उत्तराखंड में पुलिस-बदमाश की एक और मुठभेड़: बैरियर तोड़ भागे अपराधियों ने की फायरिंग, एक के पैर में लगी गोली,दो गिरफ्तार
देहरादून। राजधानी देहरादून के बसंत विहार थाना क्षेत्र में रविवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब पुलिस चेकिंग के दौरान बदमाशों और पुलिस टीम के बीच सीधी मुठभेड़ हो गई। हरबंसवाला बैरियर पर हुई इस मुठभेड़ में एक बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गया, जबकि उसके साथी को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया। पकड़े गए बदमाशों के पास से अवैध हथियार और कारतूस बरामद हुए हैं।
जानकारी के अनुसार घटना रविवार 26 अप्रैल की है। बसंत विहार पुलिस हरबंसवाला बैरियर पर नियमित चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक नीली स्कूटी पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखे। स्कूटी पर नंबर प्लेट नहीं थी, जिसे देख पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने रफ्तार बढ़ा दी और बैरियर तोड़कर टी-स्टेट के जंगलों की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए बदमाशों का पीछा शुरू किया। खुद को घिरा देख एक बदमाश ने पुलिस टीम पर जानलेवा नियत से फायरिंग झोंक दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली बदमाश के पैर में लगी और वह स्कूटी सहित गिर पड़ा। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। घायल बदमाश की पहचान अब्दुला (37 वर्ष), निवासी सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, उसके साथी शाहनवाज सलमानी (33 वर्ष) को मौके से गिरफ्तार किया गया, जो वर्तमान में देहरादून के सहसपुर इलाके में रह रहा था। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास (धारा 307) और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ये बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे या हाल ही में हुई किसी चोरी या डकैती में शामिल रहे हैं। शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है और आरोपियों के पुराने रिकॉर्ड्स खंगाले जा रहे हैं।