Good Morning India: विपक्ष का सुप्रीम कोर्ट तक मार्च आज, छह मेट्रो स्टेशन बंद! राहुल गांधी-खरगे से नहीं मिलेंगे सीजेआई सूर्यकांत! मौसम के बदले मिजाज ने छुटाई कपकंपी, 24 राज्यों में अलर्ट! हरिद्वार में आज होगी धामी कैबिनेट की बैठक
नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, आज सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करेंगे इंडिया ब्लॉक के नेता।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, दिल्ली मेट्रो से सफर करने वालों को आज परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। दिल्ली मेट्रो के 6 स्टेशनों पर एंट्री-एग्जिट बंद शाम चार बजे तक बंद रहेगी। हलांकि इंटरचेंज की सुविधा रहेगी जारी। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर यह फैसला लिया गया है। दिल्ली मेट्रो की ओर से इस संबंध में जानकारी शेयर की गई है। बता दें कि आज दिल्ली में विपक्ष का सुप्रीम कोर्ट मार्च है, वहीं सीजेपी भी अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतरेगी। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) की ओर से आज सुबह 6 बजे से राजीव चौक समेत 6 मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट बंद ( यात्रियों के प्रवेश और निकास पर रोक रहेगी) रखने का फैसला लिया गया है। दिल्ली मेट्रो की ओर से जारी सर्विस अपडेट के अनुसार इस दौरान पटेल चौक, जनपथ, राजीव चौक, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय और बाराखंभा रोड मेट्रो स्टेशन के एंट्री और एग्जिट गेट बंद रहेंगे।
उधर भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने राहुल गांधी को मिलने का समय देने से इनकार कर दिया है। राहुल गांधी लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं। वह सोमवार को सीजेआई से मिलना चाहते थे। उन्हें मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर बात करनी थी। लाइव लॉ की रिपोर्ट के मुताबिक, सीजेआई ने 11 अक्तूबर को राहुल गांधी के आधिकारिक ईमेल का जवाब देते हुए यह बात कही। रिपोर्ट के मुताबिक, सीजेआई सूर्यकांत ने कहा कि जिन मुद्दों पर राहुल गांधी बात करना चाहते हैं, वे पहले से सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन हैं। इसलिए इस बारे में अलग से मुलाकात करना उचित नहीं होगा। सीजेआई ने यह भी कहा कि सुप्रीम कोर्ट सरकार के प्रशासनिक कामकाज में सीधे दखल नहीं दे सकता। हालांकि, विपक्षी नेता अपने मौलिक अधिकारों की रक्षा के लिए अदालत में याचिका दाखिल कर सकते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, विपक्ष की ओर से ऐसी कोई याचिका आती है तो मंगलवार को एसआईआर से जुड़े दूसरे मामलों के साथ उस पर भी सुनवाई हो सकती है।
इधर अमेरिका में एक फेडरल जज ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन को टैक्सपेयर्स के पैसे से चलाए जा रहे बाकी सभी टीवी विज्ञापनों को रद्द करने का आदेश दिया है। रविवार रात जारी इस आदेश में उन विज्ञापनों पर रोक लगाई गई है, जिन्हें चुनौती देने वाले समूहों ने सरकारी धन का गैर-कानूनी इस्तेमाल बताया था। न्यूयॉर्क की अमेरिकी डिस्ट्रिक्ट जज जेनिफर एल. रोचोन ने इस मामले में गैर-पक्षपाती संस्था ‘कॉमन कॉज’ समेत अन्य समूहों की याचिका पर सुनवाई करते हुए प्रशासन के खिलाफ अंतरिम रोक का आदेश जारी किया। जज ने निर्देश दिया कि रविवार रात प्रसारित होने वाले विज्ञापनों समेत सभी शेष विज्ञापनों को रद्द किया जाए। याचिकाकर्ताओं ने आरोप लगाया था कि ट्रंप प्रशासन अपने राजनीतिक संदेश को बढ़ावा देने के लिए करदाताओं के लाखों डॉलर खर्च कर रहा है और यह सरकारी धन का गैर-कानूनी इस्तेमाल है। इसी आधार पर इन विज्ञापनों को चुनौती दी गई थी।
उधर दिल्ली-NCR में रविवार देर रात से मूसलाधार बारिश हो रही है। बारिश की वजह से कई जगहों पर जल जमाव भी दिख रहा है। इसका असर दिल्ली के तापमान पर भी दिखेगा, मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक आज तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। इस बीच मौसम विभाग ने आज दिल्ली, यूपी, बिहार, पंजाब समेत 24 राज्यों में भारी बारिश-आंधी की चेतावनी जारी की है। इस बारिश के दौरान 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तक की तेज हवा के झोंके चल सकते हैं। उत्तराखंड, दिल्ली, पश्चिम बंगाल और झारखंड में तेज आंधी की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने कहा है कि कुछ जगहों पर बड़े-बड़े पेड़ भी उखड़ सकते हैं। वहीं, पहाड़ी राज्यों में कुछ जगहों पर लैंडस्लाइड की चेतावनी जारी की गई है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है।
इधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चेन्नई में 13,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हम कई पूरी हो चुकी परियोजनाओं का उद्घाटन कर रहे हैं और नई परियोजनाओं की आधारशिला रख रहे हैं। कुछ परियोजनाएं रोज़ाना के सफर को आसान बनाएंगी; तो कुछ उद्योग और व्यापार को मज़बूत करेंगी। ये सभी मिलकर पूरे तमिलनाडु में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करेंगी। इस मौके पर पीएम मोदी ने तमिलनाडु के विभिन्न मुख्यमंत्रियों के साथ अपने कार्यकाल के अनुभव शेयर किए। उन्होंने कहा, "मुख्यमंत्री के रूप में मुझे करुणानिधि और जयललिता के साथ संवाद करने के कई अवसर मिले। प्रधानमंत्री बनने के बाद जयललिता, ओ. पन्नीरसेल्वम, ई. पलानीस्वामी और एम.के. स्टालिन के साथ काम करने का अवसर मिला। सरकारें बदलती रहीं, लेकिन तमिलनाडु के विकास और यहां की जनता की सेवा करने का मेरा संकल्प हमेशा कायम रहा है। अब मुख्यमंत्री जोसेफ विजय के साथ हम इस यात्रा को आगे बढ़ा रहे हैं।"
उधर उत्तरी सूडान में एक हवाई हमले में छोटे पैमाने पर खनन करने वाले करीब 72 लोग मारे गए। एक मानवाधिकार समूह ने रविवार को इस घटना की जानकारी दी। यह पिछले कुछ महीनों में इस तरह की दूसरी घटना है। मानवाधिकार संस्था इमरजेंसी लॉयर्स ने इस हमले के लिए मिस्त्र की वायु सेना को जिम्मेदार ठहराया, हालांकि न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने इस दावे की पुष्टि नहीं की है। मिस्त्र की सेना ने इस घटना को लेकर कोई टिप्पणी नहीं की और मिस्त्र के विदेश मंत्रालय ने भी टिप्पणी के अनुरोध का कोई जवाब नहीं दिया है। सोशल मीडिया और स्थानीय अधिकार समूहों के द्वारा साझा तस्वीरों में मलबे में बिखरे दर्जनों शव और कफन में लिपटे अन्य शव दिखाई दे रहे हैं, हालांकि न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने तस्वीरों की पुष्टि नहीं की है। पोस्ट में कुछ खनिक हवाई हमले के बारे में भी बता रहे हैं। इमरजेंसी लॉयर्स का कहना है कि सीमा पार से किया गया ऐसा हमला अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन होगा।
इधर बिजनौर में बेटे का मोबाइल फोन में गेम खेलना प्राथमिक विद्यालय के अध्यापक को भारी पड़ गया। गेम खेलते समय बालक ने गेमिंग एप ओपन कर दिया। इस दौरान ओटीपी मोबाइल फोन पर आ गया। साइबर ठग ने बालक से ओटीपी नंबर पूछ लिया और अध्यापक के खाते से नौ लाख रुपये साफ कर दिए। अध्यापक की तहरीर पर एक मोबाइल नंबर के आधार पर साइबर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक का कहना है कि उसका 10 वर्षीय बेटा गेमिंग एप पर गेम खेल रहा था। इस दौरान एक और गेमिंग एप ओपन कर दिया। लिंक ओपन करते ही एक ओटीपी मोबाइल फोन पर आ गया। इसी बीच साइबर ठग ने बालक से ओटीपी पूछ लिया। कुछ देर बाद ही शिक्षक के बैंक खाते से यूपीआई के माध्यम से नौ लाख रुपये अन्य खातों में ट्रांसफर हो गए। पांच मिनट के भीतर ही साइबर हेल्पलाइन पर सूचना दी।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, प्रदेश में पहाड़ से लेकर मैदान तक मौसम का मिजाज बदल गया। दोपहर बाद मौसम ने करवट ली तो तेज हवाओं के बीच वर्षा का क्रम शुरू हो गया। पर्वतीय क्षेत्रों में चारों धामों सहित ऊंचाई वाले इलाकों में झमाझम वर्षा शुरू हो गई। केदारनाथ, बदरीनाथ धाम व हेमकुंड साहिब से लगी ऊंची चोटियों पर बर्फबारी भी हुई। वर्षा के कारण गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में ठंड में इजाफा हो गया। इसका असर यात्रियों की संख्या पर भी पड़ा है। हालांकि चारधाम यात्रा सुचारु है। तीन दिन से प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। बादलों की आवाजाही और कहीं-कहीं हल्की वर्षा के कारण पहाड़ों में ठंडक महसूस की जा रही है। मौसम विभाग ने रविवार को पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमकने का पूर्वानुमान जताया था।
इधर आज हरिद्वार में कैबिनेट बैठक होने वाली है। कैबिनेट बैठक से पहले कांग्रेस विधायक अनुपमा रावत ने प्रदेश सरकार के सामने दो प्रमुख मांगें रखी हैं। उन्होंने लालढांग क्षेत्र में रवासन नदी पर पुल निर्माण शुरू कराने और भोजनमाताओं का मानदेय बढ़ाकर पांच हजार रुपये करने का शासनादेश जारी करने की मांग की। कांग्रेस विधायक अनुपमा रावत ने आरोप लगाया कि सरकार चुनावी साल में अलग-अलग स्थानों पर कैबिनेट बैठकें कर रही है, लेकिन जनता से जुड़े मुद्दों पर ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा अगर कैबिनेट की बैठक में उनकी मांगे पूरी नहीं हुई तो वो आमरण अनशन करेंगी। इतना ही नहीं कांग्रेस विधायक ने रवासन नदी पर पुल निर्माण के मुद्दे को लेकर भाजपा के पूर्व भाजपा विधायक पर भी राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने भोजनमाताओं के मानदेय से जुड़ी मांग भी उठाई। अनुपमा रावत ने कहा भोजनमाताएं विद्यालयों में बच्चों के लिए भोजन तैयार करने का काम करती हैं। सरकार को उनका मानदेय बढ़ाकर पांच हजार रुपये करने का जीओ जारी करना चाहिए, ताकि उन्हें आर्थिक राहत मिल सके।