बड़ी खबरः राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे से पहले सियासी पारा हाई! कांग्रेस की रैली और पूर्व सैनिक सम्मेलन को लेकर भाजपा ने खोला मोर्चा, सीएम धामी का बड़ा बयान

Big news: Political temperatures soar ahead of Rahul Gandhi's visit to Uttarakhand! BJP launches offensive against Congress rally and veterans' conference, CM Dhami issues major statement

अल्मोड़ा। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच राजनीतिक सरगर्मियां तेज होती जा रही हैं। आगामी चार जून को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे से पहले प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी का दौर शुरू हो गया है। राहुल गांधी के अल्मोड़ा और पौड़ी गढ़वाल में प्रस्तावित कार्यक्रमों को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तीखा हमला बोला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय सेना और सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाने वालों को देवभूमि उत्तराखंड कभी स्वीकार नहीं करेगी। दरअसल, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को अल्मोड़ा पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। मीडिया से बातचीत के दौरान जब उनसे राहुल गांधी के आगामी दौरे को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राहुल गांधी लगातार भारतीय सेना, सर्जिकल स्ट्राइक और देश की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर सवाल उठाते रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी देश के भीतर ही नहीं बल्कि विदेशों में भी भारतीय सेना की कार्रवाई पर सवाल खड़े करते हैं, जिसे देश की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सैन्य परंपराओं वाला प्रदेश है और यहां का हर परिवार राष्ट्रभक्ति और सेना के सम्मान से गहराई से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की सीमाएं दो देशों से जुड़ी हुई हैं और यहां के युवाओं की बड़ी संख्या भारतीय सेना में सेवाएं देती है। ऐसे प्रदेश में सेना का अपमान करने वाली राजनीति सफल नहीं हो सकती। मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि के लोग हमेशा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हैं और देश की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर किसी प्रकार की राजनीति को स्वीकार नहीं करेंगे। 

राहुल गांधी के दौरे को लेकर कांग्रेस संगठन सक्रिय
इधर राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस संगठन भी सक्रिय हो गया है। जानकारी के अनुसार राहुल गांधी अपने दौरे के दौरान अल्मोड़ा और पौड़ी गढ़वाल में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। साथ ही वे पूर्व सैनिकों और सैनिक परिवारों से भी संवाद कर सकते हैं। कांग्रेस इस दौरे को आगामी विधानसभा चुनावों से पहले संगठन को मजबूत करने और जनसंपर्क अभियान के रूप में देख रही है। बता दें कि राहुल गांधी 4 और 5 जून को उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान राहुल गांधी गढ़वाल और कुमाऊं दोनों मंडलों का भ्रमण करेंगे। राहुल गांधी 4 जून को अल्मोड़ा में एक विशाल रैली को संबोधित करने जा रहे हैं। इसी दिन वह पौड़ी पहुंचकर पूर्व सैनिक सम्मेलन में भाग लेंगे। इसकी जानकारी देते हुए कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि यह बड़े हर्ष का विषय है कि कांग्रेस के नेता राहुल गांधी उत्तराखंड भ्रमण पर आ रहे हैं।