Oct 10, 2026 Login
Awaaz24x7-government

नैनीताल:फेसबुक में पुलिस वर्दी में अपनी फोटो लगाकर कैंची धाम,फिल्म हनुमान अंश और बाबा नीम करौली को बताया ‘अंधविश्वास’ ! हल्द्वानी के अधिवक्ता ने पुलिस से की पोस्ट हटाने और केस दर्ज करने की मांग

Nainital: A person posted a photo of themselves in police uniform on Facebook, labeling Kainchi Dham and Baba Neem Karoli as ‘superstition.’ A lawyer from Haldwani has demanded that the police remove

हल्द्वानी।

कैंची धाम और बाबा नीम करौली महाराज को लेकर फेसबुक पर की गई एक विवादित पोस्ट के बाद हल्द्वानी में पुलिस से शिकायत की गई है।

 

शिकायतकर्ता अधिवक्ता हिमांशु सिन्हा ने फेसबुक आईडी ‘अनिल कुमार मीना’ से की गई पोस्ट को धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला बताते हुए पुलिस से प्राथमिकी दर्ज करने, पोस्ट हटवाने और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

 

पुलिस अधीक्षक को दी गई शिकायत में कहा गया है कि 6-7 अक्टूबर 2026 के दौरान फेसबुक पर एक पोस्ट साझा की गई, जिसमें कैंची धाम, बाबा नीम करौली महाराज और वहां पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को लेकर आपत्तिजनक एवं टिप्पणीपूर्ण बातें लिखी गई हैं। शिकायतकर्ता के मुताबिक पोस्ट में कैंची धाम में बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या को लेकर इसे कथित तौर पर ‘चमत्कार और शक्तियों की झूठी कहानी’ हनुमान अंश फिल्म के जरिए खड़ा किया गया व्यवसाय बताया गया।

 

पोस्ट में बाबा नीम करौली महाराज की तुलना अन्य चर्चित धार्मिक संतों और धार्मिक स्थलों से करते हुए यह दावा भी किया गया कि समय के साथ लोगों की आस्था के केंद्र बदलते रहते हैं। पोस्ट में श्रद्धालुओं की आस्था पर भी टिप्पणी करते हुए मृत व्यक्ति और मूर्ति से मदद की उम्मीद करने को अंधविश्वास बताया गया है।

विवादित पोस्ट में आगे विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में अमेरिका, चीन, जापान और इजराइल की प्रगति का उल्लेख करते हुए भारत में नए-नए बाबाओं के सामने आने पर टिप्पणी की गई है। पोस्ट में धार्मिक आस्था और वैज्ञानिक सोच को लेकर लेखक ने अपनी राय व्यक्त की है।

शिकायतकर्ता हिमांशु सिन्हा का आरोप है कि इस तरह की टिप्पणी से बाबा नीम करौली महाराज में आस्था रखने वाले श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने शिकायत में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत कार्रवाई की मांग की है। साथ ही विवादित पोस्ट को सोशल मीडिया से हटवाने का अनुरोध भी किया गया है। शिकायत में फेसबुक अकाउंट संचालक को राजस्थान निवासी बताया गया है।