Aug 27, 2026 Login

उत्तराखण्डः रुद्रपुर पहुंचे सीएम धामी! ज्ञापन देने जा रहे पूर्व विधायक ठुकराल समर्थकों समेत हिरासत में, जिला अस्पताल में डॉक्टरों की कमी पर गरमाई सियासत

Uttarakhand: CM Dhami arrives in Rudrapur! Former MLA Thukral detained along with his supporters while on his way to submit a memorandum; politics heats up over the shortage of doctors at the distric

रुद्रपुर। उधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू जिला चिकित्सालय में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी का मुद्दा गुरुवार को राजनीतिक रूप लेता नजर आया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के रुद्रपुर दौरे के दौरान जिला अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं से जुड़ा ज्ञापन उन्हें सौंपने जा रहे पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल को पुलिस ने उनके समर्थकों समेत हिरासत में ले लिया। ठुकराल का कहना था कि वह जिला अस्पताल में डॉक्टरों की कमी और इसके कारण मरीजों को हो रही परेशानियों को मुख्यमंत्री के सामने रखना चाहते थे। उनका उद्देश्य किसी तरह का विरोध या मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में व्यवधान पैदा करना नहीं था। दरअसल, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गुरुवार को रुद्रपुर में आयोजित ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल अपने समर्थकों के साथ मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें जिला अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं से संबंधित ज्ञापन सौंपने जा रहे थे। पुलिस को इसकी जानकारी मिली तो कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए उन्हें रास्ते में ही रोक लिया गया। इसके बाद पुलिस ने ठुकराल और उनके समर्थकों को हिरासत में ले लिया। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने जिला अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी को गंभीर जनहित का विषय बताया। उनका कहना था कि पंडित जवाहरलाल नेहरू जिला चिकित्सालय उधम सिंह नगर का प्रमुख सरकारी अस्पताल है। यहां रुद्रपुर के अलावा जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में अस्पताल में पर्याप्त संख्या में विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध नहीं होने से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ठुकराल के अनुसार, विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी के चलते कई मरीजों को बेहतर उपचार के लिए दूसरे बड़े अस्पतालों में रेफर करना पड़ता है। इससे मरीजों और उनके परिजनों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है। साथ ही इलाज के लिए दूसरे शहरों तक जाने में समय और संसाधन भी खर्च होते हैं। उन्होंने सरकार से जिला अस्पताल में रिक्त विशेषज्ञ चिकित्सकों के पदों को जल्द भरने की मांग की। पूर्व विधायक ने कहा कि वह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर अस्पताल की स्थिति से उन्हें अवगत कराना चाहते थे। उनका कहना था कि यह किसी राजनीतिक प्रदर्शन का हिस्सा नहीं था, बल्कि अस्पताल की व्यवस्था और आम मरीजों से जुड़ी समस्या को सरकार के सामने रखने का प्रयास था। ठुकराल ने कहा कि जिला अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता पर्याप्त होना बेहद जरूरी है। जिले के दूरदराज क्षेत्रों से लोग सरकारी अस्पताल में इस उम्मीद के साथ पहुंचते हैं कि उन्हें वहीं बेहतर और विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा मिल सके। लेकिन चिकित्सकों की कमी के कारण उन्हें कई बार दूसरे अस्पतालों का रुख करना पड़ता है। उन्होंने सरकार से मांग की कि जिला अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों के खाली पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरा जाए, ताकि मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। राजकुमार ठुकराल, पूर्व विधायक, ने कहा कि डॉक्टरों की कमी सीधे तौर पर आम जनता और मरीजों के हित से जुड़ा विषय है और सरकार को इस पर तत्काल निर्णय लेना चाहिए।

बारिश के बीच रुद्रपुर पहुंचे मुख्यमंत्री धामी
उधर, गुरुवार को बारिश के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रुद्रपुर पहुंचे। उन्होंने जेसीज पब्लिक स्कूल ग्राउंड में आयोजित ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। बारिश के बावजूद मुख्यमंत्री निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार स्कूल परिसर पहुंचे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस की ओर से पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई थी। मुख्यमंत्री के स्कूल परिसर में पहुंचने पर वहां मौजूद विद्यार्थियों ने उनका अभिवादन किया। मुख्यमंत्री ने भी विद्यार्थियों का अभिवादन स्वीकार किया। कार्यक्रम स्थल की ओर जाते समय उन्होंने बच्चों से हाथ मिलाया, जिसके बाद विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। एक तरफ मुख्यमंत्री का कार्यक्रम विद्यार्थियों और युवाओं से संवाद को लेकर केंद्रित रहा, वहीं दूसरी तरफ जिला अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी का मुद्दा राजनीतिक चर्चा का केंद्र बन गया। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल की हिरासत ने इस मुद्दे को और सुर्खियों में ला दिया।