Awaaz24x7-government

Good Morning India: पाकिस्तान और अफगानिस्तान में युद्धविराम! रामनगरी अयोध्या में दीपोत्सव की धूम, 1.20 लाख दीयों से जगमगाया कर्तव्य पथ! इसरो को मिली बड़ी सफलता, उत्तराखण्ड के पूर्व सीएम हरीश रावत की कार मेरठ में हुई हादसे का शिकार! पढ़ें प्रमुख खबरें

Good Morning India: Ceasefire between Pakistan and Afghanistan! Diwali celebrations in Ayodhya, with 120,000 diyas illuminating the path of duty! ISRO achieves major success; former Uttarakhand Chief

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपने खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए अभी तक की प्रमुख खबरों और आज के प्रमुख कार्यक्रमों  पर नजर डालते हैं। शुरुआत आज की उन खबरों से करते हैं जिनपर सभी की नजर रहेगी। अयोध्या में आज भव्य दीपोत्सव होगा। 

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, अयोध्या में आज रविवार को दीपोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में रिकॉर्ड 29 लाख दीये जलाएं जाएंगे। यह एक नया रिकॉर्ड होगा। शनिवार को लगातार तीसरे दिन सुबह से ही अवध विश्वविद्यालय के घाट संयोजकों और प्रभारियों की निगरानी में आवासीय परिसर, संबंद्ध कॉलेजों, इंटर कॉलेजों व स्वयसेवी संस्थाओं के स्वयंसेवकों ने दीये बिछाने का काम जारी रखा। दोपहर में तेज धूप के बावजूद छात्र-छात्राएं पूरे मनोयोग से इस काम में जुटे रहे। कई घाटों पर दीयों से रामायण कालीन प्रसंग, बड़े दीये की आकृति और रंगोली दीप उकेरे गए हैं। घाट नंबर 10 पर 80 हजार दीये से स्वास्तिक सजाई गई है। इससे पूरी दुनिया में शुभता का संदेश जाएगा। इनकी शोभा देखते ही बन रही है। काफी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक भी दीये बिछाने की प्रक्रिया को देखने पहुंचे और इसमें मददगार भी बने।

इधर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में शनिवार को देश की राजधानी में नया इतिहास लिखा गया। भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या की तरह दिल्ली में पहली बार कर्तव्य पथ पर दीपोत्सव का विहंगम दृश्य देखने को मिला। करीब 1.20 लाख दीये एक साथ जगमगाए। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ये केवल दीपों का उत्सव भर नहीं बल्कि नई क्रांति की आहट है। दिल्ली ने नया इतिहास लिखा है जहां आस्था और आधुनिकता का संगम अद्भुत रूप में सामने आया है। राजधानी ने यह दिखा दिया कि दिल्ली अब केवल शासन की राजधानी नहीं बल्कि सांस्कृतिक चेतना की धड़कन भी है। श्रीराम के जीवन चरित का ड्रोन प्रदर्शन और दीपों का संगम इस बात का प्रतीक है कि राजधानी अब सनातन परंपरा व देश की सांस्कृतिक समझ के साथ आगे बढ़ रही है। आजादी के बाद ऐसा पहली बार हुआ है जब कर्तव्य पथ पर सामूहिक रूप से दीपावली का आयोजन किया जा रहा है।

उधर चंद्रमा के दक्षिण ध्रुव पर उतरकर इतिहास रचने वाले चंद्रयान-2 ने एक बार फिर नई जानकारी जुटाई है। सूर्य के चांद पर पड़ने वाले असर का चंद्रयान-2 ने पता लगाया है। इसरो ने शनिवार (18 अक्तूबर ) को इसकी जानकारी साझा की है। अंतरिक्ष एजेंसी ने कहा कि इस अवलोकन से चंद्रमा के बाह्यमंडल, चंद्रमा के अत्यंत विरल वायुमंडल और उसकी सतह पर अंतरिक्ष मौसम के प्रभाव को समझने में मदद मिलेगी। इसरो ने बताया कि भारत के महत्वाकांक्षी मिशन चंद्रयान-2 के लूनर ऑर्बिटर ने अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में एक बहुत बड़ी और पहली बार देखी गई घटना दर्ज की है। चंद्रयान-2 पर लगे वैज्ञानिक उपकरण चेस-2 ने सूर्य से निकलने वाले कोरोनल मास इजेक्शन (सीएमई) के प्रभावों को चंद्रमा के बाह्यमंडल यानी उसके बेहद पतले वायुमंडल पर सीधे देखा है।

