यूपी के मऊ में खूनी 'लव ट्रायंगल': प्रेमी को फुफेरा भाई बताकर पति संग रखा,फिर उसी के साथ मिलकर कर दी हत्या,पत्नी की खौफनाक साजिश का पुलिस ने किया खुलासा
उत्तर प्रदेश के मऊ जिले से रिश्तों को तार-तार कर देने वाला एक खौफनाक मामला सामने आया है। कोपागंज थाना क्षेत्र के कसारा गांव के पास मिले कुंजबिहारी राजभर के अंधे कत्ल का मऊ पुलिस ने बुधवार को पर्दाफाश कर दिया। पुलिस तफ्तीश में जो सच्चाई सामने आई, उसने हर किसी को हैरान कर दिया। कुंजबिहारी की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसकी अपनी ही पत्नी नेहा ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर की थी। बेहद शातिराना अंदाज में रची गई इस साजिश में पत्नी ने प्रेमी को पति का 'फुफेरा भाई' (बुआ का लड़का) बताकर महीनों तक एक ही छत के नीचे रखा था।
उत्तर प्रदेश के एक और पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रच डाली। पुलिस के अनुसार, पत्नी ने पहले प्रेमी को अपना फुफेरा भाई बताकर पति का भरोसा जीता और करीब दो महीने पहले तक उसे पति के साथ रखा। बाद में प्रेम संबंध का राज खुलने के बाद दोनों ने मिलकर पति को रास्ते से हटाने की योजना बना ली। मामला कोपागंज थाना क्षेत्र के कसारा गांव के पास का है, जहां कुंजबिहारी राजभर का शव मिलने के बाद पुलिस जांच में जुटी थी। बुधवार को पुलिस ने इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी नेहा राजभर और उसके प्रेमी गुड्डू राजभर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के मुताबिक, 25 जुलाई को कसारा क्षेत्र में एक शव बरामद हुआ था। शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। बाद में पिता हरिशचंद्र की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें कुंजबिहारी अपनी पत्नी नेहा और एक युवक के साथ दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों से कड़ाई से पूछताछ की तो पूरे मामले का खुलासा हो गया। पुलिस जांच में सामने आया कि कुतुबपुर थाना मुहम्मदाबाद गोहना निवासी कुंजबिहारी की शादी मधुबन थाना क्षेत्र के महुई गांव निवासी नेहा राजभर से हुई थी। शादी से पहले ही नेहा का गांव के ही गुड्डू भारती से प्रेम संबंध था। शादी के बाद भी दोनों के बीच संपर्क बना रहा। पुलिस के अनुसार, नेहा ने प्रेमी के साथ रहने के लिए एक योजना बनाई। मुंबई में काम करने वाले गुड्डू के पास उसने अपने पति को यह कहकर भेजा कि गुड्डू उसका बुआ का लड़का है। कुछ समय तक कुंजबिहारी और गुड्डू साथ रहे। इसके बाद गुड्डू की बातों पर भरोसा कर कुंजबिहारी ने नेहा को भी मुंबई बुला लिया। लेकिन मुंबई पहुंचने के बाद कुंजबिहारी को दोनों के रिश्ते की भनक लग गई। इसके बाद पति-पत्नी के बीच कई बार विवाद हुआ। करीब दो महीने पहले तीनों मऊ लौट आए थे। पुलिस के मुताबिक, 25 जुलाई को नेहा ने पति को मुंबई जाने के बहाने मऊ रेलवे स्टेशन बुलाया और वहां से कसारा क्षेत्र ले गई, जहां गुड्डू पहले से मौजूद था। आरोप है कि वहां किसी बात को लेकर तीनों के बीच विवाद हुआ और मारपीट के दौरान कुंजबिहारी के सिर पर गंभीर चोट लगी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी सिर पर चोट के निशान मिले थे। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज, पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में गुड्डू कुमार उर्फ गुड्डू भारती (28) और नेहा राजभर (21) शामिल हैं। मऊ में यह पहला मामला नहीं है, जब प्रेम प्रसंग के चलते पति की हत्या का मामला सामने आया हो। इससे पहले फरवरी 2024 में दोहरीघाट थाना क्षेत्र में भी ऐसा ही मामला सामने आया था, जहां शादी के चार दिन बाद लवकुश चौहान का शव नदी किनारे मिला था। जांच में पत्नी पायल की भूमिका सामने आई थी। पुलिस पूछताछ में उसने बताया था कि वह लवकुश से नहीं बल्कि दिनेश यादव से प्रेम करती थी और अपनी इच्छा के खिलाफ हुई शादी से नाराज थी। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने रिश्तों में बढ़ते अपराध और अवैध संबंधों से जुड़े विवादों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल मऊ पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।