यमुनोत्री धाम यात्राः हार्टअटैक से बुजुर्ग श्रद्धालु की मौत! सीने में दर्द के बाद बिगड़ी तबीयत, अस्पताल पहुंचने से पहले थमी सांसें
उत्तरकाशी। चारधाम यात्रा के अंतर्गत यमुनोत्री धाम यात्रा के दौरान शनिवार को उस समय एक दुखद घटना सामने आई, जब तमिलनाडु निवासी 82 वर्षीय श्रद्धालु शम्भू केवल की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। श्रद्धालु दर्शन कर वापस लौट रहे थे कि नौ कैंची के पास उन्हें अचानक घबराहट और सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई, जिसके कुछ ही देर बाद वे बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों और यात्रा ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए श्रद्धालु को तत्काल प्राथमिक उपचार दिया और एंबुलेंस की सहायता से स्वास्थ्य केंद्र जानकीचट्टी पहुंचाया, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। गौरतलब है कि यमुनोत्री धाम यात्रा शुरू होने के बाद यह तीसरी मौत है। अब तक सामने आए अधिकांश मामलों में हार्ट अटैक, अचानक तबीयत बिगड़ना और ऊंचाई वाले क्षेत्र में ऑक्सीजन की कमी प्रमुख वजह के रूप में सामने आई है। इस बीच प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने यात्रियों, खासकर बुजुर्गों, हृदय रोगियों और अन्य गंभीर बीमारियों से ग्रसित लोगों से यात्रा से पहले अनिवार्य स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की है। साथ ही यात्रा के दौरान पर्याप्त आराम लेने, पानी पीते रहने, शरीर में ऊर्जा बनाए रखने और किसी भी प्रकार की घबराहट, सांस फूलने या सीने में दर्द महसूस होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की सलाह दी गई है।