Oct 13, 2026 Login
Awaaz24x7-government

Good Morning India: राहुल गांधी आज विपक्षी सांसदों के साथ 'चाय पर चर्चा' करेंगे! पीलीभीत में रामलीला मेले में अंधाधुंध फायरिंग, तीन लोगों की मौत! GST के नाम पर रास्ते में नहीं रोके जाएंगे ट्रक, बड़ा बदलाव करने जा रही सरकार

Good Morning India: Rahul Gandhi to hold a 'Chai Pe Charcha' (discussion over tea) with opposition MPs today! Indiscriminate firing at the Ramlila fair in Pilibhit leaves three dead! Trucks will no l

नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, राहुल गांधी आज विपक्षी गठबंधन के सांसदों, नागरिक समाज के सदस्यों और छात्र संगठनों के साथ चर्चा करेंगे। वहीं भारत आज नई दिल्ली में पहली बिम्सटेक गृह मंत्रियों की बैठक की मेजबानी करेगा।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, यूपी के पीलीभीत के अमरिया कस्बे में रामलीला मेला कमेटी के हिसाब किताब के विवाद में दो पक्ष आमने-सामने आ गए। रात में कहासुनी के बाद एक पक्ष की ओर से रायफल से ताबड़तोड़ फायरिंग की गई, इसमें चार लोग गोली लगने से घायल हो गए। सिर में गोली लगने से 14 वर्षीय कुनाल श्रीवास्तव और कंधे में गोली लगने से अंकित गुप्ता की मौत हो गई। वहीं, अंकित के भाई मोहित को गंभीर हालत में बरेली रेफर किया गया था, लेकिन रास्ते में उसकी भी मौत गई। आरोप है कि कौशल गुप्ता और उसके साथियों ने छोटे से विवाद को लेकर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। गोली चलाने वाले दोनों आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कहा जा रहा है कि फायरिंग की घटना थाने से 500 मीटर दूरी पर ही हुई है। रामलीला मेले में हुए इस गोली कांड में तीन लोगों की मौत से हड़कंप मच गया है। घटना के बाद भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। एसपी व एएसपी ने घटनास्थल का जायजा लिया, पुलिस ने तीन आरोपी को हिरासत में लिया है। सूचना मिलने पर पहुंची थाना पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां कुनाल और अंकित को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि मोहित गुप्ता को बरेली में मृत घोषित किया गया।

इधर देशभर में सामान लेकर एक राज्य से दूसरे राज्य जाने वाले ट्रक ड्राइवरों और कारोबारियों के लिए राहत की खबर है। जल्द ही जीएसटी (GST) अधिकारियों के लिए रास्ते में चलते मालवाहक वाहनों को रोककर जांच करना आसान नहीं होगा। सरकार नियमों में बदलाव करने जा रही है, जिसके बाद सामान की जांच मुख्य रूप से उसी राज्य में हो सकेगी, जहां से माल भेजा गया है या जहां उसे पहुंचना है। बीच के राज्यों के अधिकारी अपनी मर्जी से वाहन नहीं रोक सकेंगे। हालांकि, इसके लिए कुछ जरूरी शर्तें भी होंगी। 8 अक्टूबर को हुई GST काउंसिल की 57वीं बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। नए प्रावधानों के तहत माल लेकर जा रहे वाहन को रोकने का अधिकार माल भेजने वाले राज्य और माल पहुंचने वाले राज्य के अधिकारियों तक सीमित रहेगा। बीच में पड़ने वाले राज्यों के अधिकारी सामान्य तौर पर ऐसे वाहनों को रोककर जांच नहीं कर सकेंगे। हालांकि, ये नियम अधिसूचित होने के बाद लागू होंगे।

उधर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को अपने घर पर INDIA ब्लॉक के सांसदों को 'हाई टी' के लिए बुलाया है। सूत्रों के हवाले से ये जानकारी सामने आई है। सूत्रों के अनुसार, इस दौरान "वोट चोरी" के खिलाफ संयुक्त विरोध-प्रदर्शन की रणनीति और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर चर्चा होने की उम्मीद है। सूत्रों ने कहा कि 'हाई टी' के बाद विरोध-प्रदर्शन या संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस भी हो सकती है, लेकिन इस योजना की जानकारी अभी गुप्त रखी गई है। राहुल गांधी के 5, सुनहरी बाग रोड स्थित घर पर होने वाली यह 'हाई टी' उस घटनाक्रम के एक दिन बाद होगी, जब वोट चोरी के आरोपों को लेकर हो रहे जोरदार विरोध-प्रदर्शन सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गए थे। विपक्ष के दिग्गज नेताओं ने कार्यकर्ताओं और नागरिक समाज के सदस्यों के साथ मिलकर राष्ट्रीय राजधानी में अपनी ताकत दिखाते हुए भारी बैरिकेडिंग वाले रास्ते पर "लोकतंत्र के लिए मार्च" (मार्च फॉर डेमोक्रेसी) निकाला और कथित चुनावी अनियमितताओं के खिलाफ संयुक्त याचिका दायर की। 

