रुद्रपुर में महिला से गैंगरेप! पीड़िता ने पुलिस को सौंपी तहरीर, कहा- हथियार के बल पर अगवा कर की हैवानियत, बनाया अश्लील वीडियो! सरस मेले से लौटते समय दिया वारदात को अंजाम

A woman was gang-raped in Rudrapur. The victim submitted a complaint to the police, alleging that she was abducted at gunpoint, brutally assaulted, and an obscene video was made. The incident took pl

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर के जिला मुख्यालय रुद्रपुर में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शहर निवासी एक महिला ने सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। महिला के मुताबिक गांधी पार्क में आयोजित सरस मेले से घर लौटते समय तीन युवकों ने हथियार के बल पर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। यही नहीं पीड़िता का कहना है कि आरोपियों ने न केवल उसके साथ हैवानियत की हदें पार कीं,बल्कि उसका अश्लील वीडियो बनाकर उसे वायरल करने और जान से मारने की धमकी भी दी। 

पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, घटना 22 फरवरी की रात करीब 9 बजे की है। पीड़िता अपने देवर के साथ सरस मेले से वापस घर लौट रही थी। जैसे ही वे मोदी मैदान के पास पहुंचे, तो दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन दबंगों ने उन्हें रोक लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी युवती के देवर को पहले से जानते थे। आरोपियों ने पहले सामान्य बातचीत शुरू की, लेकिन अचानक तमंचा निकालकर दोनों को डराना शुरू कर दिया। आरोप है कि बदमाशों ने गोली मारने की धमकी देते हुए युवती को जबरन अपनी मोटरसाइकिल पर बैठा लिया और एक सुनसान स्थान पर ले गए। पीड़िता ने अत्यंत गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि आरोपियों ने उसके देवर की आंखों के सामने ही बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। जब युवती ने विरोध करने की कोशिश की, तो दरिंदों ने चाकू से हमला कर उसके हाथ की उंगली चोटिल कर दी। पीड़िता आरोपियों के सामने रहम की भीख मांगती रही, लेकिन उन्होंने एक न सुनी। हैवानियत यहीं नहीं रुकी, आरोपियों ने इस घिनौनी वारदात का वीडियो भी बना लिया।  घटना के बाद आरोपियों ने युवती और उसके देवर को धमकी दी कि यदि उन्होंने पुलिस का दरवाजा खटखटाया, तो वे वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर देंगे। आरोपियों ने खुद को शातिर अपराधी बताते हुए कहा कि वे पहले भी गंभीर मामलों में जेल जा चुके हैं और उन्हें पुलिस का कोई डर नहीं है। पीड़िता की तहरीर मिलने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल केस दर्ज कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने दावा किया है कि आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। स्थानीय निवासियों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए अपराधियों को तत्काल सजा देने की मांग की है।