उत्तराखण्डः 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बढ़ा सियासी तापमान! पूर्व सीएम हरीश रावत का बड़ा हमला, बोले- भाजपा राज में भ्रष्टाचार बना शिष्टाचार
रुद्रपुर। उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी तापमान धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। इसी कड़ी में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने आज रुद्रपुर के सिटी क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोला। उन्होंने राज्य में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, पलायन, महिला उत्पीड़न, किसानों की समस्याओं और व्यापारियों के कथित उत्पीड़न को प्रमुख मुद्दा बताते हुए कहा कि कांग्रेस इन सभी जनसरोकारों के सवालों को लेकर जनता के बीच जाएगी और 2027 के विधानसभा चुनाव में परिवर्तन का बिगुल फूंकेगी। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि वर्तमान समय में प्रदेश की जनता अनेक समस्याओं से जूझ रही है, लेकिन सरकार इन मुद्दों के समाधान की बजाय केवल प्रचार-प्रसार में व्यस्त दिखाई दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई लगातार बढ़ रही है, युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे हैं और ग्रामीण क्षेत्रों से पलायन की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। महिलाओं के खिलाफ बढ़ती घटनाओं और किसानों की समस्याओं को भी उन्होंने सरकार की विफलता करार दिया।
उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज प्रदेश में भ्रष्टाचार इस कदर बढ़ गया है कि वह व्यवस्था का हिस्सा बनता जा रहा है। रावत ने कहा कि भ्रष्टाचार अब शिष्टाचार बन गया है, जो किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए बेहद चिंताजनक स्थिति है। उनका कहना था कि जनता इन परिस्थितियों को देख रही है और आगामी चुनाव में इसका जवाब देने के लिए तैयार बैठी है। पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया कि राज्य की जनता बदलाव चाहती है और कांग्रेस के पक्ष में सकारात्मक माहौल बन रहा है। उन्होंने कहा कि जनता ने परिवर्तन का मन बना लिया है और आने वाला समय कांग्रेस के लिए बेहतर साबित होगा।
कांग्रेस प्रदेश में जनहित के मुद्दों को लेकर व्यापक अभियान चलाएगी और लोगों तक अपनी बात पहुंचाएगी। प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस में गुटबाजी को लेकर पूछे गए सवाल पर हरीश रावत ने कहा कि जब किसी राजनीतिक दल के अच्छे दिन आते हैं तो सभी कार्यकर्ता और नेता स्वतः एकजुट हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में भी ऐसा ही होगा और पार्टी के सभी नेता तथा कार्यकर्ता मिलकर संगठन को मजबूत करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी चुनावों से पहले कांग्रेस पूरी तरह एकजुट होकर जनता के बीच जाएगी। रावत ने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं बल्कि राज्य के विकास, युवाओं के भविष्य, किसानों की खुशहाली और आम जनता की समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी जनता के बीच सक्रिय रहने और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने का आह्वान किया।