Good Morning India: क्रिकेटर आर अश्विन को पद्मश्री, हॉकी खिलाड़ी श्रीजेश को मिला पद्म भूषण! IPL सेंचुरी लगाने वाले यंगेस्ट प्लेयर बने सूर्यवंशी, यहां सीएम ने ASP को थप्पड़ मारना चाहा, चारधाम यात्रा में पहली बार पैरा मिलिट्री फोर्स भी होगी तैनात

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपने खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए अभी तक की प्रमुख खबरों और आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। शुरुआत आज की उन खबरों से करते हैं जिनपर सभी की नजर रहेगी। पाकिस्तानियों के भारत छोड़ने का आज आखिरी दिन है। केंद्र सरकार ने डेडलाइन तय की थी। वहीं आज राहुल गांधी दो दिन का यूपी दौरा करेंगे। वे 29 अप्रैल को रायबरेली और 30 अप्रैल को अमेठी जाएंगे। इधर आज सुप्रीम कोर्ट पेगासस जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग वाली याचिका पर सुनवाई करेगा।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान के ऊपर जंग और तबाही की तलवार लटक रही है। दूसरी ओर पाकिस्तान अपनी ही जमीन पर अपने एजेंट और सैनिकों की सुरक्षा नहीं कर पाया है। बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने एक बार फिर से पाकिस्तान को दहला दिया है। उन्होंने पासनी इलाके में पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के एक एजेंट को मार गिराया है। BLA के मुताबिक, तीन अन्य ऑपरेशनों में बलूच आर्मी ने पाकिस्तानी सेना, पुलिस और सैन्दक प्रोजेक्ट के वाहनों को निशाना बनाया है और मेन नेशनल हाईवे पर नाकाबंदी कर दी है।
इधर पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा कि भारत पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद कभी भी सैन्य कार्रवाई कर सकता है। आसिफ ने कहा कि हमने अपनी सेना को मजबूत कर लिया है, क्योंकि अब हमला कभी भी हो सकता है। पाकिस्तान की सेना ने सरकार को संभावित भारतीय हमले के बारे में जानकारी दे दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बीच पीएम आवास में 40 मिनट तक मीटिंग हुई।
उधर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में 2025 के लिए पद्म अवॉर्ड्स दिए। साल की पहली पद्म सेरेमनी में 71 हस्तियों को पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री से सम्मानित किया गया। जबकि बाकी हस्तियों को जल्द ही एक अलग समारोह में सम्मानित किया जाएगा। कला के क्षेत्र में साउथ एक्टर अजीत और फिल्म डायरेक्टर शेखर कपूर को पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। वहीं गजल गायक पंकज उधास को मरणोपरांत पद्म भूषण सम्मान दिया गया। क्रिकेटर आर अश्विन को पद्मश्री, हॉकी खिलाड़ी श्रीजेश को पद्म भूषण दिया गया। वहीं कुवैत की योग टीचर शेखा अली को भी चिकित्सा क्षेत्र में पद्मश्री से सम्मानित किया गया।
इधर कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने बेलगावी में एक रैली के दौरान असिस्टेंट सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (ASP) को थप्पड़ मारने की कोशिश की। दरअसल, सिद्धरमैया जैसे ही भाषण देने के लिए उठे, भीड़ में मौजूद कुछ भाजपा कार्यकर्ता नारेबाजी करने लगे। इससे सिद्धारमैया नाराज हो गए। नाराज CM ने मंच से ही ASP से कहा कि आप जो भी हैं, यहां आएं। जब ASP भरमनी मंच पर पहुंचे तो CM ने उनसे पूछा- आप क्या कर रहे थे। इसके बाद CM ने थप्पड़ मारने के लिए अपना हाथ उठा दिया। ASP भरमनी कुछ पीछे हटे तो सिद्धारमैया रुक गए। भाजपा और जनता दल सेक्युलर (JDS) ने इस घटना की निंदा की।
उधर सुप्रीम कोर्ट में सोमवार को ऑनलाइन अश्लील कंटेंट की स्ट्रीमिंग पर रोक लगाने की मांग वाली याचिका पर सुनवाई हुई। कोर्ट ने केंद्र सरकार और 9 OTT-सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। बेंच ने कहा कि याचिका एक गंभीर चिंता पैदा करती है। केंद्र को इस पर कुछ कदम उठाने की जरूरत है। यह मामला कार्यपालिका या विधायिका के अधिकार क्षेत्र में आता है। ऐसे भी हम पर आरोप हैं कि हम कार्यपालिका के अधिकार क्षेत्र में दखल देते हैं। फिर भी हम नोटिस जारी कर रहे हैं।
