उत्तराखण्डः नौकरशाही में बड़े फेरबदल की तैयारी! कई आईएएस के विभागों में होगा बदलाव, डीएम-एसएसपी भी बदले जाएंगे

Uttarakhand: Major bureaucratic reshuffle underway! Several IAS officers will be reassigned to their respective departments, and the District Magistrate and SSP will also be replaced.

देहरादून। उत्तराखंड की धामी सरकार प्रदेश की नौकरशाही में बड़े फेरबदल की तैयारी में जुट गई है। शासन स्तर पर कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के विभागों में बदलाव की संभावना जताई जा रही है, वहीं कई जिलों में जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के तबादले भी जल्द किए जा सकते हैं। आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से यह बड़ा प्रशासनिक बदलाव प्रस्तावित माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार शासन स्तर पर लंबे समय से एक ही विभाग संभाल रहे कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया जा सकता है। माना जा रहा है कि सरकार प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने और विभागों में नई कार्यशैली लाने के लिए यह कदम उठाने जा रही है। कई महत्वपूर्ण विभागों में नए चेहरों को जिम्मेदारी मिलने की संभावना है। इसी क्रम में सचिव स्वास्थ्य सचिन कुर्वे के चेन्नई पोर्ट अथॉरिटी का चेयरपर्सन नियुक्त होने के बाद उत्तराखंड से जल्द रिलीव होने की संभावना है। ऐसे में स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विभाग की जिम्मेदारी किसी अन्य वरिष्ठ अधिकारी को सौंपी जाएगी। स्वास्थ्य विभाग राज्य सरकार के लिए अत्यंत संवेदनशील और प्राथमिकता वाला विभाग माना जाता है, इसलिए इस पद पर अनुभवी अधिकारी की तैनाती को लेकर शासन स्तर पर मंथन जारी है। बताया जा रहा है कि कुछ जिलों में जिलाधिकारियों का कार्यकाल आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर निर्धारित तीन वर्ष की अवधि पूरी कर चुका है या जल्द पूरा होने वाला है। निर्वाचन संबंधी दिशा-निर्देशों को ध्यान में रखते हुए ऐसे जिलों में नए जिलाधिकारियों की तैनाती की जा सकती है। इसके साथ ही कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाने के लिए कई जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों के तबादले भी संभावित हैं। राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में इस संभावित फेरबदल को लेकर चर्चाएं तेज हैं। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रशासनिक मशीनरी को चुनावी वर्ष से पहले अधिक सक्रिय और जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से यह बड़ा कदम उठा सकते हैं।