उत्तराखण्डः कल आपके मोबाइल पर अचानक बजेगा अलर्ट! घबराने की जरूरत नहीं, जानें क्या है मामला?

Uttarakhand: Tomorrow, you'll suddenly receive an alert on your mobile phone! No need to panic, find out what's going on.

देहरादून। उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। शनिवार, 2 मई को राज्यभर में मोबाइल फोन पर सेल ब्रॉडकास्टिंग सिस्टम के माध्यम से एक परीक्षण अलर्ट जारी किया जाएगा। ऐसे में यदि आपके मोबाइल पर अचानक अलर्ट की ध्वनि सुनाई दे या संदेश प्राप्त हो, तो घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है, क्योंकि यह केवल एक परीक्षण प्रक्रिया का हिस्सा होगा। उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने नागरिकों से अपील की है कि इस संदेश को केवल परीक्षण अलर्ट के रूप में ही लें और इसे लेकर किसी भी प्रकार की चिंता न करें। अधिकारियों के अनुसार इस अभ्यास का उद्देश्य राज्य में स्थापित आपातकालीन सूचना प्रसारण प्रणाली की कार्यक्षमता का मूल्यांकन करना है, ताकि भविष्य में आपदा की स्थिति में चेतावनी संदेश समय पर और प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंच सके। आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग के सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि यह पहल राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सहयोग से की जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में मौसम पूर्वानुमान और आपदा संबंधी सूचनाओं को आम जनता तक समय रहते पहुंचाना बेहद जरूरी है, जिससे संभावित खतरों के प्रति पहले से सतर्क रहा जा सके और जन-धन की हानि को कम किया जा सके।

यह परीक्षण राज्य के विभिन्न मोबाइल नेटवर्क सेवा प्रदाताओं के माध्यम से किया जाएगा। इसके जरिए यह आकलन किया जाएगा कि अलर्ट संदेश कितनी तेजी और सटीकता के साथ लोगों तक पहुंचते हैं और किन क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता है। साथ ही विभिन्न परिस्थितियों में संदेशों की त्वरितता और प्रभावशीलता का भी परीक्षण किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि इस समग्र प्रक्रिया का उद्देश्य भविष्य में किसी भी आपदा की स्थिति में नागरिकों को समय रहते सचेत करना है, ताकि वे आवश्यक सावधानी बरत सकें। इसके अलावा, इस प्रणाली के माध्यम से आपातकालीन परिस्थितियों में प्रशासन और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सकेगा। आपदा प्रबंधन विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि भविष्य में जब भी वास्तविक खतरे की स्थिति उत्पन्न होगी, तब जारी किए जाने वाले अलर्ट को गंभीरता से लेना आवश्यक होगा और प्रशासन द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करना होगा। इससे समय रहते चेतावनी प्राप्त कर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी। शनिवार को जारी होने वाला यह संदेश भारत सरकार द्वारा स्वदेशी तकनीक के माध्यम से शुरू की जा रही त्वरित आपदा चेतावनी सेवा का हिस्सा है। इस संदेश के प्राप्त होने पर आम जनता से किसी भी प्रकार की कार्रवाई अपेक्षित नहीं है। यह केवल एक परीक्षण संदेश होगा, जो गृह मंत्रालय की ओर से भेजा जाएगा।