Oct 08, 2026 Login
Awaaz24x7-government

उत्तराखंड: टेंडर के नाम पर एक और फर्म से पौने दो करोड़ की ठगी! सीएम धामी ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

Uttarakhand: In the name of tender, another firm cheated 1.25 crores! CM Dhami gave instructions for strict action

ऑफलाइन टेंडर के नाम पर ठगी का एक और मामला सामने आया है। शुक्रवार को पटियाला की फार्मा कंपनी के मालिक से तीन करोड़, 46 लाख रुपये की ठगी का मुकदमा दर्ज किया गया था। वहीं रविवार को पटियाला की ही एक और फर्म ने टेंडर के नाम पर पौने दो करोड़ की ठगी की शिकायत की है। इस फर्म ने भी मुख्यमंत्री के पूर्व निजी सचिव व अन्य पर आरोप लगाए हैं। पुलिस को अंदेशा है कि टेंडर के नाम पर कई अन्य फर्मों से भी ठगी की गई है। पुलिस ने अभी ताजा प्रकरण में मुकदमा दर्ज नहीं किया है। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस प्रकरण में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।


ऑफलाइन टेंडर के नाम पर ठगी प्रकरण में धीरे-धीरे शिकायतकर्ताओं की संख्या बढ़ रही है। माना जा रहा है कि प्रकरण में 20 से 30 करोड़ रुपये तक ठगे गए हैं। ठगी के शिकार हुए अधिकतर कारोबारी पंजाब के पटियाला, लुधियाना, बठिंडा सहित अन्य जिलों से हैं। कई कारोबारी ऐसे हैं, जो अपनी धनराशि के लिए लगातार चक्कर लगा रहे हैं। पटियाला के एसएसटी नगर निवासी भाजपा नेता एसके देव के बाद अब एक अन्य फर्म ने ठगी की शिकायत पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार को दी है। पटियाला निवासी वरिंद्र पराशर व रजत पाराशर ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री के पूर्व निजी सचिव पीसी उपाध्याय और सौरभ शर्मा ने स्कूलों में आरओ और सोलर प्लांट लगाने का ऑफलाइन टेंडर दिलाने के नाम उनकी सात फर्मों से करीब पौने दो करोड़ रुपये ठग लिए। जुलाई में उन्हें पता चला कि पीसी उपाध्याय सेवानिवृत्त हो गए हैं, लेकिन इसके बाद भी वह सीएम कार्यालय में बैठते हैं। अक्टूबर माह में उन्होंने टेंडर के बारे में जानकारी ली तो उन्हें बताया गया कि उनकी फाइल ट्रेजरी में पड़ी है। इतना समय बीतने के बाद एहसास हुआ कि उनके साथ ठगी हो गई है। जब उन्होंने रुपये वापस मांगे तो वह टालमटोल करने लगे। शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपित उन्हें सीएम कार्यालय से सरकारी नंबर से फोन करते थे। यहां तक कि कई बार उन्हें विभिन्न कार्यक्रमों में सरकारी वाहनों से ले जाया गया। शिकायतकर्ता ने बताया कि इस मामले में उन्होंने पुलिस महानिदेशक सहित सीबीआई को शिकायत भेजी है, लेकिन अब तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है। उत्तराखंड में दवा, सरकारी स्कूलों में यूनिफार्म, जूते व स्टेशनरी आदि सामान की आपूर्ति का टेंडर दिलाने के नाम पर पटियाला (पंजाब) के दवा कारोबारी भाजपा नेता एसके देव व उनके रिश्तेदारों से जुड़ी सात फर्मों से 3.46 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आ चुका है। इस मामले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर शहर कोतवाली पुलिस ने मुख्यमंत्री के पूर्व निजी सचिव प्रकाश चंद्र उपाध्याय समेत सात आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। इन पर षड्यंत्र रचकर कारोबारी से ऑफलाइन टेंडर भरवाकर ठगी का आरोप है।