Sep 15, 2026 Login

Good Morning India: बेटियों ने फिर रचा इतिहास, महिला एशिया कप 2026 का खिताब जीता! फिर बेइज्जत हुआ पाक, भारतीय महिला टीम ने मोहसिन नक़वी से नहीं ली ट्रॉफ़ी! चीन को लेकर डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा बयान! गणेश चतुर्थी आज, स्थापना के लिए दिनभर में 5 मुहूर्त

Good Morning India: Our daughters make history again, winning the Women's Asia Cup 2026 title! Pakistan humiliated once more; the Indian women's team refused to accept the trophy from Mohsin Naqvi! D

नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। पटियाला हाउस स्थित विशेष न्यायाधीश की अदालत में स्वतंत्र भारद्वाज के मामले में आज सुनवाई होगी। वहीं यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज प्रयागराज के दौरे पर रहेंगे। 

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को चीन को लेकर बड़ा बयान जारी किया है। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि चीन अमेरिका की जासूसी करता है और अमेरिका भी चीन के साथ ऐसा ही करता है। ट्रंप ने कहा है कि वह चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की यात्रा के दौरान उनसे लगभग हर चीज के बारे में चर्चा करेंगे। ट्रंप के इस दावे ने एक बार फिर से चीन की जासूसी को लेकर चर्चा छेड़ दी है। डोनाल्ड ट्रंप ने साल 2028 में होने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव को लेकर भी बात की है। जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या वे 2028 के राष्ट्रपति चुनाव में वर्तमान उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की उम्मीदवारी का समर्थन करेगे? इस सवाल का जवाब देते हुए ट्रंप ने कहा कि "अभी काफी समय बाकी है। वेंस हमारे पास बहुत सारे अच्छे विकल्प हैं, वे सभी बहुत अच्छे हैं।" आपको बता दें कि आगामी अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव की रेस में रिपब्लिकन उम्मीदवार के तौर पर उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और विदेश मंत्री मार्को रूबियो सबसे आगे माने जा रहे हैं। 

इधर वुमेंस एशिया कप 2026 का फाइनल भारत और श्रीलंका के बीच दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में टीम इंडिया ने श्रीलंका को 72 रनों से हराकर 8वीं बार एशिया कप ट्रॉफी अपने नाम की। इस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी की करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 183 रन बनाए थे। जवाब में श्रीलंका की टीम 20 ओवर में 111 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। श्रीलंका की तरफ से इस मैच में कप्तान चमारी अट्टापट्टू ने सबसे ज्यादा 36 रन बनाए। भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने पहले विकेट के लिए 129 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी की थी। 183 रनों को डिफेंड करते हुए श्री चरणी ने सर्वाधिक 4 विकेट चटकाए, दीप्ति शर्मा ने 3 विकेट लिए।

उधर फाइनल मैच जीतने के बाद भारतीय महिला टीम ने एशिया कप की ट्रॉफी को पाकिस्तानी क्रिकेट बोर्ड के एशियन क्रिकेट काउंसिल के चीफ मोहसिन नकवी के हाथों से लेने से इनकार कर दिया जिसमें प्रजेंटेशन सेरेमनी के दौरान टीम इंडिया ड्रेसिंग रूम से बाहर नहीं आई। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने चौथी बार एशिया कप की ट्रॉफी को जब जीता तो उसके बाद मुकाबले को देखने के लिए पहुंचे बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया और उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने मैदान पर जाकर सभी खिलाड़ियों को बधाई दी। इसके बाद सैकिया कुछ देर तक टीम इंडिया के खिलाड़ियों से बात करते हुए भी दिखाई दिए। वहीं जब काफी देर के बाद पोस्ट मैच प्रजेंटेशन सेरेमनी की शुरुआत हुई तो भारतीय महिला टीम अपने ड्रेसिंग रूम से बाहर ही नहीं आई जिसमें उन्होंने जीती हुई टीम को मिलने वाले मेडल और ट्रॉफी को मोहसिन नकवी के हाथों से लेने से साफ मना कर दिया। महिला टी20 एशिया कप 2026 का आगाज होने से पहले ही यह साफ था कि यदि भारतीय टीम खिताब जीतती है तो उस स्थिति में वह मोहसिन नकवी के हाथों से ट्रॉफी नहीं लेगी। ऐसे में नकवी को एकबार फिर से सभी के सामने जलील होना पड़ा है। अब देखना होगा कि बीसीसीआई की तरफ से ट्रॉफी को लेकर आगे क्या कदम उठाए जाएंगे।

इधर गुजरात के अहमदाबाद में रविवार दोपहर एक पुराना दो मंजिला मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसा शहर के खाड़िया इलाके की एक संकरी गली में हुआ। मकान गिरने के बाद चार लोग मलबे के नीचे दब गए। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। दमकलकर्मियों ने राहत अभियान के दौरान दो लोगों को तुरंत मलबे से बाहर निकाल लिया। इसके बाद मलबा हटाकर दो महिलाओं को भी बाहर निकाला गया। चारों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। मलबे से निकाली गई 45 वर्षीय सोनल राणा को एलजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