इधर राहुल गांधी की ओर से सुप्रीम कोर्ट में दाखिल याचिका में रजिस्ट्री ने 14 कमियां बताई हैं। इन तकनीकी खामियों को दूर किए जाने के बाद ही याचिका सुनवाई के लिए सूचीबद्ध हो सकेगी। ऐसे में फिलहाल इस मामले में मंगलवार को सुनवाई नहीं हो पाएगी। याचिका की मेंशनिंग भी मंगलवार को नहीं की जाएगी। जानकारी के मुताबिक, याचिका में प्रतिवादियों के नाम में गड़बड़ी, निजी पक्षकारों को प्रतिवादी बनाने का स्पष्टीकरण न दे पाना, पुराने फैसले की कॉपी नहीं लगाई गई, राहुल और खरगे को छोड़कर बाकी 9 लोगों की तरफ से वकालतनामा नहीं आना, खरगे के पहचान पत्र की धुंधली कॉपी होना, 220 रुपये की कोर्ट फीस का कम जमा करना, और दस्तावेजों की प्रिंटिंग में कमी बताई गई है। बता दें कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और INDIA ब्लॉक के अन्य नेताओं ने सोमवार को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ और कथित 'वोट चोरी' के मुद्दे पर दिल्ली में मार्च निकाला। सैकड़ों समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ निकले विपक्षी नेताओं ने निर्वाचन आयोग पर मतदाताओं के नाम बड़े पैमाने पर हटाने और चुनावी प्रक्रिया में अनियमितताओं के आरोप लगाए। इसे लेकर राहुल गांधी समेत विपक्ष के कई नेताओं ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की। कांग्रेस पार्टी की लीगल टीम ने सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की।

उधर रांची में एसीबी के विशेष न्यायाधीश ओंकार नाथ चौधरी की अदालत ने रिश्वत लेने के 24 वर्ष पुराने मामले में सोमवार को गुमला अंचल के तत्कालीन राजस्व कर्मचारी भानु प्रताप प्रसाद को दोषी पाकर एक साल की सजा सुनाई है। उनपर पांच हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। यह फैसला निगरानी थाना से जुड़ा है। अभियुक्त पर दाखिल खारिज करने के एवज में 700 रुपये रिश्वत लेने का आरोप था। रिश्वत मांगने को लेकर एल मिंज नामक व्यक्ति ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें आरोप था कि 89 डिसमिल जमीन का दाखिल-खारिज करने के एवज में 700 रुपये रिश्वत मांगी जा रही है। इसके आधार पर एसीबी ने आठ सितंबर 2002 को कार्रवाई करते हुए भानु प्रताप प्रसाद को 100 रुपये के सात नोटों के साथ गिरफ्तार किया था। तलाशी के दौरान उसके पाकेट से 6,500 रुपये भी बरामद किए गए थे। एसीबी के विशेष लोक अभियोजक आलोक कुमार ने सुनवाई के दौरान 15 गवाहों की गवाही दर्ज कराई थी। गवाहों और उपलब्ध साक्ष्य के आधार पर अदालत ने आरोपित को दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई है।

इधर क्रिकेटर पृथ्वी शॉ के साथ अपनी सगाई तोड़ने की घोषणा करने के कुछ हफ्ते बाद एक्ट्रेस और इन्फ्लुएंसर आकृति अग्रवाल ने अब कन्फर्म किया है कि दोनों के बीच सुलह हो गई है। इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए एक नए बयान में आकृति ने कहा कि दोनों ने अपने मतभेदों पर खुलकर बात की है और अपने रिश्ते को एक दूसरा मौका देने का फैसला किया है। पृथ्वी शॉ की होने वाली पत्नी आकृति ने अपनी सगाई टूटने पर बात की है। उन्होंने अपनी गलती स्वीकार करते हुए सगाई टूटने की वजह भी बताई। आकृति अग्रवाल ने कहा कि उनके करीबी लोगों की राय ने पृथ्वी और उनके रिश्ते के बारे में उनकी सोच को प्रभावित किया था। यह बात सितंबर में उनके अलग होने की सार्वजनिक घोषणा के एक महीने से भी कम समय बाद सामने आई है। आकृति ने अपने नए इंस्टाग्राम बयान का टाइटल 'अ पर्सनल क्लेरिफिकेशन'। आकृति अग्रवाल ने अपने नए इंस्टाग्राम पोस्ट के में लिखा, 'जब मैंने अपनी सगाई तोड़ी थी तब मैंने अपने करीबी लोगों की राय से प्रभावित होकर अपने मंगेतर और हमारे रिश्ते को देखने का नजरिया बना लिया था। ऐसा लग रहा था कि उन्हें हमारे रिश्ते के बारे में हमसे भी ज्यादा पता है। मुझे लगता है कि मुझे गलत दिशा में गुमराह किया गया था और मैंने वह ईमानदार बातचीत किए बिना ही फैसला ले लिया, जिसके हम दोनों हकदार थे। मैं अपने उस फैसले और उससे पहुंची तकलीफ की जिम्मेदारी लेती हूं। इसके बाद हमने खुलकर बात की, एक-दूसरे को समझा और फिर से साथ रहने का फैसला किया। हम दोनों एक-दूसरे के लिए काफी हैं और हमें किसी और की जरूरत नहीं है। इस बार मैं चाहती हूं कि हमारा भविष्य हमारी अपनी समझ, भरोसे और प्यार के आधार पर तय हो। जब हम एक नई शुरुआत कर रहे हैं तो कृपया हमारे फैसले का सम्मान करें।'

