ग्रेटर नोएडा कांडः पांच मौतों के मामले में बड़ा एक्शन! मृतक महेश की दो बहनें और बहनोई गिरफ्तार, ऑडियो रिकॉर्डिंग से खुला राज
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्धनगर जिले के रबूपुरा क्षेत्र में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मृतक महेश के साले की शिकायत पर पुलिस ने उसकी दो बहनों और एक बहनोई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में महेश के मोबाइल फोन में मिला कथित वॉइस नोट भी जांच का अहम हिस्सा बन गया है। पुलिस के मुताबिक, इस रिकॉर्डिंग में महेश ने अपनी दोनों बहनों और बहनोई को परिवार की मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया है। हालांकि, पांचों की मौत की वास्तविक वजह का अभी खुलासा नहीं हुआ है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, शेखर उर्फ चंद्रशेखर उसकी पत्नी सुनीता और सपना को गिरफ्तार किया गया है। शेखर और सुनीता दिल्ली के शालीमार गांव के निवासी हैं, जबकि सपना खेड़ा कला, दिल्ली की रहने वाली है। तीनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जांच के दौरान पुलिस को मृतक महेश के मोबाइल फोन से एक कथित वॉइस नोट मिला है। बताया जा रहा है कि महेश ने इस रिकॉर्डिंग में अपनी दोनों बहनों और बहनोई पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस रिकॉर्डिंग की सत्यता और उसमें कही गई बातों का सत्यापन कर रही है। इस बीच, प्रारंभिक जांच में परिवार के भीतर संपत्ति विवाद की बात भी सामने आई है। आरोप है कि मकान, जमीन और मुआवजे की रकम को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था।
नूडल्स खाने के बाद सोया था परिवार
रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के नगला श्रीगोपाल गांव में शुक्रवार रात महेश, उसकी पत्नी ललिता और तीन बच्चों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मृतकों में महेश, ललिता, उनके बेटे साक्षात उर्फ लड्डू और रियांश तथा बेटी मिस्टी शामिल थे। जानकारी के अनुसार, परिवार रात में रामलीला देखकर घर लौटा था। इसके बाद सभी ने नूडल्स खाए और सोने चले गए। शनिवार सुबह काफी देर तक किसी के नहीं उठने पर घटना का पता चला। पुलिस ने शुरुआती जांच में खाद्य विषाक्तता की आशंका भी जताई थी। पांचों शवों का पोस्टमॉर्टम कराया गया। जांच के दौरान विषाक्त पदार्थ की आशंका को देखते हुए विसरा सुरक्षित कर विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया की गई है।
एक साथ उठीं पांच अर्थियां, गांव में मातम
पोस्टमॉर्टम के बाद शनिवार देर रात पांचों शव गांव पहुंचे तो परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई। गमगीन माहौल के बीच परिजनों ने देर रात ही पांचों शवों का अंतिम संस्कार कर दिया। एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत से गांव स्तब्ध है। वहीं, पुलिस अब कथित वॉइस नोट, संपत्ति विवाद और विसरा रिपोर्ट के आधार पर इस मामले की गुत्थी सुलझाने में जुटी है।
