Good Morning India: इजरायल-ईरान युद्ध में अमेरिका की एंट्री, ईरान पर गिराए बम! 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए सोनम और राज! कई राज्यों में मानसून ने दी दस्तक, उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट, जानें आज क्या रहेगा खास?

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपने खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए अभी तक की प्रमुख खबरों और आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। शुरुआत आज की उन खबरों से करते हैं जिनपर सभी की नजर रहेगी। आज अमित शाह दो दिन के छत्तीसगढ़ दौरे पर जाएंगे। वहीं आज भारत-इंग्लैंड के बीच पहले टेस्ट का तीसरा दिन है। भारत ने पहली पारी में 471 रन बनाए।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, अमेरिका ने ईरान में 3 परमाणु ठिकानों पर हमला किया है। इसमें फोर्डो, नतांज और इस्फहान शामिल हैं। यह हमला भारतीय समयानुसार रविवार सुबह 4:30 बजे हुआ। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने इसकी जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि फोर्डो पर बमों की एक पूरी खेप गिरा दी गई है। ट्रम्प ने लिखा कि सभी विमान सुरक्षित रूप से अपने घर की ओर जा रहे हैं। हमारे महान अमेरिकी योद्धाओं को बधाई। दुनिया में कोई और सेना नहीं है जो ऐसा कर सकती थी। अब शांति का समय है। उन्होंने एक दूसरे पोस्ट में कहा कि ईरान को अब इस युद्ध को समाप्त करने के लिए सहमत होना चाहिए। ट्रम्प ने अपने रविवार सुबह देश के नाम संबोधन दिया। इसमें उन्होंने कहा कि अब ईरान को शांति कायम करना चाहिए। अगर वह ऐसा नहीं करता है, तो उस पर और बड़े हमले किए जाएंगे।
इधर अहमदाबाद हादसे के बाद DGCA ने शनिवार को एअर इंडिया को 3 अफसरों को हटाने का आदेश दिया। इनमें डिविजिनल वाइस प्रेसिडेंट चूड़ा सिंह, क्रू शेड्यूलिंग करने वाली चीफ मैनेजर पिंकी मित्तल और क्रू शेड्यूलिंग की प्लॉनिंग से जुड़ी पायल अरोड़ा शामिल हैं। तीनों अफसरों के खिलाफ यह कार्रवाई एविएशन सेफ्टी प्रोटोकॉल के गंभीर उल्लंघन को लेकर की गई।
उधर यूपी के बागपत में चलती ट्रेन में सीट के विवाद में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। युवक सहारनपुर-दिल्ली पैसेंजर ट्रेन से बागपत आ रहा था। फखरपुर स्टेशन के पास सीट पर बैठने को लेकर उसका विवाद हो गया। 15 से 20 लोगों ने मिलकर उसे लात-घूंसों और बेल्ट से पीटा। बागपत से 10 किमी पहले खेकड़ा स्टेशन पर ट्रेन रुकी तो आरोपी उतरकर भाग गए। ट्रेन में सवार युवक के एक साथी ने जीआरपी और परिवार को सूचना दी। घायल युवक को ट्रेन से उतारकर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इधर पटना एयरपोर्ट पर शनिवार को एअर इंडिया की 2 फ्लाइट कुछ यात्रियों का लगेज लिए बिना ही लैंड हुईं। पहली घटना बेंगलुरु-पटना की फ्लाइट IX2936 की है। दूसरी चेन्नई-पटना फ्लाइट XI1634 की है। लगेज न मिलने पर पटना एयरपोर्ट पर यात्रियों ने हंगामा शुरू कर दिया। एअर इंडिया ने यात्रियों से कहा कि वजन ज्यादा हो गया था, इसलिए लगेज नहीं ला पाए। पटना एयरपोर्ट का रनवे छोटा है और बारिश हो रही थी। इसलिए हैवी सामान नहीं आ सका है। एयरलाइन के मुताबिक, यह इंटरनेशनल कनेक्टिंग फ्लाइट है। इसमें कभी-कभी ऐसी परेशानी आ जाती है। जो पैसेंजर पहले आते हैं उनका सामान बाद में आता है उनकी डिलीवरी घर तक की जाती है। लगेज घर तक पहुंचाया जाएगा।