इधर पंजाब सरकार ने डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर को निलंबित कर दिया है। गृह विभाग ने यह कार्रवाई की है। पंजाब पुलिस के रोपड़ रेंज के डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर को सीबीआई चंडीगढ़ ने वीरवार को एक स्क्रैप डीलर से 8 लाख रुपये रिश्वत लेने के मामले में मोहाली से गिरफ्तार किया था। सीबीआई चंडीगढ़ की 8 टीमों ने मामले में वीरवार को अंबाला, मोहाली, चंडीगढ़ और रोपड़ सहित 7 ठिकानों पर रेड की। डीआईजी भुल्लर के ऑफिस, घर, फार्म हाउस और अन्य ठिकानों को सीबीआई ने खंगाला। बता दें कि डीआईजी भुल्लर की चंडीगढ़ कोठी से साढ़े सात करोड़ कैश मिला है। यह कैश 3 बैग और एक सूटकेस में भरा हुआ था। इसके अलावा सोने के गहने, 22 मंहगी बेशकीमती घड़ियां, बैंक के लॉकरों की चाबियां, 40 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई थी।  डीआईजी भुल्लर 2007 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। डीआईजी भुल्लर के पिता महल सिंह भुल्लर पंजाब के डीजीपी रह चुके हैं।

उधर एनएच-34 पर धरपा कट के पास शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे यात्रियों से भरी बस में आग लग गई। बस में सवार चालक समेत 60 से अधिक लोगों ने बस से बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। गनीमत रही कोई हताहत नहीं हुआ। बस में आग लगने से लगभग एक घंटे तक हाइवे पर यातायात प्रभावित हो गया। बताया जाता है कि दादरी से एक निजी बस सवारी लेकर हरदोई के लिए रवाना हुई थी। इसमें अलीगढ़, हाथरस व अन्य जनपदों में जाने वाले यात्री थे। चालक के अनुसार जब नेशनल हाइवे 34 पर धरपा कट के पास पहुंचे तो अचानक इंजन में से धुंआ उठने लगा तो उन्होंने बस को सड़क किनारे पर को रोक लिया। इसके बाद सभी लोगों को नीचे उतरने को बोल दिया। कुछ देर में इंजन में आग की लपटेंं बाहर उठने लगीं।

इधर रोहतक के पीजीआई में 12 दिन से उपचाराधीन दुष्कर्म पीड़िता हिसार की एक नाबालिग ने बच्ची को जन्म दिया है। नाबालिग के परिजनों ने नवजात बच्ची को अपनाने और साथ ले जाने से इन्कार कर दिया। परिवार बच्ची को पीजीआई में ही छोड़कर चला गया। संस्थान की सूचना पर सीडब्ल्यूसी (बाल कल्याण समिति) ने बच्ची को संरक्षण में ले लिया है। इसे एडॉप्शन सेंटर में भर्ती कराया गया है। यहीं अब नवजात की बच्ची की देखभाल की जाएगी। पीजीआई में 12 दिन पहले भर्ती नाबालिग ने 16 अक्तूबर को एक बच्ची को जन्म दिया। इसके बाद परिजन नवजात को पीजीआई में ही छोड़कर नाबालिग लड़की को लेकर चले गए। संस्थान प्रबंधन से सूचना मिलने के बाद सीडब्ल्यूसी की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने बच्ची का स्वास्थ्य व अन्य जानकारी जुटाने के बाद उसे देखभाल के लिए एडॉप्शन सेंटर में भेज दिया।

