Awaaz24x7-government

उत्तराखण्डः बंजी जंपिंग के दौरान भयावह हादसा! हवा में कूदते ही टूटी रस्सी, छत पर गिरा पर्यटक

Uttarakhand: Horrific accident during bungee jumping! Rope breaks as tourist jumps, lands on roof

ऋषिकेश। उत्तराखण्ड में बंजी जंपिंग के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया।  यहां ऋषिकेश के शिवपुरी स्थित थ्रिल फैक्ट्री एडवेंचर पार्क में एक पर्यटक बंजी जंपिंग के लिए हाइट से जंप कर रहा था, तभी अचानक रस्सी टूट गई और पर्यटक नीचे गिर गया। हादसे में पर्यटक घायल हो गया। इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। लोगों का आरोप है कि सुरक्षा मानकों का बिल्कुल भी पालन नहीं किया गया था। जानकारी के अनुसार बुधवार, 12 नवंबर की शाम गुड़गांव निवासी 24 वर्षीय सोनू कुमार साहसिक खेलों का लुत्फ उठाने के लिए शिवपुरी पहुंचे थे। उन्होंने थ्रिल फैक्ट्री नाम की बंजी जंपिंग कंपनी पहुंचकर बंजी जंपिंग की। तभी जंप करने के दौरान रस्सी टूट गई और वह नीचे गिर गया। घायल अवस्था में सोनू को एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया, जहां पर उपचार जारी है। वहीं दुर्घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। बंजी जंपिंग के दौरान रस्सी टूटने के बाद युवक टिन की छत पर गिरा। वहीं घायल युवक एक यूटयूब व्लॉगर बताया जा रहा है, जो प्रमोशन वीडियो बनाने के लिए आया हुआ था। हादसे के बाद स्थानीय लोग और पर्यावरण प्रेमी लगातार बंजी जंपिंग कंपनी, उसके स्टाफ पर भी कई तरह के सवाल खड़े कर रहे हैं। वहीं बंजी जंपिंग कंपनी के जनरल मैनेजर राजेश ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि बंजी जंपिंग इंटरनेशनल स्टैंड के अनुसार लगी है। बंजी जंपिंग एक एडवेंचर गेम है, ऐसे में इसमें 1 परसेंट चांस घटना का रहता है। लेकिन इससे किसी को डरने की जरूरत नहीं है क्योंकि इसमें सभी सुरक्षा मानकों का पालन किया जाता है। फिलहाल घटना पर जांच की जा रही है।