उत्तराखण्डः मुस्लिम परिवार ने अपनाया सनातन धर्म! मोहम्मद शहजाद बने शंकर, पत्नी रजिया बनीं सावित्री, बच्चों के नाम भी बदले

Uttarakhand: Muslim family embraces Sanatan Dharma! Mohammad Shahzad becomes Shankar, wife Razia becomes Savitri, and children's names are also changed.

हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार से एक अनोखा मामला सामने आया है, यहां पश्चिम उत्तर प्रदेश से आए एक मुस्लिम परिवार ने स्वेच्छा से सनातन धर्म को अपनाया। पूरे वैदिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुई इस प्रक्रिया में परिवार के पांचों सदस्यों ने नई पहचान के साथ जीवन की नई शुरुआत का संकल्प लिया। मंगलवार को चंडीघाट स्थित ब्रह्मकुंड क्षेत्र में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में पहले पूरे परिवार ने गंगा स्नान किया। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शुद्धि प्रक्रिया, यज्ञ और यज्ञोपवीत संस्कार संपन्न कराए गए। इस दौरान परिवार ने सनातन धर्म के मूल्यों को अपनाने की प्रतिज्ञा भी ली। इस प्रक्रिया के तहत परिवार के मुखिया मोहम्मद शहजाद का नाम बदलकर शंकर रखा गया, जबकि उनकी पत्नी रजिया अब सावित्री के नाम से जानी जाएंगी। परिवार की ज्येष्ठ पुत्री का नाम रुक्मणी, कनिष्ठ पुत्री का नाम दीक्षा और पुत्र का नाम रुद्र रखा गया। पूरा अनुष्ठान गौरी शंकर मंदिर गौशाला परिसर में संत राम विशाल दास महाराज के सान्निध्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में अरुण कृष्ण महाराज के मार्गदर्शन में आचार्य कुलदीप विद्यार्थी और अनुज शास्त्री ने विधि-विधान के साथ सभी धार्मिक संस्कार पूरे कराए। इस अवसर पर संत समाज के कई प्रमुख संत और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। अखिल भारतीय संत आश्रम परिषद के संरक्षक बाबा हठयोगी, अध्यक्ष स्वामी प्रबोधानंद गिरी, श्रीकृष्ण सनातन सेवा ट्रस्ट के संस्थापक अरुण कृष्ण सहित कई गणमान्य लोगों ने परिवार का स्वागत किया और उनके नए जीवन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान संत समाज ने इसे आस्था और स्वेच्छा का निर्णय बताते हुए कहा कि सनातन धर्म में हर व्यक्ति का स्वागत है, जो अपने मन से इस परंपरा को अपनाना चाहता है।