भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज पहुंचेंगे देहरादून: तीन दिवसीय मैराथन दौरे पर टटोलेंगे उत्तराखंड की सियासी नब्ज
देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज (बृहस्पतिवार) से अपने तीन दिवसीय महत्वपूर्ण उत्तराखंड दौरे पर आ रहे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष की कमान संभालने के बाद यह उनका पहला देवभूमि दौरा है, जिसे लेकर प्रदेश भाजपा संगठन ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। अपने इस तीन दिवसीय प्रवास के दौरान वे सरकार और संगठन के कामकाज की समीक्षा करने के साथ-साथ कई महत्वपूर्ण संगठनात्मक और रणनीतिक बैठकें करेंगे। दौरे के पहले ही दिन वे दो बड़ी और अहम बैठकें लेकर अपने इरादे साफ कर देंगे। तय कार्यक्रम के मुताबिक, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बृहस्पतिवार शाम 4:35 बजे देहरादून एयरपोर्ट पहुंचेंगे। हवाई अड्डे पर उतरने के बाद वे सीधे जौलीग्रांट से देहरादून स्थित प्रदेश कार्यालय के लिए रवाना होंगे। एयरपोर्ट से लेकर भाजपा मुख्यालय तक के रास्ते में पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा कुल 25 स्थानों पर उनका ऐतिहासिक और भव्य स्वागत किया जाएगा। इस दौरान पार्टी के युवा और महिला मोर्चा के कार्यकर्ता पारंपरिक उत्तराखंडी परिधानों और वाद्य यंत्रों के साथ मौजूद रहेंगे।
प्रदेश कार्यालय पहुंचने के बाद शाम 6:15 बजे से बैठकों का सिलसिला शुरू होगा। पहले दिन वे सबसे पहले प्रदेश कोर कमेटी की हाई-प्रोफाइल बैठक लेंगे। इसके ठीक बाद, वे धामी सरकार के मंत्रियों के साथ एक विशेष बैठक करेंगे, जिसमें मंत्रियों के कामकाज और सरकार की योजनाओं के धरातल पर क्रियान्वयन की समीक्षा की जाएगी। दौरे के दूसरे दिन यानी शुक्रवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष सुबह सबसे पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वे पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बी.सी. खंडूड़ी के आवास पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और शोक संतप्त परिजनों से भेंट करेंगे। इसके बाद राजपुर रोड स्थित एक होटल में सुबह 11 बजे से बैठकों का महामंथन शुरू होगा। प्रदेश के सभी लोकसभा व राज्यसभा सांसदों और विधायकों के साथ बैठक। प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों, महामंत्रियों, जिला प्रभारियों, सह-प्रभारियों और जिला अध्यक्षों के साथ विस्तृत सांगठनिक चर्चा। निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत के जनप्रतिनिधियों (महापौर, नगर पालिका/पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुखों) के साथ संवाद। मीडिया, सोशल मीडिया, आईटी सेल और प्रदेश प्रवक्ताओं की टीम को आगामी रणनीति का पाठ पढ़ाएंगे। शुक्रवार शाम को वे ऋषिकेश स्थित परमार्थ निकेतन पहुंचेंगे, जहाँ वे विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती में शामिल होंगे और संतों के साथ संवाद कर उनका आशीर्वाद लेंगे। प्रवास के अंतिम दिन यानी शनिवार को नितिन नवीन सुबह प्रसिद्ध टपकेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक करेंगे। इसके बाद वे जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाने के लिए गढ़ी कैंट स्थित बूथ संख्या 141 के बूथ अध्यक्ष के आवास पर जाकर जलपान करेंगे। इसके उपरांत वे बूथ समिति 138 (दुर्गामल्ल मंडल) की बैठक में हिस्सा लेंगे। दोपहर 11 बजे वे सिंघनीवाला स्थित शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में आयोजित एक कॉन्क्लेव में शिरकत करेंगे। इसके बाद दोपहर दो बजे मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित 'युवा संवाद' कार्यक्रम में शिरकत कर प्रदेश के युवाओं से सीधा संवाद करेंगे। शनिवार शाम 4:35 बजे वे देहरादून एयरपोर्ट से वापस दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। भाजपा सूत्रों का कहना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा संगठन में नई ऊर्जा फूंकने और आगामी चुनावी पिचों को मजबूत करने के लिहाज से बेहद गेमचेंजर साबित होने वाला है।