उत्तराखण्डः रसूखदार ने महिला चौकी इंचार्ज से की अभद्रता! पुलिस ने लिया बड़ा एक्शन, हुई गिरफ्तारी

Uttarakhand: An influential man misbehaved with a female police station in-charge! Police took serious action and arrested him.

हल्द्वानी। नैनीताल जिले में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाला एक मामला सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। हल्द्वानी के भोटिया पड़ाव चौकी क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान महिला चौकी इंचार्ज से कथित अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में पुलिस ने आरोपी लवजीत सिंह, निवासी लालकुआं को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद पूरे शहर में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और पुलिस की त्वरित कार्रवाई को लेकर व्यापक चर्चा हो रही है। जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिलेभर में संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में हल्द्वानी के भोटिया पड़ाव क्षेत्र में पुलिस टीम नियमित वाहन जांच कर रही थी। चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक लग्जरी कार को रोका, जिसके शीशों पर नियमों के विरुद्ध काली फिल्म चढ़ी हुई थी। ड्यूटी पर तैनात महिला चौकी इंचार्ज ने नियमानुसार कार की जांच की और वाहन से काली फिल्म हटवाने की कार्रवाई शुरू की। आरोप है कि इस कार्रवाई से कार स्वामी लवजीत सिंह नाराज हो गया और उसने मौके पर ही महिला अधिकारी के साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने न केवल सरकारी कार्य में बाधा डाली, बल्कि महिला चौकी इंचार्ज को धमकाने का भी प्रयास किया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए दबाव बनाने की कोशिश की और अपने प्रभाव का हवाला देकर पुलिस टीम को डराने.धमकाने की कोशिश की। घटना के बाद महिला चौकी इंचार्ज ने पूरे मामले की लिखित तहरीर पुलिस अधिकारियों को सौंपी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर लिया और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर हिरासत में ले लिया। घटना के बाद एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट और कड़ा संदेश जारी किया है। उन्होंने कहा कि ड्यूटी पर तैनात किसी भी पुलिसकर्मी या लोकसेवक के साथ अभद्रता या सरकारी कार्य में व्यवधान डालने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी व्यक्ति को कानून से ऊपर समझने की भूल नहीं करनी चाहिए।