Good Morning India: ब्रिक्स समिट का दूसरा दिन आज, होंगी अहम द्विपक्षीय बैठकें! मलेशिया के PM ने गाया 'ख्वाब हो तुम या कोई हकीकत' गीत! जोमैटो ने दिया ग्राहकों को बड़ा झटका! लिंक में पढ़ें प्रमुख खबरें
नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। आज ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का आखिरी दिन है। वहीं आज महिला एशिया कप टी20 में भारत और श्रीलंका के बीच मुकाबला है।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, नई दिल्ली में चल रहे 18वें BRICS शिखर सम्मेलन का आज दूसरा और बेहद अहम दिन है। दुनिया के कई बड़े नेता आज भारत मंडपम पहुंचेंगे। यहां BRICS के साझेदार और आमंत्रित देशों के राष्ट्राध्यक्षों और शासनाध्यक्षों की मौजूदगी में वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होगी। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह करीब 9:55 बजे भारत मंडपम में नेताओं और मंत्रियों के पहुंचने से होगी। इसके बाद सुबह 10:35 बजे सभी नेताओं की फैमिली फोटो होगी। सुबह 10:50 बजे शिखर सम्मेलन का ओपन सेशन शुरू होगा। इस सत्र की थीम 'लचीलेपन, नवाचार, सहयोग और सतत विकास के जरिए समावेशी वैश्विक विकास का भविष्य' रखी गई है। इस दौरान नेता वैश्विक विकास, आर्थिक सहयोग, नवाचार और सतत विकास जैसे मुद्दों पर अपने विचार रखेंगे।
इधर BRICS समिट में हिस्सा लेने के लिए कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष और प्रतिनिधि इन दिनों भारत दौरे पर हैं। इस बीच मलेशिया के प्रधानमंत्री भी नई दिल्ली पहुंचे हुए हैं। वहीं मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह बॉलीवुड का मशहूर गाना "ख्वाब हो तुम या कोई हकीकत" गाते हुए देखे जा सकते हैं। अनवर इब्राहिम ने अपने आधिकारिक दिल्ली दौरे में एक खास सांस्कृतिक रंग जोड़ते हुए कूटनीति के साथ-साथ बॉलीवुड के सदाबहार गानों का भी आनंद लिया। साल 1965 की फिल्म 'तीन देवियां' का किशोर कुमार का मशहूर गाना "ख्वाब हो तुम या कोई हकीकत" गाकर उन्होंने सबको चौंका दिया। दरअसल, ब्रिक्स समिट में हिस्सा लेने आए मलेशिया के पीएम इब्राहिम अनवर ने दिल्ली के एक होटल में रुकने के दौरान यह गाना गाया। इस परफॉर्मेंस में एस.डी. बर्मन की शानदार धुन और मजरूह सुल्तानपुरी के लिखे बोल शामिल थे, जो हिंदी सिनेमा के प्रति उनके लंबे समय से चले आ रहे लगाव को दर्शाता है। यह लगाव अक्सर उनकी कूटनीतिक मुलाकातों के दौरान भी देखने को मिलता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ पहले हुई कूटनीतिक बातचीत के दौरान भी भारतीय लोकप्रिय संस्कृति के प्रति ऐसा ही लगाव दिखाते हुए, अनवर ने फिल्म 'कभी खुशी कभी गम' के मशहूर गाने "बोले चूड़ियां" पर आधारित एक आधिकारिक वीडियो मोंटाज शेयर किया था।
उधर अक्सर ऑनलाइन खाना मंगाने वालों के लिए जरूरी खबर है। अगर आप जोमैटो से खाना ऑर्डर करते हैं और पेमेंट डिलीवरी के समय (COD) में करते हैं, तो अब आपको इसके लिए एक्स्ट्रा पैसे देने पड़ सकते हैं। जोमैटो ने कैश ऑन डिलीवरी ऑर्डर पर अलग से पे ऑन डिलीवरी फीस लगाना शुरू किया है। इससे कैश में भुगतान करने वाले ग्राहकों का कुल बिल बढ़ जाएगा। यह नया शुल्क ऑर्डर के बिल में पे ऑन डिलीवरी फीस के नाम से दिखाई दे रहा है। हालांकि, यह फीस सभी ग्राहकों के लिए एक जैसी नहीं है। अलग-अलग ऑर्डर और यूजर्स के लिए अलग रकम दिखाई दे रही है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक कुछ मामलों में यह चार्ज 5 रुपये बताया जा रहा है। हालांकि, इस फीस की गणना किस आधार पर होती है, यह पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। यह ऑर्डर की कीमत, ग्राहक की लोकेशन या किसी अन्य फैक्टर पर निर्भर कर सकती है। जोमैटो पर ग्राहकों को पहले से ही प्लेटफॉर्म फीस के अलावा डिलीवरी चार्ज, पैकेजिंग फीस और अन्य लागू शुल्क देने पड़ते हैं। अब COD के लिए अलग फीस जुड़ने से कैश में भुगतान करने वाले ग्राहकों का खर्च और बढ़ सकता है।
