रुद्रपुर में नमाज पढ़ रहे बुजुर्ग से मारपीट का मामलाः वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में आक्रोश! पुलिस ने लिया बड़ा एक्शन, दर्ज किया मुकदमा

 An elderly man was assaulted while praying in Rudrapur. Public anger erupted after the video went viral. Police took action and filed a case.

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर में नमाज पढ़ते हुए शख्स को पीटने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अरविन्द शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ ये एक्शन लिया है और जांच शुरू कर दी है। दरअसल, मंगलवार को शाहिद नामक एक बुजुर्ग शहर स्थित खुले मैदान में नमाज पढ़ रहा था, तभी एक शख्स ने उसपर हमला कर दिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में खासा आक्रोश देखने को मिला और लोगों ने आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की। शाहिद नामक जिस बुजुर्ग को पीटा गया वो रुद्रपुर के रेशमबाड़ी क्षेत्र का रहने वाला है। पीड़ित शाहिद का कहना है कि वो पास में ही कई दिन से राज मिस्त्री का काम कर रहा था। रमजान के दिनों में वो खाली पड़ी जमीन में नमाज पढ़ रहा था। उसे किसी ने नहीं रोका। अगर वो गलत कर रहा था तो उसे समझाया जा सकता था। उसके साथ मारपीट करना गलत है। उसका कहना है कि वहा से मंदिर काफी दूर है। वहीं आरोपी युवक ने कहा कि उसने जो किया, वह सही किया। उनका दावा है कि मंदिर की जमीन पर इस तरह की गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चाहे उसके लिए उनपर मुकदमा ही क्यों न हो जाए। साथ ही नगर निगम के पार्षद परवेज कुरैशी ने इस घटना को सांप्रदायिक सद्भाव को तोड़ने वाला बताया है।