उत्तराखण्डः एक क्लिक से सामाजिक सुरक्षा को मिली नई रफ्तार! सीएम धामी ने 7.56 लाख पेंशनर्स को जारी किए 111 करोड़ से अधिक

Uttarakhand: Social security gains momentum with just one click! CM Dhami released over 111 crore rupees to 7.56 lakh pensioners.

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पेंशन वितरण प्रणाली को तेज और पारदर्शी बनाने की दिशा में पहल की है। बुधवार को सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत आने वाले पेंशनर्स को वन क्लिक के माध्यम से अप्रैल माह की पेंशन का भुगतान किया। इस अवसर पर कुल 7,56,682 लाभार्थियों को 111 करोड़ 82 लाख 52 हजार रुपये की धनराशि सीधे उनके खातों में हस्तांतरित की गई। यह राशि राज्य पोषित विभिन्न पेंशन योजनाओं के तहत दी गई, जिसमें वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग, किसान, परित्यक्ता, भरण-पोषण अनुदान, तीलू रौतेली तथा बौना पेंशन योजनाएं शामिल हैं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अंत्योदय के सिद्धांत पर कार्य कर रही है और समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना उसकी प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर वर्गों के सशक्तिकरण के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। मुख्यमंत्री ने बताया कि पात्र व्यक्तियों तक पेंशन योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए राज्यभर में नियमित रूप से विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन प्रयासों का परिणाम है कि हर वर्ष 60 हजार से अधिक नए लाभार्थी समाज कल्याण विभाग की योजनाओं से जुड़ रहे हैं, जिससे सामाजिक सुरक्षा का दायरा लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भविष्य में भी बहुउद्देश्यीय शिविरों का आयोजन जारी रखा जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं से वंचित न रह जाए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक वर्ष 59 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले लोगों का सर्वे कर उनकी पात्रता सुनिश्चित की जाए, जिससे 60 वर्ष की आयु पूरी होते ही उन्हें बिना किसी देरी के पेंशन का लाभ मिल सके।