Sep 06, 2026 Login

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का 10 सितंबर को उत्तराखंड दौरा: रुद्रपुर में 'पंजाबी गौरव सम्मेलन' और हल्द्वानी में पूर्व सैनिकों का होगा भव्य सम्मान,कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह

BJP National President Nitin Nabin to visit Uttarakhand on September 10: A 'Punjabi Gaurav Sammelan' in Rudrapur and a grand felicitation ceremony for ex-servicemen in Haldwani; immense enthusiasm am

रुद्रपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के आगामी 10 सितंबर को प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर पार्टी संगठन और कार्यकर्ताओं में जबर्दस्त उत्साह देखा जा रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अपने प्रवास के दौरान जहां हल्द्वानी में 'पूर्व सैनिक सम्मान कार्यक्रम' में शिरकत करेंगे, वहीं रुद्रपुर में आयोजित होने जा रहे विशाल 'पंजाबी गौरव सम्मेलन' को संबोधित करेंगे। इस ऐतिहासिक दौरे को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए भाजपा ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के उत्तराखंड दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। राष्ट्रीय अध्यक्ष 10 सितंबर को रुद्रपुर में प्रस्तावित पंजाबी गौरव सम्मेलन में शामिल होंगे, जबकि हल्द्वानी में पूर्व सैनिक सम्मान कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। उनके प्रस्तावित दौरे को लेकर भाजपा संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में रविवार को भाजपा जिला कार्यालय में ऊधमसिंह नगर और काशीपुर संगठन की संयुक्त व्यवस्था बैठक आयोजित कर कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट और कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम को भव्य, अनुशासित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए अलग-अलग व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को सौंपी गई। बैठक में कार्यक्रम स्थल की व्यवस्था, राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत, कार्यकर्ताओं और समाज के लोगों की सहभागिता तथा आगमन से संबंधित व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का उत्तराखंड आगमन संगठन के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। 10 सितंबर को होने वाले पंजाबी गौरव सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा और गंभीरता से निभानी होगी। उन्होंने ऊधमसिंह नगर और काशीपुर जिले के पदाधिकारियों से आपसी समन्वय बनाकर सभी तैयारियां समय रहते पूरी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ता अभी से अपने-अपने क्षेत्रों में संपर्क अभियान तेज करें। समाज के लोगों तक सम्मेलन का संदेश पहुंचाने के साथ ही कार्यक्रम को व्यवस्थित और प्रभावी बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाए। बैठक का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और वंदे मातरम् के साथ हुआ। भाजपा जिलाध्यक्ष कमल कुमार जिंदल ने स्वागत भाषण में राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन और पंजाबी गौरव सम्मेलन को संगठन के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताया। बैठक का संचालन जिला महामंत्री तरुण दत्ता ने किया, जबकि कार्यक्रम के संयोजक संदीप बाजवा रहे। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि पंजाबी समाज ने देश के विभाजन की त्रासदी और विस्थापन की कठिन परिस्थितियों का सामना करने के बावजूद अपने परिश्रम, पुरुषार्थ और राष्ट्रभक्ति से देश और प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उद्योग, व्यापार, कृषि, शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र में पंजाबी समाज की भूमिका को उल्लेखनीय बताया गया। वक्ताओं ने कहा कि पंजाबी गौरव सम्मेलन केवल एक राजनीतिक या संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के संघर्ष, संस्कृति, गौरव और राष्ट्र निर्माण में योगदान को सम्मान देने का अवसर भी है। विशेष रूप से तराई क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास में पंजाबी समाज की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया गया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के प्रस्तावित दौरे के तहत हल्द्वानी में पूर्व सैनिक सम्मान कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके बाद रुद्रपुर में पंजाबी गौरव सम्मेलन में वह समाज के लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। दोनों कार्यक्रमों को लेकर भाजपा संगठन व्यापक स्तर पर तैयारियों में जुटा है। बैठक में कार्यकर्ताओं से सम्मेलन को अनुशासित, सुव्यवस्थित और यादगार बनाने का आह्वान किया गया। संगठन का फोकस कार्यक्रम में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को देखते हुए भाजपा के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आ रहा है। 10 सितंबर का रुद्रपुर सम्मेलन भाजपा के लिए संगठनात्मक शक्ति प्रदर्शन के साथ पंजाबी समाज से संवाद और उसके योगदान को सम्मान देने का बड़ा मंच बनने जा रहा है।