल कंपनी की उचित जांच-पड़ताल में नाकामी के कारण अपराध हुआ है, तो पीड़ितों को कम-से-कम गंवाई गई रकम के बराबर मुआवजा मिलना चाहिए। कोर्ट ने बैंकों की जवाबदेही तय करने और साइबर फ्रॉड रोकने के लिए कड़े प्रावधान करने पर भी जोर दिया। चीफ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की बेंच ने कहा कि साइबर फ्रॉड के मामलों में 50 प्रतिशत की कमी आने के बावजूद इस साल अब तक लोगों को करीब 800 करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है। बेंच ने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के प्रस्तावित नियामकीय ढांचे में मुआवजे, फ्रॉड के रोकथाम और फाइनेंशियल कंपनी की जवाबदेही के स्पष्ट प्रावधान होने चाहिए। कोर्ट आरबीआई के प्रस्तावित 'अपने ग्राहक को जानें' (केवाईसी) संशोधन निर्देश, 2026 की पहले समीक्षा करेगी। इन निर्देशों को 30 नवंबर तक अधिसूचित करने और 31 दिसंबर तक लागू करने का प्रस्ताव है। कोर्ट ने अपने आदेश में कहा, ''आरबीआई के प्रस्तावित नियामकीय उपायों में फाइनेंशियल कंपनियों के लिए 'डिजिटल अरेस्ट' या साइबर फ्रॉड के पीड़ितों को उचित मुआवजा देना अनिवार्य होना चाहिए। ये मुआवजा ग्राहक की गंवाई गई रकम से कम नहीं होना चाहिए, बशर्ते ये पाया जाए कि फ्रॉड फाइनेंशियल कंपनी/बैंक की उचित जांच-पड़ताल में नाकामी के कारण हुआ।
इधर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाले ‘चलो दिल्ली’ मार्च में लोगों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा कर कहा कि यह मार्च लोकतंत्र और संविधान की रक्षा करने तथा कथित ‘वोट चोरी’ को रोकने के लिए निकाला जा रहा है। राहुल गांधी ने जोर देकर कहा कि यह किसी एक राजनीतिक दल का कार्यक्रम नहीं, बल्कि पूरे देश की आवाज है। बता दें कि व्यापारी संघ ने चिट्ठी लिखकर राहुल से इस रैली को स्थगित करने की मांग की थी। राहुल गांधी ने अपने वीडियो संदेश में कहा, चलो दिल्ली रामलीला मार्च, लोकतंत्र को बचाने का, वोट चोरी को रोकने का, संविधान को बचाने का मार्च है। यह किसी एक राजनीतिक पार्टी का मार्च नहीं, यह हिंदुस्तान की आत्मा का मार्च है। सब लोग जो नरेंद्र मोदी, अमित शाह, ज्ञानेश कुमार से तंग हैं। सब लोग जो लोकतंत्र को बचाना चाहते हैं, संविधान की रक्षा करना चाहते हैं, आप सब आइए। एक ही प्रोटेस्ट है, देश का प्रोटेस्ट है। राहुल गांधी ने लोगों से अपील की कि वे पुलिस कार्रवाई या लाठीचार्ज की आशंका से न घबराएं। उन्होंने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी में मार्च को रोकने के लिए किसी तरह की कार्रवाई करने की हिम्मत नहीं होगी।
उधर पाकिस्तान के सिंध प्रांत में गुरुवार को एक एंबुलेंस के अंदर ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक महिला भी शामिल है। हादसा थारपारकर जिले के नगरपारकर इलाके में हुआ। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने घटना की पुष्टि की है। पुलिस के मुताबिक, एंबुलेंस दानो धंधल स्थित एक बुनियादी स्वास्थ्य केंद्र से महिला को जिला अस्पताल मीठी ले जा रही थी। प्रसव के बाद जटिलताएं होने के कारण महिला को बेहतर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया जाना था। इससे पहले, पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के राजनपुर में एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कराची से डेरा गाजी खान जा रही एक यात्री बस निर्माण कार्य वाले राजमार्ग पर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इस हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से ज्यादा लोग घायल हो गए। मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे।
इधर शिवसेना यूबीटी के सांसद संजय राउत ने अवमानना के मामले में सुप्रीम कोर्ट और चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया से अवमानना मामले में माफी मांग ली है। संजय राउत ने कहा है कि वो चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) और सुप्रीम कोर्ट से बिना शर्त माफी मांगते है। संजय राउत ने कहा है कि वो स्वेच्छा से, बिना किसी दबाव या शर्त के माफी मांग रहे है। उन्हें अपने कमेंट पर पछतावा है। वे अपनी टिप्पणियों को किसी भी तरह सही ठहराने या उनका बचाव करने की कोशिश नहीं कर रहे हैं। शिवसेना यूबीटी के सांसद संजय राउत ने अपने माफीनामे में कहा है कि उनके