नैनीताल में नहीं थम रहे वन्यजीवों के हमलेः चारा लेने गई महिला को बनाया निवाला! चार माह में पांच मौतों के बाद फिर दहशत, ग्रामीणों में भारी आक्रोश
नैनीताल। नैनीताल में वन्यजीवों के हमले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। बीते चार माह में वन प्रभाग में वन्य जीवों के हमले से पांच महिलाओं की मौत के बाद अब एक और मामला सामने आया है। शहर के समीप ज्योली क्षेत्र में वन्य जीव संघर्ष के दौरान एक महिला को निवाला बना दिया। महिला घर के समीप ही जंगल में चारा लेने गई थी। स्वजनों व ग्रामीणों की तलाशने पर जंगल के बीच महिला का शव पड़ा मिला। सूचना पर वन विभाग के तमाम अधिकारी मौके की ओर रवाना हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। जानकारी के मुताबिक ज्योली निवासी 50 वर्षीय हेमा देवी पत्नी दया किशन पांडे बुधवार को गांव की ही दो अन्य महिलाओं के साथ चारा लेने के लिए जंगल गई हुई थी। दोपहर तक दोनों महिलाएं तो वापस घर लौट गई, लेकिन हेमा देवी के घर नहीं लौटने पर स्वजनों को चिंता होने लगी। स्वजनों ने ग्रामीणों की मदद से जंगल क्षेत्र में तलाश की तो जंगल के बीच हेमा देवी का आधा खाया हुआ शव बरामद हुआ। घटना के बाद स्वजनों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं ग्रामीण बढ़ते वन्य जीवों के हमले को लेकर भारी आक्रोश में है। मनोरा रेंजर नितिन पंत ने बताया कि सूचना मिलते ही वह और अन्य विभाग की टीम मौके की ओर रवाना हो गई है। फिलहाल हमला बाघ अथवा गुलदार ने किया है यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। वहीं ग्रामवासी ने जमकर हंगामा शुरू कर दिया है।