उधर राजा रघुवंशी की हत्या के मामले में आरोपी सोनम और राज कुशवाह को कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा है। दोनों आरोपियों को दो दिन की पुलिस रिमांड पूरी होने के बाद पूर्वी खासी हिल्स के जिला एवं सत्र न्यायालय में पेश किया गया था। उधर, मामले में एक और सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। ये उस दिन का है, जिस दिन राजा का शव मेघालय से इंदौर उसके घर लाया गया था। राजा के घर के फुटेज में हत्या का आरोपी राज कुशवाह भी दिख रहा है। उसने कफन जैसा एक सफेद कपड़ा भी किसी को दिया। राज हार और फूल भी लेकर आया था।
इधर मानसून तेज रफ्तार से उत्तर भारत में पहुंच गया है। शुक्रवार को उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कुछ इलाकों में एंट्री कर ली है। अब केवल दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में ही मानसून का पहुंचना बाकी है। हालांकि शनिवार शाम दिल्ली के कई इलाकों में तेज बारिश हुई। फिलहाल मानसून राजस्थान के 50% हिस्से को कवर कर चुका है।
उधर न्यूयॉर्क के ओल्ड बेथपेज स्थित जॉन एफ कैनेडी हाई स्कूल में 30 जुड़वां बच्चे पढ़ते हैं। इस इलाके में जुड़वां बच्चों का होना सामान्य बात है। 2014 और 2015 में लगातार दो साल 20 जुड़वां बच्चों ने स्कूल में एडमिशन लिया था। हालांकि एक स्कूल में सबसे ज्यादा जुड़वां बच्चों का रिकॉर्ड 2017 में बना था। तब अमेरिकी शहर इलिनोइस के न्यू ट्रायर हाई स्कूल में 44 ट्विन्स बच्चे पढ़ते थे।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, उत्तराखंड में मौसम अभी से लोगों को डरा रहा है। बीते दिनों प्रदेश के पर्वतीय जिलों से भूस्खलन और नदी-नाले उफान में आने की तस्वीर आई, जबकि अभी प्री मानसूनी बारिश ही हो रही है। मानसून आने के बाद हालात और विकराल होंगी। क्यों कि हर साल मानसून सीजन प्रदेश में कहर बनकर टूटता है। वहीं मौसम विभाग ने आज फिर बारिश होने का अंदेशा जताया है। साथ ही अलर्ट जारी कर लोगों को सचेत रहने की अपील की है। मौसम विभाग के मुताबिक देहरादून व नैनीताल जनपदों में कहीं-कहीं भारी होने की संभावना है। जिसके लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं राज्य के टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, उधम सिंह नगर, चंपावत, अल्मोड़ा और बागेश्वर जनपदों में कहीं-कहीं भारी होने का अंदेशा है।
इधर पहाड़ों की रानी मसूरी में शराब की दुकानदार में ओवररेटिंग को लेकर स्थानीय लोगों ने जमकर बवाल काटा। इस मौके पर कुछ लोग घायल भी हुए। बताया जा रहा है कि मसूरी घंटाघर स्थित बियर की दुकान पर कुछ युवक बियर लेने गए, जिस पर दुकानदार द्वारा ओवर रेट मांगा जा रहा था, जिसका युवकों द्वारा विरोध किया गया और इसी बात को लेकर दुकानदार और युवकों के बीच में झगड़ा हो गया। जिससे दो युवकों के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं।
उधर उत्तराखंड में एक बार फिर से पीसीएस अफसरों का ट्रांसफर हुआ है। जारी आदेश के अनुसार पीसीएस गोपाल सिंह चौहन को बड़ी जिम्मेदारी देते हुए नैनीताल का डिप्टी कलेक्टर बनाया गया है। इसके साथ ही हल्द्वानी सिटी मजिस्ट्रेट अज्ब प्रसाद वाजपेयी को तत्काल प्रभाव से मुक्त किया गया है। पीसीएस अफसर अज्ब प्रसाद वाजपेयी को शुगर किच्छा मिल के प्रबंधक की जिम्मेदारी दी गई है। पीसीएस पीसी दुमका को अपर सचिव गन्ना की जिम्मेदारी दी गई। प्रबंध निदेशक गन्ना भी पीसी दुमका देखेंगे। त्रिलोक सिंह मार्तोलिया का भी ट्रांसफर किया गया है। उन्हें आयुक्त गन्ना, चीनी के पद के सापेक्ष तैनात किया गया है।