उत्तराखण्डः बदरीनाथ धाम पहुंचे पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री! 3 हफ्तों तक योग, ध्यान और सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार का विशेष कार्यक्रम

Uttarakhand: Pandit Dhirendra Krishna Shastri arrives at Badrinath Dham! A special program of yoga, meditation, and the promotion of Sanatan Dharma will be held for three weeks.

चमोली। बदरीनाथ धाम में इन दिनों भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। आज बुधवार को बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री विशेष हेलीकॉप्टर से धाम पहुंचे, जहां उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहले से मौजूद थे। जैसे ही पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री बदरी विशाल की पावन धरती पर उतरे, पूरा वातावरण जय बदरी विशाल और जय श्री राम के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने फूल-मालाओं और जयकारों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। जानकारी के अनुसार पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का यह प्रवास लगभग 21 से 22 दिनों का रहेगा। इस दौरान वे ऋषि गंगा के शांत और आध्यात्मिक वातावरण में गहन साधना, योग और ध्यान में लीन रहेंगे। उनका यह प्रवास केवल व्यक्तिगत तप और साधना तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि वे कथा और प्रवचनों के माध्यम से विश्व शांति, मानवता की सेवा और सनातन धर्म के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास भी करेंगे। धाम में उनके आगमन पर संत समाज और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी उनका स्वागत किया। इस दौरान बाबा योगेश्वर दास महाराज और चारधाम होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश मेहता सहित कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। इधर बदरीनाथ मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। मंदिर परिसर और साधना स्थल के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो और श्रद्धालु शांतिपूर्वक दर्शन कर सकें।