उधर शुक्रवार को पनामा के दक्षिणी तट पर आए दो जबरदस्त भूकंपों के बाद सोमवार को 6 की तीव्रता वाला भूकंप आया। यूरोपियन-मेडिटेरेनियन सीस्मोलॉजिकल सेंटर (EMSC) के अनुसार, भूकंप जमीन से 35 किलोमीटर की गहराई पर आया था। पनामा में शुक्रवार को 7.7 तीव्रता का भूकंप आया, जिससे देश के मध्य प्रांतों में सैकड़ों घर और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा। इसके बाद 300 से ज्यादा आफ्टरशॉक्स (भूकंप के बाद के झटके) महसूस किए गए, जिसके चलते सरकार को वीकेंड में राष्ट्रीय आपातकाल की घोषणा करनी पड़ी। आपातकालीन अधिकारियों के अनुसार, किसी की मौत की खबर नहीं है, लेकिन कम से कम 27 लोग घायल हुए और लगभग 900 घर क्षतिग्रस्त हुए। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि दूर-दराज के इलाकों में नुकसान का आकलन जारी रहने के कारण घायलों या नुकसान की संख्या बढ़ सकती है। अधिकारियों ने बताया कि सबसे ज्यादा प्रभावित प्रांतों में लॉस सैंटोस, कोक्ले, वेरागुआस और हेरेरा शामिल हैं।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, प्रदेश के ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों में सड़क संपर्क मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार से बड़ी राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई)-4 के तहत राज्य के सड़क और पुल निर्माण प्रस्तावों पर चर्चा की। बैठक में 315 मोटर मार्गों और 32 सेतुओं के निर्माण प्रस्तावों को शीघ्र स्वीकृति देने पर सहमति बनी। इन प्रस्तावों के तहत 1777 किलोमीटर लंबाई के 315 मोटर मार्गों के निर्माण पर 2526 करोड़ रुपये खर्च किए जाने हैं। वहीं, 32 सेतुओं के निर्माण के लिए 182 करोड़ रुपये प्रस्तावित हैं। इस तरह कुल 2708 करोड़ रुपये की लागत से सड़क और पुल निर्माण कार्य किए जाने हैं। इन परियोजनाओं के माध्यम से प्रदेश की 610 बसावटों को सड़क संपर्क से जोड़ने का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री ने बैठक में 213 अतिरिक्त सड़क प्रस्तावों का मुद्दा भी उठाया। इनकी कुल लंबाई 1360 किलोमीटर है। केंद्रीय मंत्री ने इन प्रस्तावों पर भी शीघ्र स्वीकृति के लिए विचार करने का आश्वासन दिया। इन प्रस्तावों को मंजूरी मिलने पर प्रदेश में ग्रामीण सड़क नेटवर्क का और विस्तार हो सकेगा।

इधर उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को बड़ी कामयाबी मिली है। हरिद्वार के कनखल में साल 2024 में हुई महंत की हत्या के मामले में फरार चल आरोपी को STF ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर 50 हजार रुपए का इनाम था। STF ने आरोपी को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान प्रदीप निवासी ऊदपुर, झिझाना, शामली, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है, जो लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहा था। एसटीएफ के मुताबिक कनखल थाना क्षेत्र स्थित श्रद्धा भक्ति आश्रम में साल 2024 में गुरुजी महंत गोविन्द दास के शिष्य विशम्बर दास (73) की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में कनखल थाने में हत्या, साक्ष्य मिटाने, आपराधिक षड्यंत्र और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।