उत्तराखण्ड बोर्ड रिजल्टः टैक्सी ड्राइवर की बेटी बनी टॉपर! वंशिका ने 97 प्रतिशत अंक लाकर इंटर में हासिल किया तीसरा स्थान, सीमित संसाधनों में मेहनत और लगन से रचा इतिहास

Uttarakhand Board Results: Taxi driver's daughter tops the exam! Vanshika secured third place in Intermediate with 97% marks, creating history through hard work and dedication despite limited resourc

हरिद्वार। हरिद्वार की बेटी वंशिका ने अपनी कड़ी मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर वह मुकाम हासिल किया है, जो हर छात्र का सपना होता है। उत्तराखंड बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में वंशिका ने 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पूरे प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। वंशिका के पिता एक टैक्सी चालक हैं, जो दिन-रात मेहनत कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपनी बेटी की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। उधर वंशिका ने भी पिता की मेहनत को समझते हुए पूरे समर्पण के साथ पढ़ाई की और आज अपने परिवार को गर्व महसूस कराने का मौका दिया। आज जैसे ही उत्तराखंड बोर्ड का परिणाम घोषित हुआ, वंशिका के घर में खुशी का माहौल छा गया। माता-पिता के चेहरे पर गर्व और संतोष साफ नजर आया।
वंशिका सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज मायापुर की छात्रा हैं, जहां शिक्षकों और सहपाठियों ने भी उनकी इस सफलता पर खुशी जताई और बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया। वंशिका की कहानी यह साबित करती है कि सफलता केवल संसाधनों पर निर्भर नहीं होती, बल्कि मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प से भी बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं। जब उनके पिता रोज़ सड़कों पर मेहनत कर रहे थे, तब वंशिका अपने सपनों को साकार करने के लिए लगातार पढ़ाई में जुटी रहीं। वंशिका का सपना आगे चलकर शिक्षा के क्षेत्र में करियर बनाना है। वह एक शिक्षक बनकर समाज में योगदान देना चाहती हैं और अन्य बच्चों को भी शिक्षा के प्रति प्रेरित करना चाहती हैं।