Good Morning India: देशभर में 77वें गणतंत्र दिवस का जश्न, कर्तव्य पथ पर दुनिया देखेगी भारत की ताकत! अभेद सुरक्षा घेरे में दिल्ली, चप्पे-चप्पे पर जवान! यहां आजादी के बाद पहली बार लहराएगा तिरंगा, जानें और क्या है खास?

Good Morning India: Celebrations mark the 77th Republic Day across the country, with the world witnessing India's strength in the line of duty! Delhi is under an impenetrable security cordon, with so

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज भारत 77वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आयोजित मुख्य समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू परेड की सलामी लेंगी। वहीं सीएम योगी आज 35 पुलिसकर्मियों को करेंगे सम्मानित। 

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, आज भारत 77वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आयोजित मुख्य समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू परेड की सलामी लेंगी। यूरोपीय  संघ की अध्यक्ष उर्सुला लॉन डेर लेयेन और यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो लुइस सैंटोस दा कोस्टा इस गौरवशाली लम्हे के साक्षी बनेंगे। इस बीच समारोह स्थल पर सुरक्षा अधिकारियों और मेहमानों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो चुका है। इस बार के गणतंत्र दिवस समारोह में लगभग 10,000 विशेष अतिथि शामिल होंगे। इनमें वैज्ञानिक, खिलाड़ी, किसान, महिला उद्यमी, स्टार्टअप संस्थापक, कारीगर, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, दिव्यांगजन, जनजातीय प्रतिनिधि और विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थी शामिल हैं।

उधर भारत के लिए 77वां गणतंत्र दिवस बेहद खास साबित होने वाला है। दरअसल, इस मौके पर भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) के बीच मुफ्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर मुहर लगने की संभावना है। इसके लिए यूरोपीय आयोग (यूरोपियन कमीशन) की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयन और यूरोपीय परिषद (यूरोपियन काउंसिल) के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा गणतंत्र दिवस परेड के मुख्य अतिथि के तौर पर भारत भी पहुंच चुके हैं। उनके साथ यूरोप के दर्जनभर अधिकारी भी भारत आए हैं। माना जा रहा है कि परेड के ठीक बाद भारत और यूरोप के अफसर भारत-ईयू के बीच एफटीए पर हस्ताक्षर कर दोनों पक्षों के रिश्तों को नई दिशाएं देंगे। 

इधर छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में दशकों तक चले नक्सल हिंसा के अंधकार के बाद अब शांति, विश्वास और लोकतंत्र का उजाला दिखाई देने लगा है। लंबे समय तक माओवादी उग्रवाद से प्रभावित रहे बस्तर संभाग के बीजापुर, नारायणपुर और सुकमा जिले के 47 ऐसे गांव, जहां अब तक राष्ट्रीय पर्व मनाना संभव नहीं था, वहां इस वर्ष 26 जनवरी को पहली बार गणतंत्र दिवस मनाया जाएगा। यह अवसर बस्तर के इतिहास में लोकतांत्रिक पुनर्स्थापना का साक्षी होगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का कहना है कि जहां कभी नक्सली हिंसा के कारण विकास अवरुद्ध था, वहीं आज सुशासन की सरकार बस्तर को विकास की मुख्यधारा से जोड़ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ सरकार बस्तर को माओवाद के भय से मुक्त कर विकास और विश्वास के नए युग की ओर ले जा रही है। 47 गांवों में पहली बार फहरने वाला तिरंगा न केवल राष्ट्रीय पर्व का उत्सव होगा, बल्कि यह शांति, लोकतंत्र और विकास के विजय का सशक्त संदेश भी देगा। 

उधर धर दिल्ली पुलिस ने गणतंत्र दिवस समारोह के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की है। दिल्ली के कई इलाकों को किले में तब्दील कर दिया गया है। नई दिल्ली क्षेत्र में लगभग 10,000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। आर्टिफीशिएल इंटेलीजेंस (AI) आधारित स्मार्ट चश्मे, सीसीटीवी कैमरों सहित उन्नत निगरानी प्रौद्योगिकियों का सहारा लिया जा रहा है। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल के जवान तैनात हैं। 

इधर राजस्थान के नागौर जिले में पुलिस ने गणतंत्र दिवस से ठीक एक दिन पहले एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया। थाना थांवला क्षेत्र के हरसोर गांव में एक खेत पर छापा मारकर पुलिस ने करीब 9,550 किलो अमोनियम नाइट्रेट बरामद किया है। यह विस्फोटक सामग्री 187 बोरियों में भरी हुई थी। मौके से बड़ी संख्या में डेटोनेटर और नीले-लाल रंग की फ्यूज वायर भी जब्त की गई है। पुलिस ने मौके से सुलेमान खान नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। वह हरसोर गांव का रहने वाला है और उसके खिलाफ पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। मौके से बड़ी संख्या में डेटोनेटर और फ्यूज भी मिले हैं। अभी तक की पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी वैध-अवैध माइनिंग करने वालों को विस्फोटक बेचता था। हालांकि विस्फोटक मिलने की सूचना केंद्रीय एजेंसियों को भी दी गई है। वे भी सुलेमान से आकर पूछताछ करेंगी।