इधर IPL 2025 के 47वें मैच में राजस्थान ने गुजरात को 8 विकेट से हरा दिया। इस मैच में जीत के हीरो 14 साल के वैभव सूर्यवंशी रहे। राजस्थान से वैभव ने 101 रन की पारी खेली। वह IPL सेंचुरी लगाने वाले यंगेस्ट प्लेयर बने। वैभव ने 35 गेंदों में शतक लगाया। राजस्थान रॉयल्स को IPL में लगातार 5 हार के बाद जीत मिली। टीम ने गुजरात टाइटंस को 8 विकेट से हराया। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान ने बॉलिंग चुनी। गुजरात ने 4 विकेट खोकर 209 रन बनाए। राजस्थान ने 2 विकेट के नुकसान पर 16वें ओवर में ही टारगेट हासिल कर लिया।
उधर कांग्रेस ने पहलगाम आतंकी हमले पर पार्टी नेताओं के बयानों से किनारा किया है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोमवार को कहा कि पार्टी नेताओं के बयान उनकी निजी राय हैं। ये कांग्रेस पार्टी की लाइन नहीं है। मैं बिल्कुल स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि किसी ने इन नेताओं को ऐसा बोलने का अधिकार नहीं दिया है।
इधर अफ्रीकी देश नाइजीरिया में बड़ा आतंकी हमला सामने आया है। आतंकवादियों ने दो बम ब्लास्ट किए हैं जिसमें दो दर्जन से ज्यादा लोगों की मौत की खबर सामने आई है। अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, ये बम ब्लास्ट के रूप में ये भीषण आतंकी हमला सोमवार को नाइजीरिया के पूर्वोत्तर बोर्नो राज्य में हुआ है। जांच में पता लगा है कि आतंकियों ने दो वाहनों में विस्फोट किए। अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा संगठन, जो विदेशी नागरिकों को सुरक्षा प्रदान करता है, उसने जानकारी दी है कि इन ब्लास्ट में कम से कम 26 लोगों की जान चली गई है। जानकारी के मुताबिक, बोर्नो राज्य इस्लामी उग्रवाद का गढ़ है।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, चारधाम यात्रा में पहली बार अर्द्धसैनिक बल भी तैनात किए जाएंगे। इसके लिए पुलिस की ओर से केंद्र सरकार को अर्द्धसैनिक बलों की 10 कंपनी उपलब्ध कराने की मांग की गई है। ऐसा पिछले दिनों पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर किया जा रहा है। इनमें से छह कंपनियां गढ़वाल परिक्षेत्र और चार कंपनियों को कुमाऊं परिक्षेत्र के धार्मिक स्थलों व पर्यटन क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा।
इधर उधम सिंह नगर के चकरपुर पहनिया बाईपास में सोमवार शाम को एक दुखद हादसा सामने आया है। मां पूर्णागिरि के दर्शन करके लौट रहे श्रद्धालुओं की कार अनियंत्रित होकर सड़क के नीचे पलट गई। इस दुर्घटना में दो लोगों की जहां मौत हो गई। 6 अन्य लोग घायल हुए हैं। प्राप्त जानकारी अनुसार बाइक को बचाने के चक्कर में बाईपास पर कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
उधर 30 अप्रैल से शुरू होने जा रही चारधाम यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए आईजी गढ़वाल रेंज ने पुलिस अधिकारियों के साथ ब्रीफिंक की। आईजी गढ़वाल ने पुलिस मुख्यालय समेत रेंज के सभी एसएसपी, एसपी और सहायक नोडल अधिकारी समेत यात्रा रूट में स्थित और ड्यूटी में तैनात सभी निरीक्षक यातायात, थाना और चौकी प्रभारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ब्रीफिंग की। चारधाम यात्रा के लिए देहरादून में कंट्रोल रूम बनाया गया है। चारधाम यात्रा को सुचारू रूप से चलाने के लिए यात्रियों की सुविधा के लिए 2 हेल्पलाइन नंबर 9897846203 और 0135-2714484 जारी किए गए हैं। इसके अलावा कंट्रोल रूम में 12 डेस्क बनाए गए हैं।
इधर उत्तराखंड से होकर गुजरने वाली ऐतिहासिक कैलाश मानसरोवर यात्रा इस बार फिर से शुरू हो रही है। विदेश मंत्रालय भारत सरकार के सहयोग से कैलाश मानसरोवर यात्रा का पहला दल 30 जून को उत्तराखंड में प्रवेश करेगा। 50-50 सदस्यों के 5 दल इस बार कैलाश मानसरोवर यात्रा करेंगे। यात्रा संबंधित सभी तैयारियां कुमाऊं मंडल विकास निगम और पिथौरागढ़ जिला प्रशासन ने शुरू कर दी है।
उधर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से बागेश्वर-टनकपुर रेल लाइन को राष्ट्रीय परियोजना घोषित करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि परियोजना का सारा खर्च केंद्र सरकार वहन करे। उन्होंने रेल परियोजनाओं, नई ट्रेन शुरू करने का मुद्दा भी उठाया। रेल मंत्री ने सभी मांगों पर सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया।