उपचुनाव:बांकीपुर में लोकतंत्र का महापर्व आज, 3.79 लाख मतदाता चुनेंगे नया विधायक,25 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में होगी कैद

By-election: The grand festival of democracy takes place in Bankipur today; 3.79 lakh voters will elect a new MLA, and the fate of 25 candidates will be sealed in EVMs.

पटना। बांकीपुर विधानसभा सीट पर नए विधायक के चुनाव के लिए आज यानी 30 जुलाई को मतदान की प्रक्रिया जारी है। सुबह 7 बजे से शुरू हुआ मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। लोकतंत्र के इस पर्व में बांकीपुर के मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर नए प्रतिनिधि का चुनाव कर रहे हैं। इस चुनाव में कुल 25 प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं।

बिहार की सबसे चर्चित विधानसभा सीटों में शामिल बांकीपुर में गुरुवार को उपचुनाव के लिए मतदान शुरू होगा। सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चलने वाले मतदान में 3,79,616 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर 25 प्रत्याशियों की किस्मत इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन में कैद करेंगे। इस हाई-प्रोफाइल चुनाव पर पूरे राज्य की नजरें टिकी हैं, क्योंकि इसे भाजपा और विपक्ष दोनों के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई माना जा रहा है। निर्वाचन आयोग के अनुसार, बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में 2,00,060 पुरुष, 1,79,533 महिला और 23 थर्ड जेंडर मतदाता मतदान के पात्र हैं। इस सीट की खास बात यह है कि यहां कई वीवीआईपी मतदाता रहते हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, सांसद रविशंकर प्रसाद, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, बिहार सरकार के कई मंत्री तथा राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार के सदस्य भी इसी विधानसभा क्षेत्र के मतदाता हैं। चुनावी मुकाबला मुख्य रूप से भाजपा के नीरज कुमार सिन्हा, राजद की रेखा कुमार गुप्ता और जनसुराज के प्रशांत किशोर के बीच माना जा रहा है। हालांकि इनके अलावा 22 अन्य उम्मीदवार भी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। नामांकन के दौरान 40 उम्मीदवारों ने पर्चा दाखिल किया था। जांच के बाद 26 नामांकन वैध पाए गए, जबकि एक प्रत्याशी के नाम वापस लेने के बाद अब कुल 25 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। मतदान के लिए प्रशासन ने 422 मतदान केंद्र बनाए हैं, जिनमें 247 सरकारी भवनों और 175 निजी भवनों में बूथ स्थापित किए गए हैं। मतदाताओं की सुविधा के लिए 29 मोबाइल मतदान केंद्र भी उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। 14 कंपनियां अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती के साथ पूरे विधानसभा क्षेत्र में कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इसके अलावा 28 विशेष चेकिंग प्वाइंट बनाए गए हैं, जहां सभी छोटे और बड़े वाहनों की सघन जांच की जा रही है।पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या मतदान प्रक्रिया में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अफवाहों से बचने और प्रशासन का सहयोग करने की भी अपील की। वहीं, पटना रेंज के आईजी जितेंद्र राणा ने सभी डीएसपी, सर्किल इंस्पेक्टर और थाना प्रभारियों को लगातार गश्त करने तथा आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का दावा है कि मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी माहौल में संपन्न कराया जाएगा। अब सभी की निगाहें मतदान प्रतिशत और 3 अगस्त को आने वाले चुनाव परिणाम पर टिकी हैं, जब यह तय होगा कि बांकीपुर की जनता किसे अपना नया विधायक चुनती है।