उधर भारतीय क्रिकेट के लिए बुरी खबर आई है। दरअसल, BCCI के पूर्व प्रेसीडेंट आई एस बिंद्रा का निधन हो गया है। आई एस बिंद्रा का पूरा नाम इंदरजीत सिंह बिंद्रा था। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल यानी ICC के चेयरमैन जय शाह ने सोशल मीडिया पर उनके निधन की खबर की पुष्टि की। आई एस बिंद्रा ने BCCI और पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन में अध्यक्ष पद पर रहे। वह लंबे समय से बीमार थे। उनका 84 साल की उम्र में निधन हो गया। बिंद्रा-डालमिया की जोड़ी को भारत में अरबों डॉलर की क्रिकेट इंडस्ट्री बनाने का श्रेय दिया जाता है। आई एस बिंद्रा ने 1993 से 1996 तक BCCI के प्रेसीडेंट के रूप में काम किया। बिंद्रा 1978 से 2014 तक पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (PCA) के अध्यक्ष भी रहे। साल 2015 में, एक प्रशासक के रूप में उनकी सेवाओं को श्रद्धांजलि देते हुए मोहाली में PCA स्टेडियम का नाम बदलकर I.S. बिंद्रा स्टेडियम कर दिया गया। 

इधर मध्य प्रदेश के रीवा जिले से एक ऐसी खौफनाक खबर सामने आई है, जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए। यहां तीन युवकों ने एक बुजुर्ग की न केवल बेरहमी से पिटाई की, बल्कि उन्हें बाइक से घसीटते हुए सड़क पर कई किलोमीटर तक ले गए। खून से लथपथ बुजुर्ग इस वक्त अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं। घटना के विरोध में गुस्साए परिजनों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया है। रीवा के सेमरिया थाना क्षेत्र में भुसावल के आगे पड़रिया इलाके में रहने वाले बुजुर्ग लक्ष्मण प्रजापति के साथ तीन युवकों ने वो हैवानियत की, जिसे सुनकर रोंगटे खड़े हो जाएं। आरोप है कि मामूली विवाद में बाइक सवार तीन युवकों ने बुजुर्ग को पकड़ा, उन्हें बेरहमी से पीटा और फिर बाइक के साथ सड़क पर कई किलोमीटर तक घसीटा।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में सोमवार को हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में बारिश और बर्फबारी के आसार जताए गए हैं। खासकर 2800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की अधिक संभावनाएं हैं। हालांकि प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। आने वाले दिनों की बात करें तो 29 जनवरी तक प्रदेशभर के पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश व बर्फबारी की संभावना है। 30 जनवरी को प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहेगा। जबकि 31 जनवरी को एक बार फिर मौसम बदलने की संभावना है।

इधर पिछले साल नकली दवा बनाने वाले अंतराज्यीय गैंग की धरपकड़ करने वाली एसटीएफ की टीम को विशिष्ट कार्य के लिए राज्यपाल पदक मिलेगा। एसटीएफ ने इस गैंग के कई सदस्यों को गिरफ्तार किया था। इसके अलावा कई फैक्टरी भी पकड़ी गई थीं। यह गैंग राजस्थान का रहने वाला एक व्यक्ति चला रहा था। इस कार्रवाई में बड़ी मात्रा में नकली दवाएं और अन्य सामग्री भी बरामद की गई थी। इनके अलावा 137 अधिकारियों और कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस पर पुलिस महानिदेशक (डीजी) प्रशस्ति पद भी दिए जाएंगे।

उधर आईजी डॉ. योगेंद्र सिंह रावत और डॉ. सदानंद दाते समेत उत्तराखंड पुलिस के नौ अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रपति पदक दिए जाएंगे। इनमें से आईजी डॉ. रावत और डॉ. दाते को विशिष्ट सेवा के आधार पर पदक दिया जाएगा। इनमें डॉ. दाते का नाम सीबीआई कोटे से भेजा गया था। डॉ. दाते सात वर्ष तक केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के दौरान सीबीआई में तैनात रहे हैं। इनके अलावा सात अधिकारियों और कर्मचारियों को सराहनीय सेवा के आधार पर राष्ट्रपति पदक की घोषणा की गई है। इनमें दो फायर सर्विस के कर्मचारी भी शामिल हैं। इन सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को डीजीपी दीपम सेठ ने शुभकामनाएं दी हैं।

इधर कालसी-चकराता मोटर मार्ग पर रविवार को चकराता कोतवाली क्षेत्र के सैंज गांव के पास एक स्कूटर को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में स्कूटर पर सवार देहरादून के कालसी ब्लॉक के गडौरा सकरौला निवासी राजेश सिंह तोमर (23) की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं दिल्ली के कल्याणपुरी के ब्लॉक 21 निवासी राजा (25) की अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में मौत हो गई। 

उधर विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ और केदारनाथ धाम समेत बदरी-केदार मंदिर समिति के अधीनस्थ आने वाले सभी मंदिरों में गैर-हिंदुओं का प्रवेश वर्जित रहेगा। इसके लिए मंदिर समिति की आगामी बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पारित किया जाएगा। यह बात बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कही है। बीजेपी के वरिष्ठ नेता व बदरी केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं की रक्षा सर्वोपरि है। केदारखंड से लेकर मानसखंड तक स्थापित मंदिर श्रृंखला में परंपरागत रूप से गैर हिंदुओं का प्रवेश प्रतिबंधित रहा है, लेकिन गैर बीजेपी सरकारों के समय परंपराओं का उल्लंघन होता रहा है। ऐसे में परंपराओं का विधिवत अनुपालन सुनिश्चित हो सके, इसके लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।