मन में सुप्रीम कोर्ट और न्यायपालिका के प्रति बहुत सम्मान है। वे मानते हैं कि न्यायपालिका कानून का शासन बनाए रखने, संविधान के मूल्यों की रक्षा करने और नागरिकों के अधिकार सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्हें दुख है कि उनकी टिप्पणियों से यह कार्यवाही शुरू हुई। संजय राउत ने कहा है कि उन्हें अपनी टिप्पणी से हुई परेशानी का पछतावा है। वे मानते हैं कि न्यायपालिका के बारे में सार्वजनिक रूप से बोलते समय बहुत सावधानी और जिम्मेदारी बरतनी चाहिए। संजय राउत ने वायदा किया है कि वो भविष्य में न्यायपालिका के बारे में सार्वजनिक बयान देते समय अपनी जिम्मेदारी समझेंगे और सोच-समझकर बोलेंगे। वे भविष्य में अधिक सावधानी और संयम बरतेंगे। संजय राउत ने सुप्रीम कोर्ट से अनुरोध किया है कि उनकी बिना शर्त माफी स्वीकार की जाए, उनके विरुद्ध जारी नोटिस को समाप्त किया जाए और इस कार्यवाही को यहीं खत्म कर दिया जाए।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, प्रदेश में अर्नब साइक्लोन का असर दिखने लगा है। दो दिन से मौसम बदला हुआ है। बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है। जिससे पूरे प्रदेश में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर एवं चमोली जनपदों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। सचिव विनोद कुमार सुमन ने चारधाम यात्रा मार्गों पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए है। खराब मौसम अथवा किसी भी संभावित खतरे की स्थिति में यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोके जाने के निर्देश दिए गए हैं।
इधर उत्तराखंड रोडवेज बसों से सफर करने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। तीन माह के लंबित वेतन के भुगतान समेत विभिन्न मांगों को लेकर उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन ने आज से प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार और बसों का चक्का जाम करने का ऐलान किया है। गुरुवार को उत्तराखंड परिवहन निगम मुख्यालय में प्रबंध निदेशक रीना जोशी की अध्यक्षता में कर्मचारियों और प्रबंधन के बीच करीब साढ़े तीन घंटे तक वार्ता चली, लेकिन आखिर में यह वार्ता बेनतीजा रही। इसके बाद उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन ने हड़ताल पर जाने का मन बन लिया। 30 अक्टूबर यानि आज उत्तराखंड रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल रहेगी। उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन के महामंत्री अशोक चौधरी के मुताबिक वार्ता के दौरान कर्मचारियों के लंबित वेतन, महंगाई भत्ता (डीए), दीपावली बोनस और बस बेड़े का विस्तार करने समेत कई मांगें उठाई गईं। इसके अलावा डग्गामारी पर रोक लगाने और अवैध रूप से संचालित निजी बसों के परमिट पर कार्रवाई की मांग भी रखी गई, लेकिन प्रबंधन की ओर से मांगों पर सहमति नहीं बनने के बाद यूनियन ने आंदोलन शुरू करने का निर्णय लिया।
उधर उधम सिंह नगर के दिनेशपुर थाना क्षेत्र में महिला के शारीरिक शोषण, ब्लैकमेलिंग और जबरन धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी दिल्ली के रास्ते केरल भागने की तैयारी में था। इसी दौरान पुलिस ने रुद्रपुर-गदरपुर हाईवे पर घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। युवक पर महिला की आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करने और धमकाकर लगातार शारीरिक शोषण करने के आरोप हैं। पुलिस के मुताबिक, बीती 27 अक्टूबर को पीड़िता ने दिनेशपुर थाने में एक शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने आरोप लगाया कि शादाब नाम के व्यक्ति ने उससे फोन पर दोस्ती की और बाद में कथित रूप से जबरन शारीरिक संबंध बनाए। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने उसकी आपत्तिजनक वीडियो बना ली और उसी के आधार पर उसे ब्लैकमेल करने लगा। पीड़िता के मुताबिक, आरोपी वीडियो का डर दिखाकर लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा। पुलिस के मुताबिक, मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी शादाब फरार होने की कोशिश कर रहा था। वो दिल्ली के रास्ते केरल जाने की तैयारी में था। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रुद्रपुर-गदरपुर हाईवे पर घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।