बड़ी खबरः नितिन नवीन की नई टीम में उत्तराखंड को बड़ा प्रतिनिधित्व! तीरथ सिंह रावत राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तो गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी को मिली मीडिया की कमान
नई दिल्ली/देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया है। नई टीम में उत्तराखंड को भी महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व मिला है। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता तीरथ सिंह रावत को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी को मीडिया संयोजक बनाया गया है। वहीं आलोक भट्ट को सोशल मीडिया सह संयोजक और महेंद्र पांडे को राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। भाजपा के केंद्रीय संगठन में उत्तराखंड के कई नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिलने को राज्य के लिहाज से अहम घटनाक्रम माना जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत लंबे समय से भाजपा संगठन और राजनीति में सक्रिय रहे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम में उन्हें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए जाने से उनकी भूमिका अब पार्टी के केंद्रीय संगठन में और महत्वपूर्ण हो गई है। तीरथ सिंह रावत उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के अलावा सांसद, विधायक, प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय सचिव जैसी जिम्मेदारियां भी संभाल चुके हैं। तीरथ सिंह रावत का जन्म 1 अप्रैल 1964 को पौड़ी गढ़वाल के सीरों, पट्टी असवालस्यूं में हुआ था। उनके पिता का नाम कलम सिंह रावत है। उन्होंने छात्र राजनीति से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की और हेमवती नंदन गढ़वाल विश्वविद्यालय में छात्र संघ अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाली। इसके बाद वे छात्र संगठन से जुड़े और भारतीय जनता युवा मोर्चा तथा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में विभिन्न दायित्वों पर रहे। तीरथ सिंह रावत वर्ष 1983 से 1988 तक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक रहे। इसके बाद उन्होंने संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां संभालीं। वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के उत्तराखंड संगठन मंत्री और राष्ट्रीय मंत्री भी रहे। उत्तर प्रदेश के दौर में वे भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष और राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य रहे। वर्ष 1997 में तीरथ सिंह रावत उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य निर्वाचित हुए। इसके बाद नवगठित उत्तराखंड राज्य में वर्ष 2000 में उन्हें प्रदेश की पहली सरकार में शिक्षा मंत्री की जिम्मेदारी मिली। वर्ष 2007 में वे भाजपा उत्तराखंड के प्रदेश महामंत्री बने और वर्ष 2013 में उन्हें प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
चौबट्टाखाल से विधायक और पौड़ी से सांसद रहे
वर्ष 2012 में तीरथ सिंह रावत चौबट्टाखाल विधानसभा सीट से विधायक निर्वाचित हुए। इसके बाद भाजपा संगठन में भी उनकी सक्रिय भूमिका जारी रही। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने उन्हें पौड़ी गढ़वाल लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया। चुनाव में उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी मनीष खंडूड़ी को 2,85,003 से अधिक मतों के अंतर से हराकर बड़ी जीत दर्ज की। सांसद रहते हुए भी तीरथ सिंह रावत संगठन में सक्रिय रहे। पार्टी ने उन्हें राष्ट्रीय सचिव जैसी जिम्मेदारी भी दी। वर्ष 2019 में उन्हें हिमाचल प्रदेश का चुनाव प्रभारी भी बनाया गया था।
अनिल बलूनी को मीडिया की कमान
नई राष्ट्रीय टीम में उत्तराखंड से गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। उन्हें पार्टी का मीडिया संयोजक बनाया गया है। मीडिया और संचार से जुड़े मामलों में उनकी भूमिका अहम रहने वाली है। इसके अलावा आलोक भट्ट को सोशल मीडिया सह संयोजक और महेंद्र पांडे को राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री बनाया गया है। उत्तराखंड के इन नेताओं को केंद्रीय संगठन में जिम्मेदारी मिलने से पार्टी के राष्ट्रीय संगठन में राज्य की भागीदारी और मजबूत हुई है। तीरथ सिंह रावत को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए जाने के साथ ही अनिल बलूनी, आलोक भट्ट और महेंद्र पांडे को अलग-अलग संगठनात्मक दायित्व दिए जाने को भाजपा के लिए उत्तराखंड के राजनीतिक और संगठनात्मक महत्व के तौर पर देखा जा रहा है। नई टीम के जरिए पार्टी ने अनुभवी नेताओं के साथ विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय नेताओं को जिम्मेदारी देकर संगठन को और मजबूत करने का संदेश दिया है।