उत्तराखण्डः केदार घाटी में अचानक बदला मौसम का मिजाज! घने कोहरे के बीच दो हेलीकॉप्टरों की इमरजेंसी लैंडिंग

Uttarakhand: Weather suddenly changes in Kedar Valley! Two helicopters make emergency landings amid dense fog.

रुद्रप्रयाग। उत्तराखण्ड में इन दिनों मौसम लगातार करवट बदल रहा है और पर्वतीय क्षेत्रों में अचानक मौसम खराब होने की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। सोमवार को केदारनाथ घाटी में भी मौसम ने अचानक ऐसा रुख बदला कि हेली सेवाओं को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा। घने कोहरे और धुंध के कारण दृश्यता बेहद कम हो गई, जिसके चलते दो हेलीकॉप्टरों को एहतियातन अगस्त्यमुनि मैदान स्थित हेलीपैड पर आकस्मिक लैंडिंग करानी पड़ी। हालांकि पायलटों की सतर्कता और सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्री सुरक्षित रहे। जानकारी के अनुसार हिमालयन हेली सेवा का एक हेलीकॉप्टर बदरीनाथ से सेरसी की ओर जा रहा था, जबकि इंडो कॉप्टर कंपनी का दूसरा हेलीकॉप्टर देहरादून के सहस्रधारा हेलीपैड से फाटा के लिए उड़ान भर चुका था। इसी दौरान गुप्तकाशी और ऊखीमठ क्षेत्र में अचानक मौसम बिगड़ गया। देखते ही देखते घना कोहरा और धुंध छा गई, जिससे विजिबिलिटी बेहद कम हो गई और उड़ान संचालन जोखिमपूर्ण हो गया। मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए दोनों हेलीकॉप्टरों के पायलटों ने सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तत्काल अगस्त्यमुनि मैदान स्थित हेलीपैड पर सुरक्षित लैंडिंग करने का निर्णय लिया। पायलटों की तत्परता और सूझबूझ के चलते किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई। हेलीपैड पर हेलीकॉप्टरों के उतरते ही प्रशासनिक अधिकारियों और तकनीकी टीमों ने स्थिति का जायजा लिया और मौसम सामान्य होने तक उड़ानों को रोके रखा गया। हेली सेवा के नोडल अधिकारी राहुल चौबे ने बताया कि केदार घाटी में मौसम खराब होने और दृश्यता कम होने के कारण दोनों हेलीकॉप्टरों की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। उन्होंने कहा कि यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा सर्वोपरि है, इसलिए मौसम प्रतिकूल होते ही एहतियाती कदम उठाए गए। करीब कुछ समय बाद मौसम में सुधार आया और धुंध छंटने के बाद दृश्यता सामान्य हुई। इसके बाद दोनों हेलीकॉप्टरों ने अगस्त्यमुनि हेलीपैड से दोबारा उड़ान भरी और अपने निर्धारित गंतव्य की ओर रवाना हो गए।