उत्तराखण्डः बागेश्वर में नाबालिग से दुष्कर्म! गर्भवती होने पर खुला मामला, पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज! आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस की दबिश तेज

Uttarakhand: Minor raped in Bageshwar! The case came to light after she became pregnant, and a case was filed under the POCSO Act. Police intensified their efforts to arrest the accused.

बागेश्वर। बागेश्वर के कांडा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म किए जाने और उसके गर्भवती होने का मामला प्रकाश में आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पीड़िता की बड़ी बहन की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बीते कुछ दिनों से किशोरी पेट और कमर में तेज दर्द की शिकायत कर रही थी। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकीय परीक्षण के दौरान उसके गर्भवती होने की पुष्टि हुई। इस खुलासे के बाद परिवार के होश उड़ गए। परिजनों ने जब किशोरी से पूछताछ की तो उसने आरोपित द्वारा बहला-फुसलाकर शारीरिक संबंध बनाने की बात बताई। इसके बाद पीड़िता की बड़ी बहन ने कांडा थाने में तहरीर देकर आरोपित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने नाबालिग को अपने झांसे में लेकर उसके साथ दुष्कर्म किया और उसे गर्भवती बना दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कांडा थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है। क्षेत्राधिकारी मनीष शर्मा ने बताया कि मामले को अत्यंत संवेदनशीलता के साथ लिया जा रहा है। तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इधर घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आरोपी के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की मांग करते हुए पीड़िता और उसके परिवार को न्याय दिलाने की अपील की है।