रुद्रपुर में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत! पति और ससुराल पक्ष पर जहर देकर हत्या का आरोप! रो-रोकर पिता बोले- बेटी पहले ही जता चुकी थी जान का खतरा
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। शादी के महज साढ़े तीन महीने बाद 24 वर्षीय काजल शर्मा की मौत ने दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा जैसे गंभीर सवालों को फिर से चर्चा के केंद्र में ला दिया है। मृतका के परिजनों ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने तथा जहर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार रुद्रपुर की वसुंधरा कॉलोनी निवासी रामवीर सिंह ने अपनी पुत्री काजल शर्मा की शादी बीते 18 फरवरी को किच्छा निवासी अजय कुमार के साथ बड़े अरमानों के साथ की थी। परिजनों का कहना है कि विवाह के कुछ ही समय बाद काजल के जीवन में परेशानियों का दौर शुरू हो गया। आरोप है कि ससुराल पक्ष लगातार अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहा था और मांग पूरी न होने पर उसे मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। परिवार के अनुसार काजल अक्सर फोन पर रोते हुए अपनी पीड़ा बताती थी। उसने कई बार अपने माता-पिता को बताया था कि पति और ससुराल वाले उससे 15 लाख रुपये नकद और एक बुलेट मोटरसाइकिल लाने का दबाव बना रहे हैं।
परिजनों का कहना है कि मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी और उसे तरह-तरह से प्रताड़ित किया जाता था। हालात इतने खराब हो गए थे कि कुछ समय पहले काजल को मायके वापस लाना पड़ा था। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले ही काजल का पति अजय कुमार उसके मायके पहुंचा था और उसे समझा-बुझाकर अपने साथ ले गया था। परिवार को उम्मीद थी कि शायद अब रिश्तों में सुधार हो जाएगा, लेकिन उन्हें क्या पता था कि यह उनकी बेटी के जीवन का आखिरी सफर साबित होगा। रविवार शाम अचानक परिवार के एक परिचित का फोन आया, जिसने बताया कि कुछ लोग काजल को कार से लाकर उनके घर के बाहर छोड़कर चले गए हैं और उसकी हालत बेहद गंभीर है। उस समय परिवार के अधिकांश सदस्य अपने-अपने काम और ड्यूटी पर गए हुए थे। सूचना मिलते ही माता-पिता और भाई तुरंत घर पहुंचे। घर की दहलीज पर बेसुध हालत में पड़ी बेटी को देखकर परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई। परिजन तत्काल काजल को एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बेटी की मौत की खबर सुनते ही पूरे परिवार में कोहराम मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। मृतका के पिता रामवीर शर्मा ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की सुनियोजित तरीके से हत्या की गई है।
उनका कहना है कि ससुराल वालों ने पहले काजल को जहर दिया और फिर उसे उनके घर की दहलीज पर छोड़कर फरार हो गए। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी पहले ही कई बार अपनी जान को खतरा होने की आशंका जता चुकी थी। परिवार का आरोप है कि यदि समय रहते उनकी शिकायतों पर ध्यान दिया गया होता तो शायद आज काजल जिंदा होती। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। एसपी क्राइम जितेंद्र चौधरी ने बताया कि नवविवाहिता की मौत का मामला गंभीर है और किच्छा पुलिस पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि विवाहिता की मौत जहर से हुई है या किसी अन्य कारण से, इसका स्पष्ट पता मेडिकल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी आरोपों और परिस्थितियों की जांच कर रही है तथा दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।