उधर पाकिस्तान और अफगानिस्तान दोनों देश युद्धविराम पर सहमत हो गए हैं। कतर के दोहा में आयोजित वार्ता के दौरान दोनों देशों ने तत्काल युद्धविराम पर सहमति जताई है। दोनों देशों के बीच युद्धविराम की मध्यस्थता तुर्की ने की थी। कतर ने कहा कि दोनों पक्ष आने वाले दिनों में और बैठकें करने पर सहमत हुए हैं ताकि युद्धविराम स्थायी रहे और इसे सही तरीके से लागू किया जा सके। यह शांति वार्ता हाल की लड़ाई के बाद हुई है। इस लड़ाई दोनों देशों के कई लोग मारे गए और सैकड़ों घायल हुए हैं। वर्ष 2021 में तालिबान के सत्ता में लौटने के बाद से दोनों देशों के बीच सबसे गंभीर टकराव है।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, केदारनाथ मंदिर के कपाट बंद होने की प्रक्रिया शनिवार से शुरू हो गई है। इसके तहत शनिवार को केदारनाथ धाम के क्षेत्रपाल भकुंट भैरवनाथ मंदिर में आखिरी पूजा-अर्चना हुई। इसी के साथ केदारनाथ स्वयंभू लिंग से शृंगार भी हटा दिया गया अब आरती भी सूक्ष्म रूप से होगी। केदारनाथ मंदिर के कपाट 23 अक्तूबर को विधि-विधान से बंद कर दिए जाएंगे। शनिवार को केदारनाथ के क्षेत्रपाल भकुंट भैरवनाथ मंदिर में आखिरी पूजा हुई। दोपहर बारह बजे से तीन घंटे तक विशेष पूजाएं हुईं। आचार्य संजय तिवारी, आचार्य तेजप्रकाश त्रिवेदी, बागेश्वर लिंग ने पूजा की। 

इधर दीपावली त्योहार को लेकर बदरीनाथ धाम में तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। बदरीनाथ मंदिर को 12 क्विंटल गेंदे के फूलों से भव्य तरीके से सजाया जा रहा है। बदरीनाथ धाम में दीपावली के दिन माता लक्ष्मी, कुबेर जी और बदरीविशाल के खजाने की विशेष पूजा की जाती है। इस दिन मंदिर परिसर में स्थानीय लोगों के साथ ही श्रद्धालु भी दीपक जलाते हैं। इसको लेकर मंदिर में तैयारियां की जा रही हैं। मंदिर को गेंदे के फूलों से सजाया जा रहा है। मंदिर को सजाने के लिए मुंबई के किसी श्रद्धालु ने फूलों की व्यवस्था की है। बीकेटीसी के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि मंदिर को भव्य रूप से सजाया जा रहा है। बदरीनाथ में दीपावली को धार्मिक रीति रिवाज के साथ उत्साह पूर्वक मनाया जाता है।

उधर भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी पिथौरागढ़ पहुंचे हैं। सेना प्रमुख उपेन्द्र द्विवेदी ने बताया कि आपरेशन सिंदूर 1.0 हो चुका है। ऑपरेशन सिंदूर को रोका नहीं है। कुछ समय के लिए जो गोलाबारी चल रही थी उसे रोका गया है। ऑपरेशन कायम है और तब तक चलता रहेगा, जब तक इसका लक्ष्य हासिल नहीं हो जाता है। आर्मी चीफ ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर 2.0 कभी भी आ सकता है और भारतीय सेना इसके लिए तैयारी कर रही है। भारतीय थल सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी अपने भ्रमण के तहत शुक्रवार को पिथौरागढ़ पहुंचे थे। उन्होंने सेना ब्रिगेड मुख्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक की। शनिवार देर शाम फुटबॉल ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सैनिकों के साथ ही पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कार्यरत सैनिकों और पूर्व सैनिकों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने कहा कि वे दीपावली की बधाई देने यहां आए हैं।

इधर उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत शुक्रवार को एक सड़क दुर्घटना में बाल-बाल बच गए। उत्तराखंड के पूर्व सीएम हरीश रावत दिल्ली से देहरादून जाते समय कंकरखेड़ा के पास एक कार दुर्घटना में बाल-बाल बच गए। हालांकि एक सुरक्षा कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार यहां उनकी कार मेरठ-दिल्ली-देहरादून हाईवे पर एमआईटी कॉलेज के पास अनियंत्रित हो गई और कई गाड़ियों से टकरा गईं, लेकिन वे बाल-बाल बच गए। पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें दूसरी गाड़ी में बिठाया गया। इसके बाद वो देहरादून रवाना हो गए।