चैत्र नवरात्र 2026: द होली एकेडमी स्कूल में मेहंदी, प्रसाद और भारतीय संस्कृति की झलक के साथ धूमधाम से आयोजित किया गया कन्या पूजन

Chaitra Navratri 2026: Kanya Pujan Celebrated with Great Fervor at The Holy Academy School, Featuring Mehndi, Prasad, and Glimpses of Indian Culture.

नैनीताल 25 मार्च 2026।

चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर द होली एकेडमी स्कूल में इस वर्ष भी परंपरा और श्रद्धा के साथ कन्या पूजन का आयोजन किया गया। बुधवार को आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में विद्यालय परिसर पूरी तरह धार्मिक और सांस्कृतिक रंग में रंगा नजर आया।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राएं भारतीय परिधान पहनकर विद्यालय पहुंचे, जिससे वातावरण में भारतीय संस्कृति की सुंदर झलक देखने को मिली। छोटी-छोटी कन्याओं का विधि-विधान से पूजन किया गया और उन्हें प्रसाद वितरित किया गया। इसके साथ ही छात्राओं के हाथों में मेहंदी भी लगाई गई, जिससे कार्यक्रम में उत्साह और आनंद का माहौल बन गया।

इस अवसर पर विद्यालय की प्रिंसिपल मधु विग ने चैत्र नवरात्र की महत्ता बताते हुए कहा कि यह पर्व शक्ति, श्रद्धा और नारी सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि कन्या पूजन के माध्यम से समाज में बेटियों के प्रति सम्मान और आदर का संदेश दिया जाता है। साथ ही यह पर्व हमें अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने और नई पीढ़ी को भारतीय परंपराओं से परिचित कराने का अवसर प्रदान करता है।

उन्होंने आगे कहा कि नवरात्र केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं है, बल्कि यह आत्मशुद्धि, सकारात्मक ऊर्जा और समाज में समानता व सम्मान की भावना को मजबूत करने का भी माध्यम है।

कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के सभी सदस्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी उत्साहपूर्वक शामिल हुए और पूरे आयोजन को सफल बनाया। पूरे स्कूल परिसर में भक्ति और उल्लास का माहौल बना रहा।