Oct 18, 2026 Login
Awaaz24x7-government

उत्तराखण्डः कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या को अस्पताल से मिली छुट्टी! टपकेश्वर मंदिर पहुंचकर लिया आशीर्वाद, SIT दर्ज कर सकती है बयान

Uttarakhand: Cabinet Minister Rekha Arya discharged from hospital! She visited Tapkeshwar Temple to seek blessings; an SIT may record her statement.

देहरादून। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या की तबीयत में सुधार के बाद उनके पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ दर्ज मामले की जांच तेज होने की संभावना है। नौ सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) मामले से जुड़े आरोपों, वायरल ऑडियो और अन्य साक्ष्यों की पड़ताल कर रहा है। जांच टीम आने वाले दिनों में मंत्री के बयान दर्ज कर सकती है। वहीं, मामले की जांच के सिलसिले में एसआईटी की एक टीम बरेली पहुंची है, जहां गिरधारी लाल साहू के घर और अन्य संबंधित ठिकानों पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। तबीयत बिगड़ने के बाद रेखा आर्या को बुधवार देर शाम देहरादून के डालनवाला स्थित कृष्णा मेडिकल सेंटर में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों की निगरानी में उपचार के बाद शनिवार शाम उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इसके बाद वह यमुना कॉलोनी स्थित अपने आवास पहुंचीं। रविवार को उन्होंने टपकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद वह माता वैष्णो देवी गुफा योग मंदिर पहुंचीं, जहां शारदीय नवरात्रि के विशेष अनुष्ठान में शामिल होकर कन्याओं का पूजन किया। स्वास्थ्य में सुधार के बाद अब उनके बयान दर्ज किए जाने की संभावना जताई जा रही है। इधर मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ग्रामीण की निगरानी में नौ सदस्यीय एसआईटी गठित की गई है। टीम शिकायत में लगाए गए आरोपों से संबंधित साक्ष्य जुटाने के साथ वायरल ऑडियो की भी जांच कर रही है। इसी क्रम में एसआईटी की एक टीम बरेली पहुंची है। यहां गिरधारी लाल साहू के घर और अन्य संबंधित ठिकानों पर पड़ताल की जा रही है। जांच में गिरधारी लाल साहू और एक महिला के बीच कथित बातचीत वाले वायरल ऑडियो को अहम पहलू माना जा रहा है। एसआईटी ऑडियो की सत्यता, बातचीत के संदर्भ और उससे जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। इसके अलावा ऑडियो में रेखा आर्या को कथित तौर पर जान से मारने की बात से जुड़े साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। जांच टीम गिरधारी लाल साहू और कल्पना मिश्रा से संबंधित तथ्यों की भी पड़ताल कर रही है। बता दें कि रेखा आर्या ने गुरुवार को देहरादून के कैंट थाने में अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ शिकायत दी थी। इसमें उन्होंने उत्पीड़न, प्रताड़ना और जान से मारने की साजिश रचने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया और मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की।