भीमताल में बवाल: आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर बाजार बंद, सड़कों पर उतरे व्यापारी और भाजपाई

Bhimtal uproar: Market closed due to non-arrest of accused, traders and BJP workers took to the streets

भीमताल।नैनीताल जनपद के शांत पर्यटन स्थल भीमताल में एक युवक द्वारा हिंदू लड़कियों को झांसे में लेकर शोषण और धोखाधड़ी करने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना के विरोध में और पुलिस द्वारा अब तक आरोपी की गिरफ्तारी न किए जाने से नाराज स्थानीय व्यापारियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को भीमताल बाजार पूरी तरह बंद रखा। गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने मुख्य मार्गों पर जाम लगाकर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि समुदाय विशेष के एक युवक ने अपनी पहचान छुपाकर और नाम बदलकर क्षेत्र की लड़कियों को अपने जाल में फंसाया। आरोप है कि आरोपी ने लड़कियों का न केवल शारीरिक और मानसिक शोषण किया, बल्कि उनका आर्थिक शोषण भी किया। स्थानीय लोगों का गुस्सा इस बात को लेकर है कि मामले की शिकायत के बावजूद पुलिस की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है और आरोपी खुलेआम घूम रहा है। आक्रोश इस कदर बढ़ा कि व्यापारियों, भाजपाइयों और हिंदूवादी संगठनों ने एकजुट होकर भीमताल कोतवाली का घेराव किया। थाने के बाहर आयोजित एक बड़ी जनसभा में वक्ताओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर तीखे सवाल उठाए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि देवभूमि की बेटियों के साथ इस तरह का कृत्य बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आरोपी को जल्द सलाखों के पीछे नहीं भेजा गया, तो पूरे जनपद में उग्र आंदोलन छेड़ा जाएगा। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों के बीच पहुँचकर उनसे वार्ता की और स्थिति को शांत करने का प्रयास किया। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कुछ दिनों का समय मांगा है और आश्वासन दिया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के आश्वासन के बावजूद स्थानीय व्यापारियों और संगठनों का रुख कड़ा है। बाजार बंद के दौरान आवश्यक सेवाओं को छोड़कर अन्य सभी प्रतिष्ठान बंद रहे। व्यापारियों का कहना है कि वे पुलिस को समय दे रहे हैं, लेकिन यदि इस अवधि में गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे चुप नहीं बैठेंगे। फिलहाल, भीमताल में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस सुरक्षा के मद्देनजर सतर्कता बरत रही है।