मिडिल ईस्ट में महायुद्ध के आसारः जंग की आग में खाड़ी देश! तेल अवीव से दुबई तक तबाही, तेहरान में हालात भयावह! ट्रंप ने दिया बड़ा बयान
नई दिल्ली। अमेरिका-ईजरायल और ईरान के बीच युद्ध का दायरा लगातार बढ़ता ही जा रहा है। सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत के बाद जहां ईरान गुस्से की आग में सुलग रहा है, वहीं अमेरिका-ईजरायल रणनीतिक तरीके से युद्ध को आगे बढ़ा रहे हैं। इस बीच इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान के खिलाफ युद्ध को लेकर बड़ा एलान किया है। इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि ईरान के खिलाफ प्रस्तावित सैन्य कार्रवाई त्वरित और निर्णायक होगी और इसे वर्षों तक चलने वाले युद्ध में बदलने का इरादा नहीं है। उन्होंने यह बयान फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में दिया। नेतन्याहू ने कहा कि मौजूदा सैन्य टकराव को इस्राइल अंतहीन संघर्ष में बदलना नहीं चाहता। उनका कहना था कि यह अभियान क्षेत्रीय स्थिरता और शांति की दिशा में एक रास्ता खोल सकता है। नेतन्याहू के अनुसार यह कोई अंतहीन युद्ध नहीं है, बल्कि क्षेत्र में स्थायी शांति की दिशा में एक कदम है। नेतन्याहू ने फॉक्स न्यूज को बताया कि मौजूदा संघर्ष इस क्षेत्र के देशों के साथ इस्राइल के संबंधों को सामान्य बनाने वाले और अधिक समझौतों का मार्ग प्रशस्त कर सकता है। इधर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि ईरान से जंग 4-5 हफ्ते तक चल सकती है, लेकिन अमेरिका के पास इससे ज्यादा समय तक कार्रवाई करने की क्षमता है। व्हाइट हाउस में दिए बयान में ट्रम्प ने कहा कि अमेरिकी सेना अभी भी ईरान में बड़े स्तर पर सैन्य कार्रवाई कर रही है। इससे पहले सीएनएन को दिए इंटरव्यू में ट्रम्प ने कहा अमेरिका ने अभी पूरी ताकत से हमला शुरू नहीं किया है। ईरान पर अभी सबसे बड़ा हमला बाकी है। अमेरिका के पास दुनिया की सबसे बड़ी सेना है और उसका इस्तेमाल किया जा रहा है।
एक साथ दो देशों में बम गिरा रहा इजरायल
इधर इजरायली सेना तेहरान और बेरुत दोनों शहरों में एक साथ बमबारी कर रही है। आईडीएफ ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि अब तेहरान और बेरूत में एक साथ हमला किया जा रहा है। एयर फ़ोर्स ने अब ईरानी आतंकी शासन और हिज़्बुल्लाह आतंकी संगठन के ख़िलाफ़ बड़े पैमाने पर हमले शुरू कर दिए हैं। इज़रायल डिफेंस फोर्सेज़ (आईडीएफ) ने कन्फर्म किया है कि उसने ईरान की राजधानी तेहरान के साथ-साथ लेबनान की राजधानी बेरूत पर भी हमले किए हैं। आईडीएफ ने एक बयान में कहा कि आईडीएफ अभी तेहरान और बेरूत में मिलिट्री ठिकानों पर एक साथ टारगेटेड हमले कर रहा है।