ब्रेकिंगः उत्तराखंड में तीन दिन का राजकीय शोक! कल 20 मई को सभी स्कूल और शिक्षण संस्थान रहेंगे बंद, आदेश जारी
देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूरी के आकस्मिक निधन पर प्रदेश में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है। इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा एवं प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय, देहरादून की ओर से सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों को आदेश जारी कर आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार 19 मई से 21 मई 2026 तक पूरे प्रदेश में राजकीय शोक रहेगा। इस दौरान सभी सरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा तथा किसी भी प्रकार के सरकारी सांस्कृतिक और मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे। शिक्षा विभाग द्वारा जारी निर्देशों में कहा गया है कि 20 मई 2026 को पूर्व मुख्यमंत्री के सम्मान में उनकी अंत्येष्टि के दिन राज्य के सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी शिक्षण संस्थान और शिक्षा विभाग के कार्यालय बंद रहेंगे। आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। यह आदेश माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. मुकुल कुमार सती द्वारा जारी किया गया है। आदेश की प्रतिलिपि विद्यालयी शिक्षा विभाग, मंडलीय अधिकारियों और अन्य संबंधित विभागों को भी भेजी गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूरी के निधन की खबर के बाद पूरे प्रदेश में शोक की लहर है। राजनीतिक, सामाजिक और शैक्षिक जगत से जुड़े लोग लगातार उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।