उधर भारतीय रिकर्व तीरंदाज धीरज बोम्मादेवरा ने रविवार को इतिहास रच दिया। वह विश्व कप फाइनल में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष रिकर्व तीरंदाज बन गए हैं। उन्होंने जापान के नाकानिशी जुन्या को रोमांचक शूट-ऑफ में हराकर यह उपलब्धि हासिल की। इस जीत के साथ धीरज ने भारतीय पुरुष रिकर्व तीरंदाज के लिए 16 साल का इंतजार खत्म किया। जयंत तालुकदार अंतिम पुरुष रिकर्व तीरंदाज थे जिन्होंने 2010 में एडिनबर्ग में कांस्य पदक जीता था। 25 वर्षीय धीरज ने इस बार शानदार प्रदर्शन किया। वह 2023 और 2024 के संस्करणों में खाली हाथ लौटे थे। विश्व के 10वें नंबर के सेना के जवान धीरज ने क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल में दमदार खेल दिखाया। उन्होंने विश्व के 20वें नंबर के नाकानिशी को कड़े मुकाबले में 6-5 से हराया। यह मुकाबला पांच सेट तक चला, जिसमें स्कोर 28-28, 28-29, 29-28, 28-30, 28-27 रहा। 5-5 की बराबरी के बाद धीरज ने शूट-ऑफ में 10-9 से जीत दर्ज की। 

इधर 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी से गणेशोत्सव शुरू होगा। इस दिन गणपति स्थापना के लिए दिनभर में 5 शुभ मुहूर्त रहेंगे। ग्रंथों में घर की पूजा के लिए मिट्टी की छोटी गणेश प्रतिमा का विधान मिलता है। प्रतिमा स्थापित करने के बाद रोज सुबह-शाम दीपक, दूर्वा, फूल और भोग अर्पित कर पूजा करने की परंपरा है। गणेश चतुर्थी पर चंद्रमा देखने से बचने का विधान भी है। गणेशोत्सव का मुख्य विसर्जन अनंत चतुर्दशी, 25 सितंबर को होगा। गणेश चतुर्थी का पर्व हर साल भाद्रपद माह की चतुर्थी तिथि को देशभर में बड़ी धूमधाम के साथ मनाया जाता है। मान्यता है कि गणेश चतुर्थी का व्रत करने वालों को गणेशजी हर संकट और विघ्न से बचा लेते हैं। गणेश चतुर्थी का व्रत करने वालों पर बप्पा की विशेष कृपा बनी रहती है। साथ ही उनकी सारी मनोकामनाएं पूरी हो जाती हैं। शास्त्रों में गणेश चतुर्थी व्रत की विशेष महिमा बताई गई है। जो व्यक्ति पूरी श्रद्धा के साथ इस व्रत को करता है वह इस संसार में सभी प्रकार के सुख भोगता है। 

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को हिंदी दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने हिंदी को सांस्कृतिक भावनाओं और भारतीयता की पहचान बताया। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा है कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं है, बल्कि यह हमारी सभ्यता, संस्कृति और भारतीयता की पहचान है। धामी ने कहा कि हिंदी देश की एकता और अखंडता को मजबूत करती है। यह विविधता में एकता की भावना को भी सशक्त करती है। उन्होंने कहा कि हिंदी ने भारतीय समाज को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसने सामाजिक चेतना भी जगाई है।

इधर चारधाम यात्रा नए कीर्तिमान की ओर बढ़ रही है। यमुनोत्री के बाद अब गंगोत्री धाम में श्रद्धालुओं की संख्या ने पुराने रिकार्ड तोड़ दिए हैं। गंगोत्री धाम में पहली बार सर्वाधिक 7.84 लाख श्रद्धालु दर्शन को पहुंचे हैं, जबकि यमुनोत्री धाम में भी दर्शनार्थियों की संख्या सात लाख के पार पहुंच चुकी है। चारधाम यात्रा में अब तक के यात्राकाल के 147 दिनों को देखें तो इस अवधि में 50,28,497 श्रद्धालु चारों धामों में दर्शन कर चुके हैं। गत वर्ष इसी अवधि में यह संख्या 45,09,324 थी। इस बार यात्रा में लगभग दो माह का समय शेष है। ऐसे में श्रद्धालुओं की संख्या में और वृद्धि होना तय है।

उधर उत्तराखंड में एक बार फिर बारिश का दौर तेज हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, बागेश्वर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है। वहीं, राज्य के सभी जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर आने की संभावना है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और देहरादून में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा अथवा गर्जन के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। राज्य के शेष जिलों में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार हैं। प्रदेश में अगले दो दिन मौसम का मिजाज इसी प्रकार बने रहने का अनुमान है। इस दौरान पर्वतीय क्षेत्रों में वर्षा के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तेज बौछारों की स्थिति बन सकती है।

इधर ऊधम सिंह नगर जिले के काशीपुर में आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और लाखों रुपये वसूलने के आरोप में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी और उसके साथियों ने पीड़ित को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर आपत्तिजनक वीडियो बनाया और उसे वायरल करने की धमकी देकर रकम वसूली। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मुख्य आरोपी राजेंद्र कुमार को रामनगर रोड स्थित प्रतापपुर बैरियर के पास से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से पीड़ित से वसूली गई रकम में से एक लाख रुपये नकद और एक कार बरामद हुई है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर पीड़ित को ब्लैकमेल करने की योजना बनाए जाने की बात बताई। आरोप है कि पीड़ित को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर आपत्तिजनक वीडियो बनाया गया और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे रकम वसूली गई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक लाख रुपये नकद, जो पीड़ित से वसूली गई रकम में से बताए गए हैं, एक कार बरामद की है। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।