बड़ी खबरः पूर्व सीएम भुवन चंद्र खंडूड़ी के निधन पर उत्तराखंड में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित! आधे झुके रहेंगे राष्ट्रीय ध्वज

Big news: Uttarakhand declares three days of state mourning for the death of former Chief Minister Bhuvan Chandra Khanduri! The national flag will fly at half-mast.

देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खंडूड़ी का आज मंगलवार को देहरादून स्थित मैक्स अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई। पहाड़ से लेकर मैदान तक हर ओर खामोशी पसरी है। पूर्व मुख्यमंत्री के निधन पर राज्य सरकार ने तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार इस दौरान प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे तथा राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। भुवन चंद्र खंडूड़ी के पार्थिव शरीर को मैक्स अस्पताल से सैन्य अस्पताल ले जाया गया, जहां अंतिम चिकित्सकीय औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। इसके बाद पार्थिव शरीर उनके देहरादून स्थित वसंत विहार आवास लाया जाएगा, जहां अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। कल 20 मई को सुबह 10 बजे अंतिम यात्रा निकलेगी और हरिद्वार में पुलिस सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।

सेना से सियासत तक अनुशासन की मिसाल
1 अक्टूबर 1934 को जन्मे बीसी खंडूड़ी ने भारतीय सेना में लंबी सेवा देकर मेजर जनरल के पद तक का सफर तय किया। सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा और अपनी सादगी, अनुशासन व ईमानदारी के बल पर राष्ट्रीय पहचान बनाई। उन्होंने राजनीति को सत्ता नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम माना। राजनीति में जहां आरोप-प्रत्यारोप आम हैं, वहीं बीसी खंडूड़ी अपनी साफ-सुथरी छवि के लिए जाने जाते रहे। उनकी सादगीपूर्ण जीवनशैली, स्पष्टवादिता और जनहित के प्रति समर्पण ने उन्हें हर दल के नेताओं के बीच सम्मान दिलाया।