इधर BRICS शिखर सम्मेलन में शामिल देशों के राष्ट्राध्यक्षों के सम्मान में भारत मंडपम में डिनर का आयोजन किया गया। इस दौरान मौजूद मेहमानों को भारतीय संस्कृति, विविधता और समृद्ध स्वाद का अनूठा संगम देखने को मिला। मेहमानों के लिए तैयार किए गए खास शाकाहारी मेनू में उत्तर भारत से लेकर दक्षिण भारत और पश्चिम से लेकर पूर्वी भारत तक के पारंपरिक भारतीय व्यंजनों को एक आधुनिक और शाही अंदाज़ में पेश किया गया। मेहमानों को स्टार्टर्स के तौर पर खांडवी मिल-फॉय और खुंब गलौटी परोसी गई। खांडवी मिल-फॉय को को राई, नारियल और कड़ी पत्ते का तड़का लगाकर तैयार किया गया। इसे केसरिया आम (Kesar Mango), माइक्रो-ग्रीन्स और दही की ड्रेसिंग के साथ आधुनिक अंदाज में परोसा गया। यह गुजरात का पारम्परिक व्यंजन है। वहीं अवधी शैली में बने मशरूम के बेहद नर्म कबाब खुंब गलौटी को मिंट पर्ल्स (पुदीने की गोलियों) के साथ शीरमाल ब्रेड पर रखकर परोसा गया। वहीं मेन कोर्स में पनीर लबाबदार, गुच्छी मार्मिक, कैरेट बीन पोरीयल, तक्कली बेले सारू , मिल्लेट पुलाव, बीटरूट रायता और भारतीय रोटियों और नान की विविध टोकरी परोसी गई।
उधर BRICS समिट 2026 के दौरान जाहरा पेजेश्कियन की खूब चर्चा हो रही है। दरअसल, जाहरा, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन की बेटी हैं। ब्रिक्स समिट में जाहरा, अपने पिता और पति हसन मजीदी के साथ नई दिल्ली के दौरे पर आई हैं। जाहरा पेजेश्कियन ने पति हसन मजीदी के साथ नई दिल्ली में प्रधानमंत्री संग्रहालय का भी दौरा किया। इसके साथ ही, जाहरा, नेशनल क्राफ्ट्स म्यूजियम में ब्रिक्स बाजार भी गईं और लोगों से बातचीत करती नजर आईं। अपनी यात्रा के दौरान, जाहरा पेजेश्कियन ने उस म्यूजियम को देखा जहां भारत के प्रधानमंत्रियों के सफर, उनके योगदान और उनकी विरासत को दर्शाया गया है। म्यूजियम में जाहरा भारत के लोकतांत्रिक नेतृत्व और शासन व्यवस्था को दर्शाने वाली प्रदर्शनियों को देखती हुई नजर आईं। म्यूजियम के वीडियो में जाहरा पेजेश्कियन काले रंग का अबाया पहने हुए दिखाई दीं।
इधर सागर के बंडा थाना क्षेत्र के बहुचर्चित जहरीली शराब कांड के मुख्य फरार आरोपी और 30 हजार रुपये के इनामी बदमाश शिवांजय राजपूत को सागर पुलिस ने रविवार तड़के एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। बहरोल थाना क्षेत्र के कठुआ नाला के पास हुई इस कार्रवाई के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर तीन गोलियां चलाईं। इसके जवाब में पुलिस की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी शिवांजय राजपूत (21), निवासी ग्राम छापरी, धामोनी-बहरोल मार्ग से अपने घर जाने की फिराक में है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बांदरी थाना प्रभारी सत्येंद्र सिंह और बहरोल थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने पुलिस बल के साथ इलाके की घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ तीन फायर किए। पुलिस बल द्वारा आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई करते हुए दो राउंड फायर किए गए, जिससे आरोपी घायल हो गया।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, सड़क सुविधा से वंचित कर्णप्रयाग विकासखंड के सकंड गांव के ग्रामीणों का सब्र अब जवाब देने लगा है। शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से लगातार सड़क की मांग करने के बावजूद जब गांव तक सड़क नहीं पहुंची तो ग्रामीणों ने खुद ही गेती, फावड़ा, बेलचा और अन्य औजार उठा लिए। ग्रामीणों ने अपने निजी संसाधनों और श्रमदान से गांव तक सड़क निर्माण का काम शुरू कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव को सड़क से जोड़ने के लिए वे लंबे समय से शासन-प्रशासन, जिलाधिकारी और विधायक समेत संबंधित अधिकारियों को पत्राचार करते आ रहे हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। सड़क निर्माण की मांग को लेकर कई बार अधिकारियों के समक्ष मामला उठाने के बाद भी ग्रामीणों को सिर्फ आश्वासन ही मिले।
इधर काशीपुर स्थित महुआखेड़ागंज क्षेत्र में 20 वर्षीय युवती मेहविश की गोली लगने से हुई मौत के मामले में आईटीआई कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 12 बोर का अवैध तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। घटना के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर घटनास्थल से सबूत मिटाने का प्रयास भी किया था। 10 सितंबर को महुआखेड़ागंज क्षेत्र में युवती मेहविश की गोली लगने से मौत होने की सूचना सामने आई थी। मामले में मृतका के परिजन फईम हुसैन पुत्र स्वर्गीय फरियाद हुसैन निवासी महुआखेड़ागंज, काशीपुर ने 11 सितंबर को आईटीआई कोतवाली में तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया।