उत्तराखण्ड: बागेश्वर में फिर आया भूकंप! दहशत में घरों से बाहर निकले लोग, 24 घंटे में चौथी बार हुई हलचल

Uttarakhand: Another earthquake strikes Bageshwar! People flee their homes in panic, the fourth earthquake in 24 hours.

बागेश्वर। उत्तराखण्ड के बागेश्वर में एक बार फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। सोमवार देर शाम एक बार फिर रिक्टर स्केल पर 2.5 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस हुए। भूकंप का केंद्र कपकोट तहसील के सूपी के समीपवर्ती क्षेत्र में जमीन के भीतर पांच किलोमीटर की गहराई पर था। लगातार आ रहे इन झटकों से सीमांत क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार सोमवार शाम 6:26 बजे अचानक धरती हिलने से लोग दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए। इससे पहले बीते रविवार को भी जिले में तीन बार भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए थे। 24 घंटे के भीतर चौथी बार आए इस झटके ने प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को भी अलर्ट मोड पर ला दिया है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि जिले के किसी भी हिस्से से जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है। सभी तहसीलों से रिपोर्ट ली जा रही है और आपदा प्रबंधन टीम पूरी तरह सतर्क है। फिलहाल लगातार आ रहे भूकंप से लोगों में दहशत देखने को मिल रही है। दरअसल, पृथ्वी की चार प्रमुख परतें हैं, जिसे इनर कोर, आउटर कोर, मेंटल और क्रस्ट कहते हैं। जानकारी के अनुसार, पृथ्वी के नीचे मौजूद प्लेट्स घूमती रहती हैं, जिसके आपस में टकराने पर पृथ्वी की सतह के नीचे कंपन शुरू होता है। जब ये प्लेट्स अपनी जगह से खिसकती हैं तो भूकंप के झटके महसूस किए जाते हैं। इस जगह पर सबसे ज्यादा भूकंप का असर रहता है। हालांकि, भूकंप की तीव्रता अगर ज्यादा होती है तो इसके झटके काफी दूर तक महसूस किए जाते हैं।