अयोध्या के रामपथ पर फिर पलटी गोल्फ कार्ट,कई श्रद्धालु घायल, सुरक्षा मानकों पर सवाल

Golf cart overturns on Rampath in Ayodhya, injuring several devotees; safety standards questioned

अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में रविवार को रामपथ पर श्रद्धालुओं से भरी एक गोल्फ कार्ट पलटने से हड़कंप मच गया। हादसे में कई श्रद्धालुओं के हाथ-पैर टूटने की सूचना है, जबकि अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों में महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां से तीन गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बनारस के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोल्फ कार्ट तेज रफ्तार में थी और मोड़ पर संतुलन बिगड़ने से अचानक पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के तुरंत बाद चालक मौके से फरार हो गया। श्रद्धालु दर्शन के लिए आए थे और रामपथ से धर्मपथ की ओर जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। स्थानीय लोगों का आरोप है कि रामपथ और धर्मपथ पर बिना पंजीकरण और बीमा के सैकड़ों गोल्फ कार्ट संचालित हो रही हैं। कई बार शिकायत के बावजूद प्रशासन द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं की गई। परिवहन विभाग का तर्क है कि इन गोल्फ कार्ट का विधिवत पंजीकरण नहीं है, इसलिए उनके खिलाफ कार्रवाई की स्पष्ट प्रक्रिया नहीं है। वहीं यातायात पुलिस भी रजिस्ट्रेशन और बीमा न होने का हवाला देकर जिम्मेदारी तय करने से बचती नजर आती है। इसका परिणाम यह है कि दुर्घटना होने की स्थिति में पीड़ितों को बीमा का लाभ नहीं मिल पाता और जिम्मेदारी भी तय नहीं हो पाती। विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष द्वारा एसएसपी और जिलाधिकारी को संचालन संबंधी सूची उपलब्ध कराई गई है, लेकिन जमीनी स्तर पर नियमों का पालन सुनिश्चित नहीं किया जा सका है। इससे पहले भी रामपथ पर गोल्फ कार्ट से जुड़े हादसे हो चुके हैं, लेकिन पीड़ितों को न तो मुआवजा मिला और न ही प्रभावी कानूनी कार्रवाई हो सकी। नयाघाट चौकी प्रभारी प्रवीण ने बताया कि तीन लोग घायल हुए हैं और उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है। चालक फरार है और प्रार्थना पत्र मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बावजूद सुरक्षा मानकों की अनदेखी गंभीर चिंता का विषय बन गई है। अब देखना होगा कि प्रशासन अवैध संचालन पर सख्ती करता है या फिर यह लापरवाही आगे भी श्रद्धालुओं की जान जोखिम में डालती रहेगी।