उत्तराखण्डः उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन का ऋषिकेश दौरा! जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत, एम्स तक तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू

Uttarakhand: Vice President CP Radhakrishnan visits Rishikesh! A grand welcome at Jolly Grant Airport, with a three-tier security system in place at AIIMS.

देहरादून। भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन आज गुरुवार को अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत एम्स ऋषिकेश पहुंच गए। उनके आगमन को लेकर पूरे क्षेत्र में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर उपराष्ट्रपति का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) सहित कई मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इधर उपराष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को अत्यंत सख्त बनाया गया था। जौलीग्रांट एयरपोर्ट से लेकर एम्स ऋषिकेश परिसर तक पूरे क्षेत्र को तीन विशेष सुरक्षा जोनों में विभाजित किया गया। पहला जोन जौलीग्रांट एयरपोर्ट, दूसरा एम्स हेलीपैड और तीसरा मुख्य कार्यक्रम स्थल को बनाया गया। प्रत्येक जोन की सुरक्षा की जिम्मेदारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई थी, ताकि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक न हो। क्षेत्राधिकारी नीरज सेमवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि उपराष्ट्रपति के दौरे को ध्यान में रखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त निगरानी रखी जा रही है और चेकिंग अभियान भी तेज कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा के सभी मानकों का सख्ती से पालन किया जा रहा है और पूरे क्षेत्र में सतर्कता बरती जा रही है, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।